Lahaul Spiti News: स्पीति के ‘कार्जे मड हाउस’ ने राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया हिमाचल का मान, शिलांग में मिला सस्टेनेबल टूरिज्म सिल्वर अवार्ड; पारंपरिक वास्तुकला और संस्कृति संरक्षण के प्रयासों को मिली नई पहचान
Lahaul Spiti News: जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति की पर्यटन एवं सांस्कृतिक विरासत के लिए एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। स्पीति घाटी स्थित ‘कार्जे मड हाउस’ (Karze Mud House) को मेघालय की राजधानी शिलांग में आयोजित ‘ग्लोबल रिस्पॉन्सिबल टूरिज्म समिट एंड अवार्ड्स 2026’ में प्रतिष्ठित सिल्वर अवार्ड से सम्मानित किया गया है। 19 और 20 नवंबर को आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय पर्यटन सम्मेलन में कार्जे मड हाउस को 'सस्टेनेबल लीडरशिप होमस्टे' श्रेणी में सिल्वर विजेता घोषित किया गया है। इस सम्मान से समूची स्पीति घाटी में खुशी की लहर है।

पारंपरिक स्थापत्य कला और सामुदायिक सशक्तिकरण के लिए मिला राष्ट्रीय मंच पर सम्मान
मेघालय पर्यटन विभाग, आउटलुक रिस्पॉन्सिबल टूरिज्म और आउटलुक ट्रैवलर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस भव्य समारोह में देश-विदेश में टिकाऊ और जिम्मेदार पर्यटन को बढ़ावा देने वाली चुनिंदा इकाइयों को पुरस्कृत किया गया। कार्जे मड हाउस को यह राष्ट्रीय पहचान स्पीति की सदियों पुरानी पारंपरिक मिट्टी की वास्तुकला (मड आर्किटेक्चर), समृद्ध बौद्ध एवं लोक सांस्कृतिक विरासत को सहेजने तथा स्थानीय समुदायों को स्वरोजगार से जोड़कर सशक्त बनाने की दिशा में किए जा रहे अनुकरणीय प्रयासों के लिए प्रदान की गई है।

यह सम्मान पूरी स्पीति घाटी और सामुदायिक भागीदारी की जीत
इस राष्ट्रीय उपलब्धि पर कार्जे मड हाउस के संचालक सोनम तरगे और उनकी धर्मपत्नी एवं काजा पंचायत की पूर्व प्रधान सोनम डोलमा ने पुरस्कार को समूची स्पीति घाटी और यहां के लोगों को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल एक होमस्टे का नहीं, बल्कि स्पीति की संस्कृति, परंपराओं और सामुदायिक भागीदारी का सम्मान है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण के अनुकूल, जिम्मेदार और समावेशी पर्यटन को बढ़ावा देने के उनके प्रयास भविष्य में भी इसी ऊर्जा के साथ जारी रहेंगे। उन्होंने इस सम्मान के लिए आउटलुक रिस्पॉन्सिबल टूरिज्म, मेघालय पर्यटन विभाग और सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

विधायक और एडीसी ने दी बधाई
स्पीति घाटी की इस शानदार सफलता पर स्थानीय विधायक अनुराधा राणा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए संचालक दंपति को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस राष्ट्रीय सम्मान से स्पीति घाटी में जिम्मेदार पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ क्षेत्र की पारंपरिक पहचान और स्थानीय आजीविका को देश-दुनिया में नई पहचान मिलेगी। वहीं, अतिरिक्त उपायुक्त (ADC) काजा शिखा सिमटिया ने भी सोनम तरगे और सोनम डोलमा को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि घाटी के अन्य पर्यटन उद्यमियों और युवाओं को भी पर्यावरण अनुकूल पर्यटन अपनाने के लिए प्रेरित करेगी।
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे फेसबुक पेज Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।
टिप्पणियाँ (0)