Hamirpur News: हरे-भरे जंगलों में कचरा फेंकने वालों की अब खैर नहीं, बिझड़ी पंचायत के उपप्रधान ने कचरे के ढेर में उतरकर जुटाए सुबूत; लगेगा 5,000 रुपये जुर्माना
Hamirpur News: उपमंडल बड़सर के अंतर्गत ढटवाल क्षेत्र में सड़कों के किनारे हरे-भरे जंगलों को डंपिंग साइट बनाने वालों के खिलाफ बिझड़ी पंचायत ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। जंगलों में अवैध रूप से कूड़ा-कचरा फेंककर पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वालों पर नकेल कसने के लिए पंचायत ने सख्त कार्रवाई का फैसला लिया है। अब ऐसे लोगों की पहचान कर न केवल उन्हें सार्वजनिक चेतावनी दी जाएगी, बल्कि पकड़े जाने पर 5,000 रुपये का जुर्माना भी ठोका जाएगा।
प्रशासन के तमाम जागरूकता अभियानों और स्वच्छता पहलों के बावजूद लोग वाहनों में भरकर कचरा जंगलों में उड़ेल रहे हैं, जिससे पर्यावरण प्रदूषण के साथ-साथ वन्यजीवों पर भी गंभीर संकट मंडराने लगा है।
कचरे के ढेर में उतरकर उपप्रधान ने खंगाले बिल और दस्तावेज, जुटाए सुबूत
इस गंभीर समस्या से निपटने के लिए बिझड़ी पंचायत के उपप्रधान संजय शर्मा ने जमीनी स्तर पर मोर्चा संभाला। वे गारली-बिझड़ी मार्ग पर जंगल में लगे कचरे के ढेर के बीच खुद नीचे उतरे और वहां बिखरे कचरे की सघन तलाशी लेकर फेंकने वालों के पुख्ता सुबूत एकत्रित किए। कचरे से मिले बिलों, पर्चियों और दस्तावेजों के आधार पर लापरवाह लोगों की शिनाख्त की गई।
उपप्रधान ने स्पष्ट किया कि पंचायत क्षेत्र में घर-घर से प्लास्टिक कचरा उठाने की व्यवस्था की गई है और बाजारों की नियमित सफाई के लिए विशेष सफाई कर्मचारी भी तैनात हैं। इसके बावजूद नियमों की धज्जियां उड़ाकर जंगलों में कचरा फेंकना कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
गलती मानने वालों को पहली चेतावनी, नहीं सुधरे तो होगी कार्रवाही
संजय शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मिले सुबूतों के आधार पर संबंधित लोगों को बुलाकर सख्त मौखिक चेतावनी दी गई है, जिस पर कई लोगों ने अपनी भूल स्वीकार करते हुए भविष्य में ऐसा न करने का लिखित व मौखिक भरोसा दिया है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि यदि लोग अपनी आदत में सुधार नहीं लाते हैं, तो पंचायत अपने कानूनी अधिकारों का उपयोग करते हुए सीधे 5,000 रुपये का जुर्माना लगाएगी। इसके अलावा ऐसे सभी नियम तोड़ने वालों की विस्तृत सूची तैयार कर आगामी कानूनी कार्रवाई के लिए एसडीएम बड़सर को सौंपी जाएगी।
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे फेसबुक पेज Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।
टिप्पणियाँ (0)