Himachal News: कुटलैहड़ के बिहडु में 2.47 करोड़ से बने उप-तहसील भवन का लोकार्पण, सीएम सुक्खू ने दी करोड़ों की सौगातें
Himachal News: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जिला ऊना के कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के बिहडु में 2.47 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित उप-तहसील कार्यालय भवन का शिमला से वर्चुअल माध्यम द्वारा लोकार्पण किया। नए भवन के शुरू होने से क्षेत्र की जनता को भूमि, प्रमाण पत्र और अन्य राजस्व संबंधी कार्यों के लिए दूर-दराज के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के लिए जारी विभिन्न विकास योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने मटियाणा और बंगाणा के बीच पुल निर्माण के लिए 5 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। इसके साथ ही क्षेत्र में पेयजल संकट को दूर करने के लिए 15 करोड़ रुपये की लागत से तुरकाल-पंगा पेयजल आपूर्ति योजना का निर्माण कार्य तेज गति से चल रहा है।
सड़क नेटवर्क के सुदृढ़ीकरण पर 33 करोड़ से अधिक मंजूर
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण आर्थिकी को मजबूती देने के लिए सड़क अधोसंरचना को प्राथमिकता दी जा रही है। इसी कड़ी में लठियाणी-कोडरा सड़क के लिए 8.36 करोड़ रुपये, बंगाणा-शांतला सड़क के सुदृढ़ीकरण के लिए 12 करोड़ रुपये तथा हटली-तलपी सड़क निर्माण के लिए 13 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इन सड़कों के बन जाने से क्षेत्र के दर्जनों गांवों की आवाजाही सुगम होगी और व्यापारिक गतिविधियों को बल मिलेगा।
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे फेसबुक पेज Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।
टिप्पणियाँ (0)