कुमारसैन के जबलपुर गांव में दर्दनाक हादसा: सेब तोड़ते समय पेड़ से गिरे बागवान की मौत, इलाके में शोक
Himachal News: शिमला जिला के उपमंडल कुमारसैन में सेब के बगीचे में काम करते समय एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। जबलपुर (जरोल) गांव में सेब तोड़ते समय पेड़ से नीचे गिरकर 62 वर्षीय बागीचा मालिक जीवानंद की मौत हो गई। इस दुखद घटना के बाद पूरे इलाके और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा सोमवार सुबह लगभग 10:30 बजे पेश आया। जीवानंद अपने बेटे अजय के साथ बगीचे में सेब की तुड़ान कर रहे थे। इसी दौरान अचानक पेड़ की एक मजबूत टहनी टूट गई, जिससे जीवानंद अनियंत्रित होकर सीधे कठोर जमीन पर आ गिरे। हादसे के तुरंत बाद परिजन उन्हें एम्बुलेंस के माध्यम से कोटगढ़ अस्पताल ले गए, जहां तैनात चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का मुआयना किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। परिजनों ने इस अकाल मृत्यु पर किसी भी प्रकार का संदेह व्यक्त नहीं किया है।
पुलिस द्वारा शव का कुमारसैन अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया गया, जिसके बाद उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है।
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।
टिप्पणियाँ (0)