Kangra News: मुख्यमंत्री ने ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ के 41 बच्चों के शैक्षणिक भ्रमण दल को दिखाई हरी झंडी, दिल्ली-आगरा और जयपुर की करेंगे सैर; थ्री-स्टार होटलों में ठहरने की व्यवस्था
Kangra News: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को कांगड़ा जिला के तपोवन, धर्मशाला से राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी ‘मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना’ के अंतर्गत बाल देखभाल संस्थानों (CCI) में रह रहे 41 बच्चों के पांच दिवसीय शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक भ्रमण दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रदेश सरकार द्वारा ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ का दर्जा प्राप्त इन बच्चों को देश की समृद्ध ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत से रूबरू करवाने के उद्देश्य से यह विशेष यात्रा आयोजित की गई है। यात्रा के दौरान बच्चों की सुविधा, सुरक्षा और सम्मान को सर्वोपरि रखते हुए उनके ठहरने और भोजन की व्यवस्था तीन सितारा (3-Star) होटलों में की गई है।
चार बाल देखभाल संस्थानों के 41 बच्चे शामिल
इस शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक भ्रमण दल में कांगड़ा जिला के चार प्रमुख बाल देखभाल संस्थानों के बच्चे शामिल किए गए हैं। इनमें सीसीआई सलियाणा के 11, सीसीआई तितली के 9, सीसीआई दाड़ी के 5 तथा सीसीआई गरली के 16 बच्चे शामिल हैं। यात्रा के दौरान बच्चों की समुचित देखभाल, मार्गदर्शन और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अनुभवी स्टाफ भी उनके साथ रवाना किया गया है। यह पांच दिवसीय भ्रमण पालमपुर से प्रारंभ होगा, जिसके तहत बच्चों को देश की राजधानी नई दिल्ली, आगरा (ताजमहल), फतेहपुर सीकरी और गुलाबी नगरी जयपुर के प्रमुख ऐतिहासिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक महत्व के स्थलों का भ्रमण करवाया जाएगा।
सुख-आश्रय योजना बच्चों को माता-पिता का स्नेह और सम्मानजनक जीवन देने का संकल्प
इस अवसर पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ के समग्र विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आत्मसम्मान और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना केवल एक सरकारी कल्याणकारी योजना नहीं है, बल्कि यह अनाथ एवं असहाय बच्चों को माता-पिता का स्नेह, भावनात्मक संबल और सम्मानजनक जीवन के अवसर उपलब्ध करवाने के प्रति राज्य सरकार के संकल्प का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों से गुजरने वाले इन बच्चों को भी अपने सपनों को साकार करने और जीवन में आगे बढ़ने के समान अवसर मिलने चाहिए।
11वीं व 12वीं के विद्यार्थियों के लिए जल्द होगा गोवा का शैक्षणिक भ्रमण
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक और सांस्कृतिक भ्रमण बच्चों के ज्ञान और अनुभव के दायरे को व्यापक बनाने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास का संचार करते हैं। उन्होंने घोषणा की कि प्रदेश सरकार अब 11वीं और 12वीं कक्षा में अध्ययनरत 20 विद्यार्थियों के लिए गोवा में एक अन्य विशेष शैक्षणिक भ्रमण आयोजित करने की भी योजना बना रही है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी बच्चों को देश के विभिन्न हिस्सों को देखने-समझने और नए अनुभव हासिल करने के अवसर निरंतर प्रदान किए जाते रहेंगे।
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे फेसबुक पेज Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।
टिप्पणियाँ (0)