भराड़ी से दूध देने गई 17 वर्षीय किशोरी रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता: परिजनों की तलाश नाकाम, पुलिस ने दर्ज किया मामला
Himachal News: बिलासपुर जिले के पुलिस थाना भराड़ी के अंतर्गत एक गांव से 17 वर्षीय नाबालिग लड़की के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। किशोरी घर से दूध देने के लिए निकली थी, जिसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं लग पाया है। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
दर्ज शिकायत के अनुसार, किशोरी के भाई ने बताया कि उसकी 17 वर्षीय बहन रोजमर्रा की तरह पास ही दूध देने गई थी। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह घर नहीं लौटी, तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई।
परिजनों ने तुरंत अपने स्तर पर आसपास के क्षेत्रों, सहेलियों और संभावित रिश्तेदारों के घरों में किशोरी की तलाश की। हर जगह पूछताछ के बावजूद जब उसका कोई अता-पता नहीं चला, तो भाई ने भराड़ी थाने में पहुंचकर गुमशुदगी की औपचारिक शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस अधीक्षक (SP) बिलासपुर अभिषेक धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि परिजनों की शिकायत पर नियमानुसार मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें किशोरी की खोजबीन के लिए संभावित ठिकानों, मोबाइल लोकेशन और स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटा रही हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही नाबालिग को सुरक्षित बरामद कर परिजनों के हवाले किया जाएगा।
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।
टिप्पणियाँ (0)