Himachal News: एचआरटीसी के बेड़े में शामिल होंगी 1,000 इलेक्ट्रिक बसें, बोले सीएम
Himachal News: मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने सोमवार को हमीरपुर जिला के नादौन क्षेत्र के मझयार में सेरा से हमीरपुर के लिए नए बस रूट का विधिवत शुभारंभ किया। इस नई बस सेवा के शुरू होने से हमीरपुर, नादौन, सेरा तथा आसपास के कई गांवों के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हुई है।
इस नए बस रूट के संचालन से क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और स्थानीय लोगों को सुविधाजनक, विश्वसनीय एवं सुलभ परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। यह पहल ग्रामीण एवं दूरदराज के क्षेत्रों में बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध करवाने की प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
जोल सप्पड़ मेडिकल कॉलेज के मरीजों व विद्यार्थियों को मिलेगा सीधा लाभ
इस बस सेवा से विशेष रूप से डॉ. राधाकृष्णन राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, जोल सप्पड़ आने-जाने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को बड़ा लाभ मिलेगा। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों, कर्मचारियों तथा रोजाना आवागमन करने वाले अन्य लोगों को भी गंतव्य तक पहुंचने में आसानी होगी, जिससे समय की बचत और शिक्षा व प्रशासनिक संस्थानों तक पहुंच बेहतर बनेगी।
हरित ऊर्जा राज्य के संकल्प के तहत इलेक्ट्रिक वाहनों को मिल रही प्राथमिकता
मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक, किफायती और पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से सरकार ने अपने पहले ही बजट में हिमाचल प्रदेश को हरित ऊर्जा राज्य बनाने का संकल्प लिया था और इसी दिशा में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने को प्राथमिकता दी गई है।
परिचालन लागत घटाने के लिए एचआरटीसी बेड़े में शामिल होंगी 1,000 इलेक्ट्रिक बसें
मुख्यमंत्री ने कहा कि एचआरटीसी को पेंशन, वेतन और अन्य खर्चों के कारण भारी वित्तीय दायित्वों को वहन करना पड़ता है, इसलिए परिचालन लागत कम करना आवश्यक है। डीजल बसों की तुलना में इलेक्ट्रिक बसों का संचालन अधिक किफायती है, जिसे देखते हुए प्रदेश सरकार 1,000 इलेक्ट्रिक बसों की खरीद करेगी और चरणबद्ध तरीके से बेड़े में और बसें शामिल करती रहेगी।
दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में डीजल व इलेक्ट्रिक बसों में बनेगा संतुलित समन्वय
मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल की भौगोलिक परिस्थितियां भिन्न हैं और दुर्गम, दूरदराज व कठिन पहाड़ी क्षेत्रों में, जहां इलेक्ट्रिक बसों का संचालन चुनौतीपूर्ण हो सकता है, वहां निर्बाध परिवहन सेवा के लिए डीजल बसों की आवश्यकता बनी रहेगी। सरकार इलेक्ट्रिक और डीजल बसों के बीच संतुलित समन्वय स्थापित कर प्रत्येक क्षेत्र में बेहतर परिवहन सुविधा सुनिश्चित करेगी।
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे फेसबुक पेज Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।
टिप्पणियाँ (0)