Mandi News: मंडी में डंगा ढहने से 200 मीटर गहरी खाई में गिरा बजरी से भरा टिप्पर, 50 वर्षीय चालक की मौके पर दर्दनाक मौत
Himachal News: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में टिप्पर चालक की जान चली गई। राष्ट्रीय राजमार्ग-03 (NH-03) धर्मपुर-कोटली-मंडी मार्ग पर हवानी के समीप बजरी से लदा एक टिप्पर सड़क का डंगा अचानक ढह जाने से अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। इस भीषण दुर्घटना में टिप्पर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान 50 वर्षीय निर्मल सिंह के रूप में हुई है।
हादसा सुबह करीब 11 बजे उस समय पेश आया जब बजरी से भरा टिप्पर बरोटी की ओर जा रहा था। हवानी के पास एनएच निर्माण कार्य स्थल पर अचानक सड़क का डंगा धंस गया, जिससे भारी भरकम वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे गहरी खाई में लुढ़क गया।
डंगा ढहने से बेकाबू हुआ वाहन, 200 मीटर नीचे खाई में समाया
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हवानी में एनएच कटिंग और निर्माण कार्य के चलते सड़क का किनारा बेहद कमजोर हो चुका था। जैसे ही बजरी से लदा टिप्पर वहां से गुजरा, भारी दबाव के कारण डंगा भरभराकर नीचे गिर गया। वाहन चालक को संभलने का कोई मौका नहीं मिला और टिप्पर 200 मीटर नीचे जा गिरा।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम, डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के स्थानीय लोग और राहगीर तुरंत राहत व बचाव कार्य के लिए खाई में उतरे। कड़ी मशक्कत के बाद गंभीर रूप से घायल चालक निर्मल सिंह को मलबे से बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और वाहन दुर्घटना के कारणों की तकनीकी जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर रोष जताया है, जबकि घटना के बाद क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे फेसबुक पेज Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।
टिप्पणियाँ (0)