Himachal News: ऊना जिला पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में चार आरोपियों को चिट्टे (हेरोइन) और नशा सेवन में इस्तेमाल होने वाली सामग्री के साथ गिरफ्तार किया है।

पहले मामले में पुलिस थाना मैहतपुर की टीम ने हेड कांस्टेबल राकेश कुमार के नेतृत्व में इंडस्ट्रियल एरिया मैहतपुर में नाकेबंदी के दौरान एक पंजाब नंबर की संदिग्ध कार को जांच के लिए रोका। कार में कांगड़ा जिले की रक्कड़ तहसील के निवासी मुनीष कुमार उर्फ मनु, युद्धवीर सिंह और राहुल शर्मा सवार थे। पुलिस द्वारा कार की गहन तलाशी लेने पर गाड़ी में बैठे मुनीष कुमार के पैरों के समीप से 0.88 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके अलावा मौके से नशा करने में प्रयुक्त रोल किया हुआ 20 रुपये का जला नोट, सिल्वर फॉयल पेपर का टुकड़ा और एक लाइटर भी जब्त किया गया।

दूसरे मामले में एएसआई गुरदास राम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने देहलां क्षेत्र में नाकेबंदी और चेकिंग अभियान चलाया हुआ था। इस दौरान पुलिस ने एक स्कूटी सवार को रोककर उसकी तलाशी ली। आरोपी की पहचान गुलजारी लाल, निवासी वार्ड नंबर-5, चौरासी पौड़ियों वाला बाजार, ऊना के रूप में हुई है। पुलिस को तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 1.12 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ, जिसके बाद उसे तुरंत हिरासत में ले लिया गया।

संबंधित समाचार

मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए एसपी सचिन हीरेमठ ने बताया कि चारों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मामले दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अब इन नशा तस्करों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे यह नशा कहां से लाए थे और किसे सप्लाई करने जा रहे थे।

 

Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को  फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe  करें।