Una News: ऊना जिले के उपमंडल अम्ब में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन के समीप नगर पंचायत अम्ब के वार्ड नंबर-8 में स्थित एक मकान में दबिश देकर मां-बेटे सहित तीन लोगों को 17.68 ग्राम चिट्टे (हेरोइन) के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वार्ड नंबर-8 में स्थित एक घर में लंबे समय से नशीले पदार्थों की अवैध खरीद-फरोख्त की जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए मंगलवार शाम को थाना प्रभारी अम्ब विपिन कुमार के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया और चिन्हित मकान पर अचानक छापेमारी की गई। घर की बारीकी से ली गई तलाशी के दौरान पुलिस को 17.68 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।

 

पकड़े गए आरोपियों की हुई पहचान

मौके से गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान निशांत (32 वर्ष) और उसकी माता रंजना देवी (58 वर्ष) दोनों निवासी वार्ड नंबर-8 नगर पंचायत अम्ब तथा विशाल (30 वर्ष) निवासी वार्ड नंबर-3 अम्ब के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर तीनों आरोपियों को तुरंत हिरासत में ले लिया।

संबंधित समाचार

 

कोर्ट में पेशी और बैकवर्ड-फॉरवर्ड लिंकेज की जांच

मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी अम्ब अनिल पटियाल ने बताया कि तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जाएगी ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह चिट्टा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किन्हें की जानी थी। पुलिस इस ड्रग नेटवर्क के मुख्य सरगना और इसमें शामिल अन्य तस्करों तक पहुंचने के लिए बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की बारीकी से जांच कर रही है।


Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को  फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe  करें।