सुजानपुर के टपरा में दर्दनाक हादसा: पानी भरने गए 84 वर्षीय बुजुर्ग की खातड़ी में डूबने से मौत, पहले भी जा चुकी है एक मासूम की जान
Himachal News: हमीरपुर जिले के उपमंडल सुजानपुर के अंतर्गत ग्राम पंचायत रंगड़ के टपरा गांव में एक बेहद हृदयविदारक हादसा सामने आया है। गांव के पारंपरिक जल स्रोत (खातड़ी) से पानी भरने गए 84 वर्षीय बुजुर्ग की पानी में डूबने से अकाल मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रेमू राम के रूप में हुई है। इस घटना के बाद से पूरे टपरा गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रेमू राम रोजाना की भांति अपने घरेलू उपयोग के लिए गांव की खातड़ी से पानी लाने गए थे। आशंका जताई जा रही है कि पानी भरते समय अचानक उनका पैर फिसल गया और वह संतुलन खोकर खातड़ी के गहरे पानी में जा गिरे। जब बुजुर्ग काफी देर तक घर वापस नहीं लौटे तो परिजनों को अनहोनी की चिंता सताने लगी। खोजबीन करते हुए जब परिजन खातड़ी के पास पहुंचे तो वहां प्रेमू राम का शव पानी में तैरता हुआ देखकर उनके होश उड़ गए।
इस दुखद हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों में पंचायत और प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव का यह पारंपरिक जल स्रोत काफी गहरा और फिसलन भरा है। इसके बावजूद इसके चारों तरफ न तो कोई सुरक्षा दीवार बनाई गई है और न ही कोई सुरक्षा रेलिंग या जाली लगाई गई है।
ग्रामीणों ने आक्रोश जताते हुए कहा कि इसी खातड़ी में डूबने से कुछ समय पहले भी एक मासूम बच्चे की जान जा चुकी है। पूर्व में हुए दर्दनाक हादसे के बाद भी न तो पंचायत प्रतिनिधियों ने और न ही स्थानीय प्रशासन ने इस खुले जल स्रोत को ढंकने या सुरक्षित करने के लिए कोई कदम उठाया। सुरक्षा इंतजाम न होने के कारण ही आज फिर एक बुजुर्ग को अपनी जान गंवानी पड़ी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के लिए अस्पताल भेज दिया है। सुजानपुर थाना प्रभारी प्रकाश ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर लिया है और नियमानुसार कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। वहीं, ग्रामीणों ने प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि इस खातड़ी के चारों ओर तुरंत प्रभाव से पक्की सुरक्षा दीवार और जाली लगाई जाए ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।
टिप्पणियाँ (0)