JEE Mains 2027: जेईई मेन्स सत्र-1 के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू, ऐसे करें आवेदन
JEE Mains 2027: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने संयुक्त प्रवेश परीक्षा (JEE Main 2027) के प्रथम सत्र के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया आधिकारिक रूप से शुरू कर दी है। इंजीनियरिंग और तकनीकी पाठ्यक्रमों में दाखिले के इच्छुक अभ्यर्थी एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना ऑनलाइन आवेदन पत्र भर सकते हैं।
एनटीए द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार जेईई मेन्स 2027 की परीक्षाएं दो सत्रों (जनवरी और अप्रैल) में कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में आयोजित की जाएंगी। उम्मीदवार अपनी सुविधा अनुसार दोनों अथवा किसी एक सत्र की परीक्षा के लिए पंजीकरण करवा सकते हैं।
JEE Mains 2027: आवेदन की महत्वपूर्ण तिथियां और सुधार का मौका
सत्र-1 के लिए बिना विलंब शुल्क ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 22 नवंबर निर्धारित की गई है। इसके बाद 23 नवंबर से 26 नवंबर तक विलंब शुल्क के साथ फॉर्म भरने का अवसर मिलेगा। अभ्यर्थियों को अपने आवेदन पत्र में गलतियों को सुधारने के लिए 27 से 29 नवंबर तक करेक्शन विंडो की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। पहले सत्र के लिए परीक्षा शहर की सूचना पर्ची (Exam City Slip) 30 दिसंबर 2026 को जारी होने की संभावना है।
परीक्षा सत्र और महत्वपूर्ण तिथियों का पूरा शेड्यूल
पहले सत्र की परीक्षाएं 20, 21, 22, 23, 24 और 28 जनवरी 2027 को देश-विदेश के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएंगी। वहीं दूसरे सत्र (सेशन-2) की परीक्षाएं 2, 3, 4, 5, 6 और 7 अप्रैल 2027 को संचालित होंगी।
दूसरे सत्र के लिए आवेदन प्रक्रिया 5 जनवरी से 3 फरवरी 2027 तक चलेगी। विलंब शुल्क के साथ अभ्यर्थी 4 से 7 फरवरी 2027 तक फॉर्म जमा कर सकेंगे, जबकि 8 से 10 फरवरी 2027 तक आवेदन फॉर्म में सुधार का अवसर दिया जाएगा।
13 क्षेत्रीय भाषाओं में परीक्षा, वर्गवार आवेदन शुल्क
जेईई मेन्स परीक्षा का आयोजन अंग्रेजी और हिंदी सहित कुल 13 क्षेत्रीय भाषाओं (असमिया, बंगाली, गुजराती, कन्नड़, मलयालम, मराठी, ओडिया, पंजाबी, तमिल, तेलुगू और उर्दू) में किया जाएगा।
आवेदन शुल्क के तहत सामान्य वर्ग के पुरुष अभ्यर्थियों के लिए 1,000 रुपये और महिला अभ्यर्थियों के लिए 800 रुपये निर्धारित किए गए हैं। सामान्य ईडब्ल्यूएस (EWS) वर्ग के पुरुषों के लिए 900 रुपये और महिलाओं के लिए 800 रुपये फीस रखी गई है। अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और दिव्यांग वर्ग के पुरुष एवं महिला अभ्यर्थियों को 500 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा।
ऐसे करें आवेदन
इच्छुक अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर जेईई मेन्स 2027 सत्र-1 के ऑनलाइन आवेदन लिंक पर क्लिक करें। अपने वैध मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी के माध्यम से नया पंजीकरण पूरा करें। इसके बाद लॉगिन क्रेडेंशियल दर्ज कर व्यक्तिगत और शैक्षणिक विवरण भरें। निर्धारित आकार और प्रारूप में अपने आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने के बाद श्रेणी अनुसार परीक्षा शुल्क का ऑनलाइन भुगतान कर फॉर्म सबमिट करें। भविष्य के संदर्भ के लिए भरे हुए फॉर्म का प्रिंटआउट सुरक्षित रख लें।
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे फेसबुक पेज Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।
टिप्पणियाँ (0)