शिक्षा मंत्री ने जुब्बल के पर्वतारोही सचिन गांगटा को किया सम्मानित, 21 दिन में 6,000 मीटर से ऊंची 25 चोटियां फतह कर बढ़ाया हिमाचल का गौरव
Shimla News: शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने सोमवार को जुब्बल के कठासू निवासी युवा पर्वतारोही सचिन गांगटा को पर्वतारोहण के क्षेत्र में उनकी असाधारण उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि सचिन गांगटा जैसे युवा अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प से न केवल हिमाचल प्रदेश, बल्कि पूरे देश का नाम रोशन कर रहे हैं और उनकी उपलब्धियां युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि आज युवाओं में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है, ऐसे समय में सचिन जैसे युवाओं की उपलब्धियां सकारात्मक सोच, साहस और दृढ़ इच्छाशक्ति का उदाहरण प्रस्तुत करती हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर अपनी ऊर्जा को खेल, शिक्षा, साहसिक गतिविधियों और रचनात्मक कार्यों में लगाएं तथा जीवन में सकारात्मक लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करें।
21 दिनों में फतह कीं 6,000 मीटर से ऊंची 25 चोटियां
गौरतलब है कि पर्वतारोही सचिन गांगटा और उनकी टीम ने सितंबर 2026 में लद्दाख के दुर्गम चांगथांग क्षेत्र में ‘प्रोजेक्ट चांगथांग’ के तहत महज 21 दिनों में 6,000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाली 25 चोटियों पर सफलतापूर्वक चढ़ाई कर एक उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। 10 से 30 सितंबर तक चले इस अभियान के दौरान सचिन ने अपने गाइड एवं पर्वतारोहण साथी पद्मा नामग्याल के साथ 200 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय की, जिसमें 16 दिन चोटियों पर चढ़ाई में व्यतीत हुए और 18,000 मीटर से अधिक की संचयी ऊंचाई हासिल की गई।
6,405 मीटर ऊंची चालुंग नॉर्थ सहित कई दुर्गम चोटियों पर फहराया तिरंगा
इस अभियान की सबसे ऊंची चोटी चालुंग नॉर्थ रही, जिसकी ऊंचाई 6,405 मीटर है, इसके अतिरिक्त टीम ने पोलागोना और स्पांगनाक कांगरी नॉर्थ जैसी चुनौतीपूर्ण चोटियों पर भी सफलतापूर्वक आरोहण किया। सचिन ने अपनी जन्मतिथि 25 फरवरी से प्रेरित होकर 25 चोटियों पर चढ़ाई का लक्ष्य निर्धारित किया था, जिसे आधिकारिक मान्यता एवं सत्यापन के लिए इंडिया वर्ल्ड रिकॉर्ड्स सहित अन्य रिकॉर्ड संस्थाओं के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
15 वर्षों का अनुभव, 7,000 मीटर से ऊंची चोटी और नुन का भी कर चुके हैं आरोहण
सचिन गांगटा को पर्वतारोहण के क्षेत्र में 15 वर्षों से अधिक का अनुभव है और वे ‘हिमालयन जिप्सी’ के संस्थापक होने के साथ-साथ TrekYaari से भी जुड़े हुए हैं। अब तक वे 6,000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाली 41 चोटियों तथा 7,000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाली एक चोटी पर सफलतापूर्वक चढ़ाई कर चुके हैं, जिसमें प्रसिद्ध नुन चोटी का आरोहण भी शामिल है।
निरंतर प्रयास और अनुशासन से हासिल किए जा सकते हैं असंभव लक्ष्य: रोहित ठाकुर
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने सचिन की इस उपलब्धि को युवाओं के लिए अनुकरणीय बताते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी निरंतर प्रयास, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर असंभव दिखने वाले लक्ष्यों को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सचिन भविष्य में भी इसी तरह नई ऊंचाइयों को छूते हुए प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाते रहेंगे।
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे फेसबुक पेज Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।
टिप्पणियाँ (0)