Himachal News: पिकअप से टकराई बाइक, 26 वर्षीय युवक की मौत; एक गंभीर
Himachal News: पांवटा साहिब-शिलाई राष्ट्रीय राजमार्ग-70 पर किशनकोट के समीप राजबन क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस दुर्घटना में बाइक पर पीछे बैठा दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद नाजुक हालत में सिविल अस्पताल पांवटा साहिब से हायर सेंटर रेफर किया गया है। मृतक की पहचान 26 वर्षीय विकेश, पुत्र रंगी लाल, निवासी मालगी (राजबन) के रूप में हुई है, जबकि घायल युवक की पहचान गौरव (18), निवासी सिरमौरी ताल के तौर पर की गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक की रफ्तार काफी तेज थी और अनियंत्रित होने के कारण वह आगे चल रही पिकअप से सीधे जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक सड़क पर गिरकर लहुलूहान हो गए। हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को संभाला।
दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय निवासियों की मदद से गंभीर रूप से घायल गौरव को पांवटा साहिब स्थित सिविल अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति और अंदरूनी चोटों को देखते हुए प्राथमिक उपचार के तुरंत बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहीं, हादसे में जान गंवाने वाले विकेश के परिजनों को सूचित कर दिया गया है, जिससे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जांच में जुटी पुलिस
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी पांवटा साहिब मानवेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और वाहनों की टक्कर के वास्तविक कारणों की तकनीकी जांच की जा रही है।
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे फेसबुक पेज Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।
टिप्पणियाँ (0)