शिमला में पिकअप समेत पिता-पुत्री रहस्यमयी ढंग से लापता: ओगली के पास शीशा टूटी लावारिस गाड़ी बरामद, परिजनों ने जताई अपहरण की आशंका
Himachal News:जिला शिमला के तहत पुलिस चौकी जलोग के अधिकार क्षेत्र से पिता और 18 वर्षीय पुत्री के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। दोनों अपनी पिकअप गाड़ी में सवार होकर निकले थे, जो बाद में सड़क किनारे लावारिस हालत में बरामद हुई है। गाड़ी की कंडक्टर साइड की खिड़की का शीशा टूटा हुआ मिलने से परिजनों ने अनहोनी और अपहरण की आशंका जताई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
पंदोआ पहुंचने के बाद बंद हो गया फोन
पुलिस को दी गई शिकायत में सुनीता देवी ने बताया कि उनके पति कुलदीप और 18 वर्षीय बेटी स्नेहा 12 सितंबर की शाम अपनी पिकअप गाड़ी में सवार होकर कुमारसैन की ओर रवाना हुए थे। देर रात करीब 1:30 बजे उनके पति का फोन आया, जिसमें उन्होंने बताया कि वे पंदोआ पहुंच चुके हैं। हालांकि, उस संक्षिप्त बातचीत के तुरंत बाद उनका मोबाइल फोन स्विच ऑफ हो गया और उनसे संपर्क पूरी तरह टूट गया।
ओगली के पास लावारिस मिली गाड़ी, टूटा था शीशा
रातभर कोई संपर्क न होने और अगली सुबह तक घर न लौटने पर परिजनों ने दोनों की तलाश शुरू की। दिनभर की छानबीन के दौरान उनकी पिकअप गाड़ी ओगली गांव के समीप सड़क किनारे सुनसान जगह पर लावारिस खड़ी मिली। परिजनों ने जब गाड़ी के पास जाकर देखा, तो कंडक्टर साइड की खिड़की का शीशा टूटा हुआ पाया गया, जबकि दोनों का कोई सुराग नहीं मिला।
अपहरण और अवैध हिरासत की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
गाड़ी की संदिग्ध स्थिति को देखते हुए परिजनों ने दोनों को जबरन अवैध हिरासत में रखे जाने अथवा अपहरण किए जाने का गंभीर संदेह व्यक्त किया है। जलोग पुलिस चौकी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस की टीमें दोनों के मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड लास्ट लोकेशन और आसपास के मुख्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने में जुट गई हैं।
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।
टिप्पणियाँ (0)