Hamirpur News: सिर्फ डिग्री-मार्क्स के पीछे न भागें, समस्याओं के हल और रिसर्च पर काम करें युवा, हमीरपुर में बोले तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी
Hamirpur News: नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को जीवन में नया दृष्टिकोण अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने दो टूक कहा कि युवा केवल डिग्रियों और अंकों तक सीमित न रहें, बल्कि इनोवेशन, रिसर्च, उद्यमिता और समकालीन समस्याओं के ठोस समाधान खोजने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाएं।
एनआईटी हमीरपुर के सभागार में मिनर्वा स्टडी सर्कल के टैलेंट सर्च एग्जाम-2026 ‘हिल क्वैस्ट’ के मेरिट होल्डरों के लिए भव्य राज्य स्तरीय पुरस्कार वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए राजेश धर्माणी ने प्रदेश भर से पहुंचे प्रतिभाशाली विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को संबोधित करते हुए स्पष्ट किया कि रिसर्च और नवाचार की मजबूत नींव पर ही भारत एक विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित हो सकता है।
समस्याओं का हल न निकालने वाली डिग्री का कोई मोल नहीं
तकनीकी शिक्षा मंत्री ने दो टूक शब्दों में कहा कि यदि अर्जित ज्ञान और डिग्रियों का उपयोग समाज व देश की वास्तविक समस्याओं को सुलझाने में नहीं हो पा रहा है, तो ऐसी औपचारिक शिक्षा का कोई औचित्य नहीं रह जाता। आज देश को ऐसे दक्ष और दूरदर्शी मानव संसाधन की सख्त जरूरत है जो प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जा सके।
एआई के अंधानुकरण से बचें
आधुनिक दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और अत्याधुनिक तकनीकों की चर्चा करते हुए धर्माणी ने विद्यार्थियों को सचेत किया कि वे इन डिजिटल टूल्स का सदुपयोग अपनी क्षमता संवर्धन के लिए करें, लेकिन इन पर पूरी तरह निर्भर न हों। तकनीक के अंधानुकरण से युवाओं की मौलिक सोच, रचनात्मकता और नवाचार की क्षमता प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
असफलता से डरे बिना रचनात्मक सोच से आगे बढ़ें
मंत्री ने छात्रों को जीवन में असफलताओं से विचलित न होने का संदेश देते हुए कहा कि निरंतर परिश्रम और सकारात्मक सोच ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने प्रदेश सरकार के शिक्षा सुधारों का उल्लेख करते हुए बताया कि राज्य में सीबीएसई पैटर्न के स्कूल खोले गए हैं ताकि सामान्य व ग्रामीण पृष्ठभूमि के बच्चे भी महंगे कॉन्वेंट स्कूलों के छात्रों से बराबरी से मुकाबला कर सकें। साथ ही मेधावी विद्यार्थियों को शैक्षणिक भ्रमण और विदेशों के एक्सपोजर टूर पर भेजकर उनके ज्ञान का दायरा बढ़ाया जा रहा है।
‘हिल क्वैस्ट-2026’ के मेरिट होल्डरों को किया सम्मानित
समारोह के दौरान तकनीकी शिक्षा मंत्री ने मिनर्वा स्टडी सर्कल के टैलेंट सर्च एग्जाम-2026 ‘हिल क्वैस्ट’ में प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले होनहार छात्र-छात्राओं और उनके मार्गदर्शक शिक्षकों को स्मृति चिह्न एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने संस्थान द्वारा मेधावी प्रतिभाओं को तराशने के प्रयासों की मुक्तकंठ से सराहना की।
इससे पूर्व संस्थान के संचालक राकेश चंदेल, प्रवेश चंदेल और उनकी टीम ने मुख्य अतिथि राजेश धर्माणी सहित अन्य गणमान्य अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया और संस्थान की शैक्षणिक उपलब्धियों का विस्तृत ब्योरा प्रस्तुत किया।
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे फेसबुक पेज Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।
टिप्पणियाँ (0)