ताज़ा खबरें, सटीक जानकारी
मंगलवार 24 नवंबर 2026 10:41 AM
साइन इन ई-पेपर वेब स्टोरीज वीडियो शॉर्ट्स
ब्रेकिंग न्यूज
Himachal Weather: हिमाचल प्रदेश में इस दिन तक मौसम रहेगा शुष्क, बिलासपुर, हमीरपुर और मंडी में तीन दिन घने कोहरे की चेतावनी; कुकुमसेरी में पारा माइनस 3 डिग्री पहुंचा विशेष न्यायाधीश बिलासपुर की अदालत का फैसला: चिट्टा मामले में दो दोषियों को 10-10 वर्ष का कठोर कारावास व 1-1 लाख रुपये जुर्माना Kangra News: विधानसभा सत्र समाप्त होते ही आपदा प्रभावित घड़गूं और स्पेडा पहुंचे उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, प्रभावित परिवारों से की मुलाकात व राहत कार्यों का लिया जायजा शिक्षा मंत्री ने जुब्बल के पर्वतारोही सचिन गांगटा को किया सम्मानित, 21 दिन में 6,000 मीटर से ऊंची 25 चोटियां फतह कर बढ़ाया हिमाचल का गौरव Himachal News: एचआरटीसी के बेड़े में शामिल होंगी 1,000 इलेक्ट्रिक बसें, बोले सीएम हिमाचल में हवाई सेवाओं के विस्तार की तैयारी तेज: शिमला से हमीरपुर, चंबा और पालमपुर के लिए शुरू होगी हेली टैक्सी; दिल्ली-शिमला व शिमला-धर्मशाला उड़ानों के विस्तार का भी केंद्र को भेजा प्रस्ताव ठियोग के बहानी गांव में तीन घरों पर एक साथ दबिश: करीब आठ किलोग्राम चरस और 1.05 लाख रुपये नकदी सहित तीन आरोपी गिरफ्तार शिक्षा मंत्री ने चीवा कैंची-देवरा सड़क का किया लोकार्पण, रियासती दौर से लंबित थी मांग; बोले- क्षेत्र में चल रहे 850 करोड़ के विकास कार्य Himachal News: मंत्री जगत सिंह नेगी की 'ऑपरेशन सिंदूर' व सेना पर कथित टिप्पणी के विरोध में उबला हिमाचल, चंबा, कुल्लू और हमीरपुर में फूंके पुतले Manali News: जगतसुख की युवती संदिग्ध परिस्थितियों में लापता, मां ने सहेली पर लगाए बड़े आरोप
Himachal News

आज का इतिहास

TODAY IN HISTORY
आज का इतिहास

8 नवंबर का इतिहास: कागज के टुकड़ों में बदल गए 500 व 1000 के नोट और शुरू हुआ नोटबंदी के 50 दिनों का वो खौफनाक दौर, रोन्टजन ने लिया दुनिया का पहला एक्स-रे

8 नवंबर का इतिहास: कागज के टुकड़ों में बदल गए 500 व 1000 के नोट और शुरू हुआ नोटबंदी के 50 दिनों का वो खौफनाक दौर, रोन्टजन ने लिया दुनिया का पहला एक्स-रे

8 November in History: ग्रेगोरियन कैलेंडर के अनुसार 8 नवंबर वर्ष का 312वां दिन है (लीप वर्ष में 313वां दिन)। वर्ष के समापन में अब केवल 53दिन शेष हैं। 8 नवंबर का दिन देश की अर्थव्यवस्था के इतिहास में एक खास दिन के तौर पर दर्ज है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2016 में इसी दिन रात आठ बजे दूरदर्शन के जरिए देश को संबोधित करते हुए 500 रुपये और 1000 रुपये के नोट बंद करने का ऐलान किया था। वहीं, 1895 में जर्मनी में भौतिक विज्ञानी विल्हेम कॉनराड रॉन्टगन द्वारा एक्स-रे की खोज ने आधुनिक चिकित्सा जगत में क्रांतिकारी बदलाव की नींव रखी।

2016: कागज के टुकड़ों में बदल गए 500 व 1000 के नोट और शुरू हुआ नोटबंदी के 50 दिनों का वो खौफनाक दौर

8 नवंबर 2016, घड़ी में ठीक रात के 8 बज रहे थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अचानक टेलीविजन स्क्रीन पर राष्ट्र को संबोधित करने उपस्थित हुए। अपने संबोधन के चंद मिनटों के भीतर उन्होंने एक ऐसा ऐलान किया जिसने पूरे देश की सांसें रोक दीं "भाइयों और बहनों! आज आधी रात से 500 और 1 हजार रुपए के नोट बंद हो जाएंगे।‘’ इस एक वाक्य के साथ ही देश की अर्थव्यवस्था में उस वक्त घूम रही लगभग 86 प्रतिशत करेंसी चंद पलों में केवल कागज का टुकड़ा बनकर रह गई।

पुराने नोटों को बैंकों में जमा करने और बदलने के लिए 31 दिसंबर 2016 तक की 50 दिनों की मोहलत दी गई। ऐलान होते ही देश भर के पेट्रोल पंपों, एटीएम और बैंक शाखाओं के बाहर मीलों लंबी कतारें लग गईं। अपनी ही गाढ़ी कमाई निकालने के लिए दिन-रात कतारों में खड़े 100 से अधिक लाचार नागरिकों ने दम तोड़ दिया, जिससे उपजे मानवीय संकट पर तीखी राष्ट्रीय राजनीति शुरू हो गई। रिज़र्व बैंक ने 2,000 और 500 रुपये के नए नोट जारी किए, लेकिन हफ्तों तक कैश की भारी किल्लत ने देश की रफ्तार थाम दी।

काले धन, जाली नोट और आतंकवाद की फंडिंग पर इसे सबसे बड़ा वित्तीय प्रहार बताया गया था। हालांकि, बाद में रिज़र्व बैंक की रिपोर्ट ने खुलासा किया कि बंद किए गए नोटों का 99.3 प्रतिशत हिस्सा वापस बैंकिंग सिस्टम में लौट आया। यानी काले धन को लोगों ने असेट्स में कन्वर्ट कर लिया।

कुछ हद तक डिजिटल पेमेंट्स में बढ़ोतरी आई जरूर, लेकिन कुछ समय बाद वह भी कैश इकोनॉमी में कन्वर्ट होती गई। इनकम टैक्स में जरूर एक साल बढ़ोतरी दिखी और टैक्सपेयर्स भी बढ़े, लेकिन कलेक्शन पर उसका बहुत ज्यादा असर नहीं दिखा।

वहीं दूसरी तरफ नकदी पर टिकी असंगठित अर्थव्यवस्था और एमएसएमई (MSME) सेक्टर बुरी तरह चरमरा गए। विकास दर (GDP ग्रोथ रेट) लुढ़ककर 5 प्रतिशत के करीब आ गई। कारोबारियों की हालत खराब हो गई। नोटबंदी के बाद से बेपटरी हुई भारतीय इकोनॉमी पटरी पर आने के लिए आज भी संघर्ष कर रही है।

1895: इंसान के शरीर के आर-पार देख सका विज्ञान, प्रोफेसर रॉन्टगन का वो प्रयोग जिसने चिकित्सा को दी 'तीसरी आंख'

8 नवंबर 1895 की शाम, जर्मनी की वुर्जबर्ग यूनिवर्सिटी की भौतिकी प्रयोगशाला में प्रोफेसर विल्हेम कॉनरैड रॉन्टगन कैथोड किरणों पर एक बेहद गोपनीय प्रयोग कर रहे थे। उन्होंने अपनी लैब के वैक्यूम ट्यूब को काले कार्डबोर्ड से पूरी तरह ढक दिया था ताकि कोई प्रकाश बाहर न जा सके। लेकिन तभी अंधेरे कमरे में कुछ दूरी पर रखे बेरियम प्लैटिनोसायनाइड के पर्दे पर एक रहस्यमयी हरी चमक कौंधी। यह वो क्षण था जब विज्ञान ने पहली बार एक ऐसी विकिरण को महसूस किया जो ठोस पदार्थों और इंसानी मांस (टिश्यू) के आर-पार निकलने में सक्षम थी, लेकिन घनी हड्डियों को भेद नहीं सकती थी।


इस खोज का सबसे रोमांचक मोड़ तब आया जब रॉन्टगन ने अपनी पत्नी अन्ना बर्था के हाथ को उस अज्ञात किरण पुंज के सामने रखा। फोटोग्राफिक प्लेट पर जब प्रिंट उभरा, तो इतिहास में पहली बार किसी जीवित इंसान के आंतरिक कंकाल की स्पष्ट तस्वीर सामने थी। जिसमें बर्था की उंगलियों की हड्डियां और उनकी शादी की अंगूठी साफ नजर आ रही थी। अपनी ही हड्डियों की छाया देखकर खौफजदा बर्था के मुंह से निकला था "मैंने अपनी मौत देख ली है!" गणित में अज्ञात मान के लिए इस्तेमाल होने वाले प्रतीक 'X' के आधार पर रॉन्टगन ने इन रहस्यमयी किरणों का नाम 'X-रे' (X-Ray) रखा।

रॉन्टगन की इस युगांतरकारी खोज ने बिना चीर-फाड़ किए शरीर के भीतर झांकने का रास्ता खोलकर आधुनिक चिकित्सा विज्ञान में एक नए युग की शुरुआत कर दी। टूटी हड्डियों की पहचान से लेकर फेफड़ों के संक्रमण और अंदरूनी विकारों की जांच में यह तकनीक मानव जीवन के लिए वरदान साबित हुई। इस असाधारण वैज्ञानिक क्रांति के लिए प्रोफेसर विल्हेम रॉन्टगन को वर्ष 1901 में भौतिकी के इतिहास का सबसे पहला 'नोबेल पुरस्कार' प्रदान किया गया।

2008: पहली बार चांद की कक्षा में पहुंचा भारत

8 नवंबर 2008 की शाम भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के वैज्ञानिकों के अदम्य साहस और भारत के अंतरिक्ष इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में हमेशा के लिए दर्ज हो गई। 22 अक्टूबर 2008 को आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से पीएसएलवी-सी11 रॉकेट के जरिए अंतरिक्ष में रवाना किया गया भारत का पहला चंद्र मिशन—'चंद्रयान-1' लगभग 17 दिनों के लंबे और जटिल सफर के बाद सफलतापूर्वक चंद्रमा की कक्षा में प्रविष्ट हुआ। 44.4 मीटर ऊंचे और करीब 316 टन वजनी इस शक्तिशाली प्रक्षेपण यान के जरिए इसरो ने वैश्विक पटल पर अपनी तकनीकी दक्षता का लोहा मनवाते हुए एक साथ कई उपग्रहों को सटीक रूप से अंतरिक्ष में स्थापित किया था।


धरती की सीमाओं को पार कर 3 लाख 84 हजार किलोमीटर का फासला तय करने के बाद, जैसे ही वैज्ञानिकों ने बंगलूरू स्थित टेलीमेट्री, ट्रैकिंग एंड कमांड नेटवर्क (ISTRAC) से यान के लिक्विड इंजन को फायर किया, चंद्रयान-1 ने चांद के गुरुत्वाकर्षण क्षेत्र में सफलतापूर्वक अपनी जगह बना ली। यह केवल एक उपग्रह का चांद की कक्षा में पहुंचना भर नहीं था, बल्कि भारत का सीधे तौर पर उस एलीट स्पेस क्लब में शामिल होना था जिसमें अब तक केवल महाशक्तियों का ही दबदबा माना जाता था।

इस ऐतिहासिक मिशन ने आगे चलकर पूरी दुनिया के विज्ञान जगत को हिलाकर रख दिया। चंद्रयान-1 में मौजूद नासा के 'मून मिनरलॉजी मैपर' (M3) और भारतीय पेलोड्स ने चांद की बंजर मानी जाने वाली सतह पर पानी के अणुओं (Water Molecules/Ice) की ऐतिहासिक खोज कर विश्व पटल पर भारत का परचम लहरा दिया।

8 नवंबर के दिन को इतिहास में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय महत्व की इन घटनाओं की वजह से भी याद किया जाता है…

1939: म्यूनिख के बीयर हॉल में नाजी विरोधी जर्मन बढ़ई जॉर्ज एल्सर द्वारा एडॉल्फ हिटलर को मारने के लिए लगाया गया टाइम बम फटा। हिटलर द्वारा निर्धारित समय से मात्र 13 मिनट पहले भाषण समाप्त कर देने के कारण वे बाल-बाल बच गए, जबकि धमाके में 8 निर्दोष लोग मारे गए।

1945: हांगकांग में नौका दुर्घटना में 1550 लोगों की मौत हुई। यह विश्व इतिहास की सबसे भीषण समुद्री दुर्घटनाओं में से एक मानी जाती है।

1960: अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में 43 वर्षीय डेमोक्रेटिक सीनेटर जॉन एफ. केनेडी ने जीत दर्ज की। वे अमेरिका के इतिहास में निर्वाचित होने वाले सबसे कम उम्र के राष्ट्रपति बने।

1972: अमेरिका की केबल टेलीविजन कंपनी होम बॉक्स ऑफिस (HBO) लॉन्च हुआ, जो अमेरिका का सबसे पुराना पेड TV चैनल है।

1988: चीन के युन्नान प्रांत में आए विनाशकारी भूकंप (जिसे लांकांग-गेंगमा भूकंप भी कहा जाता है) के कारण लगभग 900 से अधिक लोगों की जान चली गई थी।

1990: मानवाधिकार वकील मैरी रॉबिन्सन आयरलैंड की पहली महिला राष्ट्रपति चुनी गईं।

1991: राहुल द्रविड़ और सचिन तेंडुलकर ने वन-डे क्रिकेट मैच में 331 रन की साझेदारी कर विश्व रिकॉर्ड बनाया।

1992: जर्मनी की राजधानी बर्लिन में ज़ेनफ़ोबिया (विदेशियों के प्रति द्वेष) और नस्लवाद के ख़िलाफ़ एक ऐतिहासिक और विशाल प्रदर्शन हुआ था, जिसमें लगभग 3 लाख लोगों ने हिस्सा लिया था।

1998: बांग्लादेश के प्रथम प्रधानमंत्री शेख मुजीब-उर-रहमान की हत्या के जुर्म में 15 लोगों को मौत की सजा सुनाई गई।

2000: हिलेरी क्लिंटन ने न्यूयॉर्क से अमेरिकी सीनेट का चुनाव जीतकर इतिहास रचा। वह अमेरिका के इतिहास में किसी भी पद के लिए चुनी जाने वाली पहली 'फर्स्ट लेडी' (राष्ट्रपति की पत्नी) बनी थीं। इस जीत के साथ वह न्यूयॉर्क से सीनेटर बनने वाली पहली महिला भी बनी थीं।

2002: संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने प्रस्ताव पारित कर इराक के राष्ट्रपति सद्दाम हुसैन को अपने विनाश के हथियारों को नष्ट करने और निशस्त्रीकरण के दायित्वों का पालन करने का यह आखिरी मौका दिया। प्रस्ताव में साफ कहा गया था कि यदि इराक अपने हथियारों को खत्म नहीं करता है, तो उसे "गंभीर परिणामों" यानी सैन्य कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। इस प्रस्ताव के बाद संयुक्त राष्ट्र की टीम जांच के लिए इराक गई थी, लेकिन मार्च 2003 में अमेरिका और उसके सहयोगी देशों ने आरोप लगाया कि इराक सहयोग नहीं कर रहा है, जिसके बाद इराक पर हमला (इराक युद्ध) शुरू हो गया।

2004: इराक के साथ युद्ध में दस हजार से ज्यादा अमेरिकी सैनिकों ने ब्रिटिश और इराकी बलों के साथ मिलकर फालुजा शहर की घेराबंदी की और वहां मौजूद विद्रोहियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की। यह ऑपरेशन इराक युद्ध की सबसे भीषण और खूनी लड़ाइयों में से एक माना जाता है, जो कई हफ्तों तक चली थी। इस लड़ाई में लगभग 110 गठबंधन सैनिक मारे गए। इसके अलावा 600 से अधिक सैनिक गंभीर रूप से घायल हुए। अमेरिकी सैन्य अनुमानों के अनुसार, शहर के भीतर लड़ रहे लगभग 2,000 विद्रोही मारे गए और करीब 1,500 को बंदी बना लिया गया। लड़ाई के दौरान लगभग करीब 800 आम नागरिक मारे गए। हालांकि, सैन्य हमले से पहले शहर की अधिकांश आबादी (करीब 3 लाख लोग) सुरक्षित बाहर निकल चुकी थी, जिससे हताहतों की संख्या कुछ कम रही।

2013: फिलीपीन में आए भीषण तूफान हैयान ने कहर ढाया। इस आपदा में लगभग 6,300 से अधिक लोगों की मृत्यु हुई, जबकि वास्तविक संख्या (लापता लोगों को मिलाकर) 10,000 से भी अधिक मानी जाती है। इसके अलावा 40 लाख से ज्यादा लोग विस्थापित और बेघर हुए।

2016: डोनाल्ड ट्रंप अमेरिका के 45वें राष्ट्रपति चुने गए। ट्रंप ने हिलेरी क्लिंटन को पराजित कर यह ऐतिहासिक जीत हासिल की।

2020: कोरोना संक्रमण के कुल मामलों का आंकड़ा 5 करोड़ (50 मिलियन) के पार पहुंचा।

2021: पूर्व केंद्रीय मंत्रियों जॉर्ज फर्नांडिस, अरुण जेटली और सुषमा स्वराज को मरणोपरांत तथा बॉक्सर एम.सी. मैरी कॉम और शास्त्रीय गायक छन्नूलाल मिश्र को देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'पद्म विभूषण' से अलंकृत किया गया। फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत को भारतीय सिनेमा और कला के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए 'पद्मश्री' से अलंकृत किया गया।

8 नवंबर: इतिहास के पन्नों में आज जन्मी प्रमुख हस्तियां

कराची के शरणार्थी भारतीय राजनीति के 'लौह पुरुष' आडवाणी का बर्थडे आज

8 नवंबर की यह तारीख केवल एक राजनेता के जन्म का दिन नहीं, बल्कि स्वतंत्र भारत के उस राजनीतिक शिल्पी के स्मरण का पर्व है जिसने देश को नई दिशा और नया स्वाभिमान दिया।

8 नवंबर 1927 को अविभाजित भारत के कराची (वर्तमान पाकिस्तान) में जन्मे लालकृष्ण आडवाणी भारतीय संसदीय राजनीति और दक्षिणपंथी विमर्श के सबसे प्रभावशाली युगपुरुषों में शुमार हैं। विभाजन का दंश झेलकर सिंध से भारत आए इस युवा ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रचारक के रूप में अपना जीवन राष्ट्र को समर्पित किया। आगे चलकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी के साथ मिलकर उन्होंने भारतीय जनसंघ और 1980 में 'भारतीय जनता पार्टी' (BJP) की वैचारिक और सांगठनिक नींव रखी।

1984 के लोकसभा चुनावों में जब भाजपा महज दो सीटों पर सिमट गई थी, तब पार्टी की कमान संभालने वाले आडवाणी ने भारतीय राजनीति के स्थापित सेक्युलर विमर्श को राष्ट्रवाद और सांस्कृतिक चेतना की ओर मोड़ दिया। 1990 की ऐतिहासिक 'सोमनाथ से अयोध्या रथयात्रा' ने देश की सियासत में वो भूचाल ला दिया, जिसने भारतीय राजनीति के शक्ति-संतुलन को हमेशा-हमेशा के लिए बदल दिया। आडवाणी के रणनीतिक कौशल और अटल बिहारी वाजपेयी के सर्वसमावेशी नेतृत्व की 'जुगलबंदी' ने ही भाजपा को संसद के हाशिए से उठाकर केंद्र की सत्ता के शीर्ष तक पहुंचाया।

2002 से 2004 तक देश के उपप्रधानमंत्री और केंद्रीय गृहमंत्री के रूप में कड़े फैसले लेने वाले आडवाणी को भारतीय राजनीति का आधुनिक 'लौह पुरुष' कहा गया। सात दशकों तक राष्ट्र निर्माण, लोकतांत्रिक संस्थाओं और वैचारिक निष्ठा के लिए समर्पित उनके विराट जीवन को नमन करते हुए वर्ष 2024 में भारत सरकार ने उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'भारत रत्न' से अलंकृत किया।

8 नवंबर जन्मी अन्य प्रमुख हस्तियां

1656: एडमंड हैली (8 नवंबर 1656 – 14 जनवरी 1742) – प्रख्यात अंग्रेज खगोलशास्त्री, गणितज्ञ और भौतिक विज्ञानी। उन्होंने आवधिक धूमकेतुओं की कक्षाओं की गणना की और पहली बार यह सिद्ध किया कि 1531, 1607 और 1682 में दिखाई देने वाला धूमकेतु वास्तव में एक ही था; उनकी इस भविष्यवाणी के सम्मान में इसका नाम 'हैली धूमकेतु' (Halley's Comet) रखा गया। इसके अतिरिक्त उन्होंने सर आइजक न्यूटन के युगांतरकारी ग्रंथ 'प्रिंसिपिया मैथमैटिका' के प्रकाशन में महत्वपूर्ण आर्थिक व संपादकीय भूमिका निभाई।

1884: हरमन रोर्शाक (8 नवंबर 1884 – 2 अप्रैल 1922) – विख्यात स्विस मनोचिकित्सक और मनोविश्लेषक। उन्होंने अचेतन मन की प्रवृत्तियों, व्यक्तित्व मूल्यांकन और मानसिक विकारों के निदान के लिए स्याही के धब्बों पर आधारित विश्वप्रसिद्ध 'रोर्शाक इंकब्लोट टेस्ट' का आविष्कार किया।

1920: सितारा देवी (8 नवंबर 1920 – 25 नवंबर 2014) – भारत की मूर्धन्य कथक नृत्यांगना और अभिनेत्री। रवींद्रनाथ टैगोर द्वारा 'नृत्य सम्राज्ञी' की उपाधि से विभूषित सितारा देवी ने भारतीय शास्त्रीय नृत्य को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई। उन्हें संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार और पद्मश्री से अलंकृत किया गया था।

1969: अनुमुला रेवंत रेड्डी – तेलंगाना के दूसरे मुख्यमंत्री। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के रूप में उन्होंने 2023 के विधानसभा चुनावों में पार्टी को निर्णायक जीत दिलाई और 7 दिसंबर 2023 में राज्य के मुख्यमंत्री का पद संभाला।

8 नवंबर: इतिहास के वे चेहरे जो आज के दिन अलविदा कह गए

1674: जॉन मिल्टन (9 दिसंबर 1608 – 8 नवंबर 1674) – अंग्रेजी साहित्य के महान महाकवि, गद्यकार और विचारक। आंखों की रोशनी पूरी तरह खो देने के बाद रचित उनके महाकाव्य 'पैराडाइज लॉस्ट' और 'पैराडाइज रिगेंड' को विश्व साहित्य की अमूल्य कृतियों में गिना जाता है। उन्होंने 'एरियोपैगिटिका' के जरिए प्रेस और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का सशक्त समर्थन किया था।

1953: इवान बुनिन (22 अक्टूबर 1870 – 8 नवंबर 1953) – साहित्य में नोबल पुरस्कार (1933) से सम्मानित होने वाले पहले रूसी लेखक व कवि। 'द विलेज', 'द लाइफ ऑफ आर्सेनिएव' और 'डार्क एवेन्यूज' जैसी कृतियों के जरिए रूसी शास्त्रीय यथार्थवाद को विश्व पटल पर अमर करने वाले बुनिन ने अपनी रचनाओं में मानवीय गरिमा और प्रवासी वेदना का अद्वितीय चित्रण किया।

1960: एयर मार्शल सुब्रतो मुखर्जी (5 मार्च 1911 – 8 नवंबर 1960) स्वतंत्र भारत की भारतीय वायु सेना के पहले भारतीय कमांडर-इन-चीफ और वायु सेना प्रमुख (CAS) थे। उन्हें भारतीय वायु सेना का 'जनक' भी कहा जाता है।

1966: रामेश्वरी नेहरू (10 दिसंबर 1886 – 8 नवंबर 1966) – प्रख्यात समाजसेविका, स्वतंत्रता सेनानी और महिला अधिकारों की अग्रणी पैरोकार। महिला पत्रिका 'स्त्री दर्पण' की संपादिका रहीं रामेश्वरी नेहरू ने बाल विवाह उन्मूलन, अस्पृश्यता निवारण और भारत विभाजन के समय विस्थापित शरणार्थियों के पुनर्वास में ऐतिहासिक भूमिका निभाई; समाज कल्याण और विश्व शांति के क्षेत्र में अप्रतिम योगदान के लिए उन्हें 1955 में देश के तीसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'पद्म भूषण' तथा 1961 में सोवियत संघ के प्रतिष्ठित 'लेनिन शांति पुरस्कार' से अलंकृत किया गया था।

1970: नेपोलियन हिल (26 अक्टूबर 1883 – 8 नवंबर 1970) – अमेरिकी लेखक और आधुनिक 'पर्सनल-सक्सेस' (व्यक्तिगत सफलता दर्शन) साहित्य के जनक। 1937 में प्रकाशित उनकी पुस्तक 'थिंक एंड ग्रो रिच' विश्व में अब तक की सर्वाधिक बिकने वाली प्रेरक पुस्तकों में शुमार है, जिसने सकारात्मक सोच और वित्तीय सफलता के वैश्विक सिद्धांतों की नींव रखी।

1977: बी. एन. रेड्डी उर्फ बोमिरेड्डी नरसिम्हा रेड्डी (16 नवंबर 1908 – 8 नवंबर 1977) – तेलुगु और दक्षिण भारतीय सिनेमा के युगप्रवर्तक फिल्म निर्देशक, निर्माता और पटकथा लेखक। 'मल्लेश्वरी' (1951), 'देवता', 'स्वर्गसीमा' और 'बंगारू पापा' जैसी कालजयी और कलात्मक फिल्मों के जरिए उन्होंने भारतीय सिनेमा को यथार्थवादी दृष्टि और शास्त्रीय गरिमा प्रदान की। वे भारतीय सिनेमा के सर्वोच्च सम्मान 'दादा साहब फाल्के पुरस्कार' (1974) से सम्मानित होने वाले दक्षिण भारत के पहले फिल्म व्यक्तित्व थे। उन्हें भारत सरकार द्वारा 'पद्म भूषण' से भी अलंकृत किया गया था।

8 नवंबर: देश-दुनिया के प्रमुख दिवस और उनका महत्व

विश्व रेडियोग्राफी दिवस

विश्व रेडियोग्राफी दिवस (World Radiography Day) हर साल 8 नवंबर को मनाया जाता है। इसी दिन 1895 में जर्मन भौतिकशास्त्री विल्हेम कॉनराड रॉन्टजन ने एक्स-रे (X-ray) की खोज की थी।

विश्व नगर नियोजन दिवस

दुनिया भर में बेहतर और टिकाऊ शहरी डिजाइन, योजना (Urban Planning) तथा शहरों को रहने के लिए अधिक सुविधाजनक व सुरक्षित बनाने के महत्व पर जोर देने के लिए यह दिवस मनाया जाता है। इस दिवस की शुरुआत वर्ष 1949 में ब्यूनस आयर्स विश्वविद्यालय के दिवंगत प्रोफेसर कार्लोस मारिया डेला पाओलेरा द्वारा नगर नियोजन और शहरी विकास को व्यवस्थित रूप देने के उद्देश्य से की गई थी। वर्तमान में दुनिया भर के 30 से अधिक देशों में मनाया जाने वाला यह दिन टिकाऊ, सुव्यवस्थित और पर्यावरण-अनुकूल शहरों के निर्माण की आवश्यकता पर बल देता है।

बाहरी कड़ियां
विकिपीडिया
bharatdiscovery.org

Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे फेसबुक पेज Himachal News को फॉलोऔर YouTube चैनल Himachal News TV कोSubscribe करें।