Himachal News: मनाली में टैक्सी के भीतर अचेत मिला कुल्लू का युवक, अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
Himachal News: हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मनाली में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां टैक्सी कार के भीतर अचेत अवस्था में मिले 29 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान पवन कुमार, पुत्र जोग ध्यान, निवासी गांव नियोली, जिला कुल्लू के रूप में हुई है। पुलिस ने अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करवाने के पश्चात शव परिजनों को सौंप दिया है तथा घटना की आगामी छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मनाली बाईपास रोड स्थित टेम्पो ट्रैवलर यूनियन के समीप खड़ी एक टैक्सी में गत रात्रि युवक अचेत पड़ा हुआ मिला। स्थानीय लोगों और पुलिस द्वारा परिजनों को तुरंत मौके पर बुलाया गया और युवक को इलाज के लिए सिविल अस्पताल मनाली ले जाया गया, जहां तैनात चिकित्साधिकारी ने प्राथमिक जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
शरीर पर नहीं मिले चोट के निशान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर किसी भी तरह के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। इसके अलावा परिजनों तथा प्रत्यक्षदर्शियों ने भी युवक की मृत्यु को लेकर किसी प्रकार का संदेह व्यक्त नहीं किया है। अचानक हुई इस मौत के सटीक कारणों का तत्काल पता न चलने के कारण पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मनाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।
टिप्पणियाँ (0)