ताज़ा खबरें, सटीक जानकारी
मंगलवार 24 नवंबर 2026 06:49 AM
साइन इन ई-पेपर वेब स्टोरीज वीडियो शॉर्ट्स
ब्रेकिंग न्यूज
Himachal Weather: हिमाचल प्रदेश में इस दिन तक मौसम रहेगा शुष्क, बिलासपुर, हमीरपुर और मंडी में तीन दिन घने कोहरे की चेतावनी; कुकुमसेरी में पारा माइनस 3 डिग्री पहुंचा विशेष न्यायाधीश बिलासपुर की अदालत का फैसला: चिट्टा मामले में दो दोषियों को 10-10 वर्ष का कठोर कारावास व 1-1 लाख रुपये जुर्माना Kangra News: विधानसभा सत्र समाप्त होते ही आपदा प्रभावित घड़गूं और स्पेडा पहुंचे उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, प्रभावित परिवारों से की मुलाकात व राहत कार्यों का लिया जायजा शिक्षा मंत्री ने जुब्बल के पर्वतारोही सचिन गांगटा को किया सम्मानित, 21 दिन में 6,000 मीटर से ऊंची 25 चोटियां फतह कर बढ़ाया हिमाचल का गौरव Himachal News: एचआरटीसी के बेड़े में शामिल होंगी 1,000 इलेक्ट्रिक बसें, बोले सीएम हिमाचल में हवाई सेवाओं के विस्तार की तैयारी तेज: शिमला से हमीरपुर, चंबा और पालमपुर के लिए शुरू होगी हेली टैक्सी; दिल्ली-शिमला व शिमला-धर्मशाला उड़ानों के विस्तार का भी केंद्र को भेजा प्रस्ताव ठियोग के बहानी गांव में तीन घरों पर एक साथ दबिश: करीब आठ किलोग्राम चरस और 1.05 लाख रुपये नकदी सहित तीन आरोपी गिरफ्तार शिक्षा मंत्री ने चीवा कैंची-देवरा सड़क का किया लोकार्पण, रियासती दौर से लंबित थी मांग; बोले- क्षेत्र में चल रहे 850 करोड़ के विकास कार्य Himachal News: मंत्री जगत सिंह नेगी की 'ऑपरेशन सिंदूर' व सेना पर कथित टिप्पणी के विरोध में उबला हिमाचल, चंबा, कुल्लू और हमीरपुर में फूंके पुतले Manali News: जगतसुख की युवती संदिग्ध परिस्थितियों में लापता, मां ने सहेली पर लगाए बड़े आरोप
Himachal News

आज का इतिहास

TODAY IN HISTORY
आज का इतिहास

13 नवंबर का इतिहास: मुंबई जैसे हमलों से दहल उठा था फ्रांस, पूर्वी पाकिस्तान में एक ही रात में काल के गाल में समा गए 5 लाख इंसान, कोलंबिया के ज्वालामुखी विस्फोट लील ली 25,000 जिंदगियां

13 नवंबर का इतिहास: मुंबई जैसे हमलों से दहल उठा था फ्रांस, पूर्वी पाकिस्तान में एक ही रात में काल के गाल में समा गए 5 लाख इंसान, कोलंबिया के ज्वालामुखी विस्फोट लील ली 25,000 जिंदगियां

13 November in History: ग्रेगोरियन कैलेंडर के अनुसार 13 नवंबर वर्ष का 317वां दिन है (लीप वर्ष में 318वां दिन)। वर्ष के समापन में अब केवल 48दिन शेष हैं। 13 के अंक को आम तौर पर मनहूस माना जाता है यही वजह है कि लोग 13 नंबर से बचते हैं। नयी बसाई जाने वाली बस्तियों में ऊंची इमारतों में 13 नंबर का फ्लोर और 13 नंबर का सेक्टर न बनाने का भी चलन है। यह और बात है कि जिन लोगों का जन्मदिन 13 नवंबर को होता है वह उसे पूरी धूमधाम से मनाते हैं।

इसी दिन एक ओर जहां भारतीय सिनेमा और रंगमंच को जूही चावला और शोभना समर्थ जैसे सितारे मिले, वहीं दूसरी ओर पेरिस में हुए आतंकी हमलों ने पूरी दुनिया को झकझोर कर रख दिया। इसी दिन पूर्वी पाकिस्तान में ये चक्रवर्ती तूफान में एक ही रात में 5 लाख इंसान काल के गाल में समा गए में थे। आज ही के दिन कोलंबिया में ज्वालामुखी विस्फोट ने पूरे शहर समेत 25,000 जिंदगियां लील ली थी।  

2015: गोलियों और धमाकों से दहली 'प्यार की नगरी' पेरिस, 6 जगहों पर आतंकी कहर, 130 बेगुनाहों का कत्लेआम और दहशत की वो काली रात

13 नवंबर 2015 की रात दुनिया भर में 'प्यार और कला की नगरी' के रूप में मशहूर फ्रांस की राजधानी पेरिस के लिए किसी खौफनाक दुस्वप्न से कम नहीं थी। शुक्रवार की उस सुहानी शाम को जब पेरिस के लोग वीकेंड का जश्न मनाने के लिए कैफे, रेस्टोरेंट, कंसर्ट हॉल और फुटबॉल स्टेडियम में जुटे थे, ठीक उसी वक्त इस्लामिक स्टेट (ISIS) के आतंकियों ने बेहद सुनियोजित तरीके से शहर के 6 अलग-अलग ठिकानों पर कुछ ही मिनटों के भीतर सिलसिलेवार आत्मघाती और फिदायीन हमले कर पूरी दुनिया को दहला दिया। इस बर्बर नरसंहार में 130 निर्दोष लोगों की जान चली गई और 350 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रोटेक्टिव शील्ड के साथ हमलावरों से निपटने जाते फ्रेंच पुलिस के जवान।

खूनी खेल की शुरुआत रात 9 बजकर 20 मिनट पर पेरिस के उत्तर में स्थित 'स्टेड डी फ्रांस' फुटबॉल स्टेडियम के बाहर हुए आत्मघाती धमाकों से हुई। उस वक्त स्टेडियम के भीतर फ्रांस और जर्मनी की राष्ट्रीय टीमों के बीच दोस्ताना मैच चल रहा था और दर्शकों की भीड़ में तत्कालीन फ्रांसीसी राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद भी मौजूद थे। इसके तुरंत बाद बंदूकधारियों ने मध्य पेरिस के कई व्यस्त बार और रेस्टोरेंट में बैठे लोगों पर अंधाधुंध गोलियां बरसानी शुरू कर दीं।

लेकिन इस रात का सबसे वीभत्स और रूह कंपा देने वाला मंजर 'बाताक्लां' कंसर्ट हॉल में देखने को मिला। 1,500 दर्शकों से खचाखच भरे इस हॉल में एक अमेरिकी रॉक बैंड का कार्यक्रम चल रहा था, तभी तीन आतंकी भीतर घुस आए और दर्शक दीर्घा पर ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। आतंकियों ने सैकड़ों लोगों को बंधक बना लिया। सुरक्षा बलों की कार्रवाई से पहले अकेले इसी हॉल में 89 बेगुनाहों को मौत के घाट उतार दिया गया। पेरिस की सड़कों पर हुए इन हमलों का तरीका हूबहू 26 नवंबर 2008 को मुंबई में हुए आतंकी हमलों जैसा था, जहां आतंकियों ने सार्वजनिक ठिकानों को निशाना बनाकर अधिकतम जनहानि और दहशत फैलाने की रणनीति अपनाई थी।

पेरिस में मृतकों को श्रद्धांजलि देते लोग 

जनवरी 2015 में व्यंग्य पत्रिका 'चार्ली हेब्दो' पर हुए हमले के बाद से ही फ्रांस चरमपंथियों के निशाने पर था। 2004 के स्पेन (मैड्रिड) ट्रेन धमाकों (जिसमें 191 लोग मारे गए थे) के बाद यह यूरोप की धरती पर हुआ सबसे भीषण आतंकी हमला था। इस त्रासदी के तुरंत बाद फ्रांस में राष्ट्रीय आपातकाल लागू कर दिया गया और देश की सीमाएं सील कर दी गईं।

1970: जब एक ही रात में काल के गाल में समा गए 5 लाख इंसान, मानव इतिहास के सबसे खौफनाक 'भोला चक्रवात' ने लिखी बांग्लादेश की आजादी की पटकथा

12 नवंबर 1970 की रात से 13 नवंबर की सुबह के बीच बंगाल की खाड़ी से उठे 'भोला चक्रवात' ने तत्कालीन पूर्वी पाकिस्तान (वर्तमान बांग्लादेश) के निचले तटीय इलाकों और गंगा-ब्रह्मपुत्र डेल्टा पर जो कहर बरपाया, वह मानव इतिहास की सबसे भीषण और जानलेवा प्राकृतिक आपदा के रूप में दर्ज है। करीब 185 से 240 किलोमीटर प्रति घंटे की प्रचंड रफ्तार से चली तूफानी हवाओं के साथ समुद्र में उठी 30 से 35 फीट ऊंची 'स्टॉर्म सर्ज' (विशाल समुद्री लहरों) ने रात के अंधेरे में सोते हुए गांवों, द्वीपों और कस्बों को एक ही झटके में निगल लिया।


इस जलप्रलय का सबसे भयानक असर 'भोला' जिले के तजुमुद्दीन उपजिला में देखने को मिला, जहां की कुल आबादी का लगभग आधा हिस्सा (करीब 45 फीसदी लोग) मौत की नींद सो गए। आधिकारिक और स्वतंत्र आकलनों के मुताबिक इस महाविनाश में 3 से 5 लाख बेकसूर इंसानों की जान चली गई, लाखों मवेशी बह गए और पूरी की पूरी फसलें खारे पानी में डूबकर तबाह हो गईं। चारों तरफ सिर्फ तैरती लाशों और मलबे का खौफनाक मंजर था।

लेकिन इस त्रासदी ने केवल भौगोलिक तबाही ही नहीं मचाई, बल्कि दक्षिण एशिया की राजनीति और इतिहास का भूगोल भी हमेशा के लिए बदल दिया। पश्चिमी पाकिस्तान (इस्लामाबाद) में बैठी जनरल याह्या खान की सैन्य हुकूमत ने इस महाविनाश के बाद राहत और बचाव कार्यों में जो घोर संवेदनहीनता, भेदभाव और जानबूझकर की गई देरी दिखाई, उसने पूर्वी पाकिस्तान की जनता के भीतर सुलग रहे गुस्से को ज्वालामुखी बना दिया।

दुनिया भर से मदद आने के बावजूद पाकिस्तान सरकार की लापरवाही ने बंगाली अवाम को यह एहसास करा दिया कि इस्लामाबाद के शासकों की नजर में उनकी जान की कोई कीमत नहीं है। इसी जनाक्रोश ने महज एक महीने बाद हुए आम चुनावों में शेख मुजीबुर रहमान की 'अवामी लीग' को ऐतिहासिक प्रचंड जीत दिलाई और आगे चलकर 1971 के मुक्ति संग्राम व एक स्वतंत्र राष्ट्र 'बांग्लादेश' के उदय का मार्ग प्रशस्त किया।

12-13 नवंबर 1970 की यह तारीख इतिहास में इस बात की अमर गवाह है कि जब प्रकृति के प्रकोप के साथ सत्ता का अहंकार जुड़ जाता है, तो वह साम्राज्यों के विघटन और नए राष्ट्रों के जन्म की वजह बन जाता है।

1985: कोलंबिया का वो ज्वालामुखी, जिसने 23 हज़ार जिंदा इंसानों समेत सोते हुए शहर को निगल लिया

13 नवंबर 1985 की रात दक्षिण अमेरिकी देश कोलंबिया के टोलिमा प्रांत के लिए प्रलय की रात बनकर उतरी। दशकों से खामोश बैठे 'नेवादो देल रुइज़' ज्वालामुखी में हुई हलचल को लेकर भूवैज्ञानिक महीनों से खतरे की घंटी बजा रहे थे, लेकिन प्रशासन की सुस्ती और आम लोगों की बेपरवाही इस सदी की सबसे भयानक त्रासदियों में से एक की वजह बन गई। दोपहर 3 बजे से ही ज्वालामुखी ने राख और धुंआ उगलना शुरू कर दिया था, जिसे लोगों ने सामान्य गतिविधि मानकर नजरअंदाज कर दिया और रात होने पर अपने घरों में सोने चले गए।

इस घटना के महीनों बाद तक ज्वालामुखी से राख और धुंआ निकलता रहा।

लेकिन रात करीब 9:09 बजे ज्वालामुखी ने अपना सबसे रौद्र रूप दिखाया और एक भीषण धमाके के साथ फट पड़ा। इस विस्फोट से निकली भयंकर गर्मी और लावे ने पहाड़ की चोटी पर जमी बर्फ व ग्लेशियरों को पलक झपकते ही पिघला दिया। आग और बर्फ के इस जानलेवा मिलन से राख, चट्टानों, पानी और कीचड़ का एक महाकाय सैलाब (जिसे भूविज्ञान में 'लहार' कहा जाता है) पहाड़ी ढलानों से नीचे की ओर मौत बनकर दौड़ा।

तबाही के बाद आर्मेरो शहर

आधी रात से ठीक पहले कीचड़ और मलबे की इस तेज रफ्तार लहर ने तलहटी में बसे खुशहाल 'आर्मेरो' शहर को अपनी चपेट में ले लिया। गहरी नींद में सो रहे लोगों को संभलने या भागने का एक पल भी नहीं मिला। कुछ ही मिनटों में लगभग 80 वर्ग किलोमीटर का इलाका राख और कीचड़ की मोटी परत के नीचे दफन हो गया और 23,000 से 25,000 के बीच लोग काल के गाल में समा गए।

ओमायरा सांचेज़

इस महाविनाश के बीच मलबे और पानी में गर्दन तक फंसी 13 वर्षीय मासूम बच्ची 'ओमायरा सांचेज़' की तस्वीरों और वीडियो ने पूरी दुनिया की रूह कंपा दी। राहत उपकरणों के अभाव में तीन दिनों तक मौत से जूझने के बाद आखिरकार उसने दम तोड़ दिया। ओमायरा की उन बेबस आंखों ने वैश्विक स्तर पर आपदा प्रबंधन और प्रारंभिक चेतावनी प्रणालियों को झकझोर कर रख दिया, जिसके बाद दुनिया भर में ज्वालामुखी निगरानी व्यवस्थाओं को पूरी तरह बदला गया।

13 नवंबर 1985 की यह तारीख आज भी इस बात की दर्दनाक गवाह है कि कुदरत की चेतावनियों की अनदेखी कितनी भारी पड़ सकती है।

1971: मंगल की कक्षा में पहुंचा था मरीनर-9

13 नवंबर 1971 को नासा का मरीनर-9 मंगल की कक्षा में पहुंचा था। अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा के स्पेसक्राफ्ट मैरियर-9 ने मंगल ग्रह के चक्कर लगाए। ये पहला मौका था, जब पृथ्वी से भेजे गए किसी स्पेसक्राफ्ट ने किसी दूसरे ग्रह का चक्कर लगाया था। इसी के साथ किसी दूसरे ग्रह की कक्षा में जाने वाला ये पहला मेन मेड ऑब्जेक्ट बना गया था।

मरीनर-9 एक 3-एक्सिस स्पेसक्राफ्ट था। इसी वजह से इस स्पेसक्राफ्ट ने बेहतर स्टेबिलिटी के साथ फोटोज भेजी थी।

1960 में नासा ने मरीनर मिशन की शुरुआत की थी। 1962 से 1973 के दौरान कुल 10 मरीनर लॉन्च किए गए। मरीनर-9 को नासा ने 30 मई को फ्लोरिडा से लॉन्च किया था। 13 नवंबर को जब ये मंगल ग्रह की कक्षा में पहुंचा तब वहां धूल भरा तूफान आया हुआ था। करीब एक महीने बाद जब ये तूफान खत्म हुआ तब मरीनर-9 ने मंगल और उसके चंद्रमाओं की पास से तस्वीरें भेजीं।

13 नवंबर के दिन को इतिहास में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय महत्व की इन घटनाओं की वजह से भी याद किया जाता है…

1833: उत्तरी अमेरिका के आसमान में रात भर हज़ारों उल्काएं गिरती दिखीं। इसे “ग्रेट मेटियोर स्टॉर्म” कहा गया। इसी घटना के बाद वैज्ञानिकों ने लियोनिड उल्का बौछार का गंभीरता से अध्ययन शुरू किया।

1898: सिस्टर निवेदिता ने कोलकाता में लड़कियों का स्कूल शुरू किया। उस समय लड़कियों को पढ़ने भेजना आम बात नहीं थी, इसलिए यह स्कूल अपने आप में एक बड़ा कदम था।

1913: रवींद्रनाथ टैगोर को उनकी कविताओं के संग्रह गीतांजलि के लिए नोबेल पुरस्कार देने की घोषणा हुई। टैगोर नोबेल पाने वाले पहले एशियाई और साहित्य का नोबेल पाने वाले पहले गैर-यूरोपीय व्यक्ति बने।

1918: ऑस्ट्रिया गणराज्य बना। इससे 650 वर्षों से अधिक चला हैब्सबर्ग राजवंश का शासन समाप्त हुआ।

1918: प्रथम विश्व युद्ध के दौरान मित्र देशों की सेनाओं ने ओटोमन साम्राज्य की राजधानी कॉन्स्टेंटिनोपल (वर्तमान इस्तांबुल) पर कब्जा कर लिया।

1927: न्यूयॉर्क और न्यू जर्सी को नदी के नीचे से जोड़ने वाली दुनिया की पहली सबसे लंबी अंडरवॉटर टनल (हॉलैंड टनल) आम लोगों के लिए खोली गई। इसके नॉर्थ ट्यूब की लंबाई 8,558 फीट और साउथ ट्यूब की लंबाई 8,371 फीट थी।

1950: तिब्बत ने चीनी आक्रमण के ख़िलाफ़ संयुक्त राष्ट्र में अपील की।

1950: वेनेजुएला के राष्ट्रपति कार्लोस डेलगाडो चालबाउड की राजधानी कराकस में अपहरण के बाद हत्या कर दी गई, जो देश के इतिहास में किसी पदस्थ राष्ट्रपति की पहली हत्या थी।

1968: पाकिस्तान में जुल्फिकार अली भुट्टो को गिरफ्तार किया गया। उन पर पश्चिम पाकिस्तान में छात्रों और आम जनता को सरकार के खिलाफ भड़काने का आरोप लगाया गया था।

1969: लंदन के क्वीन कार्लेट अस्पताल में एक महिला ने पांच बच्चों को जन्म दिया।

1975: विश्व स्वास्थ्य संगठन ने एशिया के चेचक मुक्त होने की घोषणा की।

1979: एक साल तक बंद रहने के बाद ‘टाइम्स’ अखबार का प्रकाशन फिर से शुरू हुआ। दरअसल नई प्रौद्योगिकी की शुरुआत और अन्य मुद्दों पर प्रबंधन तथा यूनियनों के बीच विवाद के चलते अखबार का प्रकाशन रोक दिया गया था।

1995: मोज़ाम्बिक राष्ट्रमंडल (कॉमनवेल्थ) में शामिल हुआ। यह ब्रिटिश साम्राज्य या किसी अन्य राष्ट्रमंडल देश के अधीन रहे बिना इस संगठन में शामिल होने वाला पहला देश था।

1997: सुरक्षा परिषद ने इराक पर यात्रा प्रतिबंध लगाए।

1998: चीन के विरोध को दरकिनार करते हुए तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा और अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन के बीच व्हाइट हाउस में महत्वपूर्ण मुलाकात हुई।

2007: कॉमनवेल्थ (राष्ट्रमंडल) ने पाकिस्तान में लागू आपातकाल को हटाने के लिए 10 दिनों का अल्टीमेटम दिया। समय पर कदम न उठाने की स्थिति में कॉमनवेल्थ की सदस्यता से निलंबित करने की चेतावनी दी गई। इसके बाद मुशर्रफ़ ने 28 नवंबर को सेना प्रमुख का पद छोड़ा और अंततः 15 दिसंबर 2007 को आपातकाल समाप्त किया।

2007: आस्ट्रेलिया में आयोजित एशिया पैसिफ़िक स्क्रीन अवार्ड में भारतीय फ़िल्म 'गांधी माई फ़ादर' को सर्वश्रेष्ठ पटकथा का पुरस्कार मिला।

2009: झारखण्ड में नक्सलियों ने विधायक रामचन्द्र सिंह सहित सात लोगो का अपरहण किया।

2019: सुप्रीम कोर्ट की पांच न्यायाधीशों की संविधान पीठ ने ऐतिहासिक फैसला सुनाते हुए भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) के कार्यालय को सूचना के अधिकार अधिनियम (RTI Act) के दायरे में लाने पर मुहर लगाई।

2022: तुर्की के इस्तांबुल शहर के व्यस्त इस्तिकलाल एवेन्यू में हुए शक्तिशाली बम विस्फोट में 6 लोगों की मौत हो गई और 81 लोग घायल हुए।

माया नगरी के क्यूट फेस जूही चावला का जन्मदिन आज

1980 के दशक के आखिरी वर्षों में हिंदी सिनेमा एक्शन और बदला लेने वाली फिल्मों के दौर से गुजर रहा था। ऐसे समय में हरियाणा के अंबाला में 13 नवंबर 1967 को जन्मीं जूही चावला ने अपनी सादगी और सहज अभिनय से भारतीय सिनेमा में एक ताजा हवा का झोंका लाया। 1984 में 'मिस इंडिया' का खिताब जीतने के बाद जूही ने 1986 में फिल्म 'सल्तनत' से अभिनय की शुरुआत की।

उन्हें असली और ऐतिहासिक पहचान 1988 में रिलीज हुई फिल्म 'कयामत से कयामत तक' से मिली। निर्देशक मंसूर खान की इस फिल्म में जूही चावला और आमिर खान की जोड़ी ने प्रेम कहानियों को नया आयाम दिया। इस फिल्म की सफलता ने बॉलीवुड में रोमांटिक सिनेमा के स्वर्णिम दौर की वापसी कराई।

जूही चावला ने इसके बाद 'हम हैं राही प्यार के', 'डर', 'यस बॉस', 'इश्क' और 'गुलाब गैंग' जैसी विविध फिल्मों में अपनी अदाकारी का लोहा मनवाया। राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और फिल्मफेयर पुरस्कारों से सम्मानित जूही ने न केवल अभिनय, बल्कि फिल्म निर्माण और खेल (कोलकाता नाइट राइडर्स) के क्षेत्र में भी सफल उद्यमी के रूप में अपनी अलग पहचान बनाई।

13 नवंबर को इतिहास के पन्नों में जन्मी अन्य प्रमुख हस्तियां

1780: महाराजा रणजीत सिंह (13 नवंबर 1780 – 27 जून 1839) – 'शेर-ए-पंजाब' के नाम से विख्यात सिख साम्राज्य के संस्थापक; वर्तमान पाकिस्तान के गुजरांवाला में जन्मे रणजीत सिंह ने बिखरी हुई 12 सिख मिसलों को एकजुट कर एक शक्तिशाली, धर्मनिरपेक्ष और आधुनिक सैन्य बल वाला साम्राज्य स्थापित किया, जिसकी सीमाएं सतलुज से लेकर खैबर दर्रे तक फैली थीं। (नोट: कुछ ऐतिहासिक अभिलेखों में उनकी जन्मतिथि 2 नवंबर 1780 भी दर्ज मिलती है, जबकि पारंपरिक व सर्वाधिक प्रचलित रिकॉर्ड 13 नवंबर 1780 को मानते हैं।)

1873: मुकुंद रामराव जयकर (13 नवंबर 1873 – 10 मार्च 1959) –भारतीय स्वतंत्रता सेनानी और संविधान सभा के सदस्य। उन्होंने पुणे विश्वविद्यालय की स्थापना में निर्णायक भूमिका निभाई और इसके प्रथम कुलपति बने (उन्हें 1937 में फेडरल कोर्ट ऑफ इंडिया का न्यायाधीश भी नियुक्त किया गया था)।

1916: शोभना समर्थ (13 नवंबर 1916 – 9 फरवरी 2000) – हिंदी और मराठी सिनेमा की शुरुआती दौर की दिग्गज अभिनेत्री, निर्देशक और निर्माता। उन्होंने 1943 की ऐतिहासिक फिल्म 'राम राज्य' में माता सीता का किरदार निभाकर घर-घर में लोकप्रियता हासिल की (वे प्रसिद्ध अभिनेत्रियों नूतन और तनुजा की माता थीं)।

1917: गजानन माधव मुक्तिबोध (13 नवंबर 1917 – 11 सितंबर 1964) – आधुनिक हिंदी साहित्य और 'नई कविता' के अग्रदूत कवि, आलोचक और निबंधकार। मुक्तिबोध 'तार सप्तक' के पहले कवि थे और उनकी कालजयी रचनाएं 'अंधेरे में', 'चांद का मुंह टेढ़ा है' तथा 'एक साहित्यिक की डायरी' हिंदी साहित्य की अमूल्य धरोहर मानी जाती हैं।

13 नवंबर: इतिहास के वे चेहरे जो आज के दिन अलविदा कह गए

1847: मीर मुशर्रफ़ हुसैन (13 नवंबर 1847 – 19 दिसंबर 1911) – 19वीं सदी के प्रतिष्ठित बंगाली उपन्यासकार, नाटककार और निबंधकार। ब्रिटिश भारत के बंगाल प्रेसीडेंसी स्थित कुश्तिया (वर्तमान बांग्लादेश) में जन्मे हुसैन आधुनिक बंगाली गद्य साहित्य के अग्रणी रचनाकारों में गिने जाते हैं, जिनकी कालजयी कृति 'विषाद सिंधु' ने करबला के ऐतिहासिक प्रसंग को बंगाली साहित्य में अमर कर दिया।

1862: महाराजा नरिंदर सिंह (26 नवंबर 1824 – 13 नवंबर 1862) – पटियाला रियासत के प्रभावशाली शासक। उन्हें पंजाबी भाषा व साहित्य को संरक्षण देने, विद्वानों को सम्मानित करने और पटियाला के प्रसिद्ध 'मोती बाग पैलेस' के निर्माण के लिए जाना जाता है।  

1892: राय कृष्णदास (13 नवंबर 1892 – 21 जुलाई 1980) – प्रसिद्ध हिंदी साहित्यकार। उन्होंने वाराणसी में भारत कला भवन की स्थापना की, जो आज बनारस हिंदू विश्वविद्यालय का हिस्सा है। कृष्णदास ने भारतीय चित्रकला, मूर्तिकला और प्राचीन धरोहरों के संरक्षण में ऐतिहासिक योगदान दिया, जिसके लिए भारत सरकार ने उन्हें 1963 में 'पद्म भूषण' और 1980 में 'पद्म विभूषण' से सम्मानित किया।

1917: वसंतराव बंडुजी पाटिल (13 नवंबर 1917 – 1 मार्च 1989) – महाराष्ट्र के प्रमुख स्वतंत्रता सेनानी, सहकारिता आंदोलन के प्रणेता और चार बार राज्य के मुख्यमंत्री (1977 से 1985 के बीच)। 'वसंतदादा' के नाम से विख्यात पाटिल ने भारत छोड़ो आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई तथा राज्य में सहकारिता और तकनीकी शिक्षा के विस्तार में महत्वपूर्ण योगदान दिया। वे 1985 से 1987 तक राजस्थान के राज्यपाल भी रहे। भारत सरकार ने उन्हें 1967 में 'पद्म भूषण' से सम्मानित किया।

1945: प्रियरंजन दासमुंशी (13 नवंबर 1945 – 20 नवंबर 2017) –भारतीय राजनेता, पूर्व केंद्रीय मंत्री और भारतीय फुटबॉल पूर्व अध्ययक्ष। वे पांच बार लोकसभा सांसद रहे। वे 2004 से 2008 तक केंद्र सरकार में सूचना एवं प्रसारण तथा संसदीय कार्य मंत्री रहे। करीब दो दशकों तक अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (AIFF) के अध्यक्ष रहते हुए 2006 फीफा विश्व कप में मैच कमिश्नर बनने वाले पहले भारतीय बने।

1962: डॉ. गुलाम याज़दानी (22 मार्च 1885 – 13 नवंबर 1962) – भारत के विख्यात पुरातत्वविद् और पुरालेख शास्त्री। हैदराबाद रियासत के पुरातत्व विभाग के संस्थापक निदेशक के रूप में उन्होंने अजंता, एलोरा, बीदर और दौलताबाद की ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण में अभूतपूर्व योगदान दिया, जिसके लिए भारत सरकार ने उन्हें 1959 में 'पद्म भूषण' से सम्मानित किया।  

2001: करुणा बनर्जी (25 दिसंबर 1919 – 13 नवंबर 2001) – भारतीय सिनेमा और रंगमंच की प्रतिष्ठित अभिनेत्री। उन्होंने महान फिल्मकार सत्यजीत रे की विश्वप्रसिद्ध 'अपू त्रयी' (पथेर पांचाली और अपराजितो) में 'सर्बजया' की अमर भूमिका निभाकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना पाई।

2002: कालोजी नारायण राव (9 सितंबर 1914 – 13 नवंबर 2002) – तेलंगाना के विख्यात 'प्रजा कवि' (जनता के कवि), स्वतंत्रता सेनानी और मानवाधिकार कार्यकर्ता। हैदराबाद रियासत में निज़ाम के शासन के विरुद्ध स्वतंत्रता संग्राम में सक्रिय भूमिका निभाने वाले कालोजी को साहित्य और समाज सेवा के लिए भारत सरकार ने 1992 में 'पद्म विभूषण' से सम्मानित किया।  

2010: डी.वी.एस. राजू (13 दिसंबर 1928 – 13 नवंबर 2010) – भारतीय फिल्म निर्माता और भारतीय फिल्म महासंघ (FFI) व राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम के पूर्व अध्यक्ष। तेलुगु और हिंदी सिनेमा में महत्वपूर्ण योगदान तथा 'मुझे इंसाफ चाहिए' जैसी फिल्मों के निर्माण के लिए उन्हें 2001 में 'पद्म श्री' से सम्मानित किया गया।

13 नवंबर: देश-दुनिया के प्रमुख दिवस और उनका महत्व

विश्व दयालुता दिवस

विश्व दयालुता दिवस (World Kindness Day) हर साल 13 नवंबर को मनाया जाता है। इसकी शुरुआत 1998 में वर्ल्ड काइंडनेस मूवमेंट ने की थी। इसका मकसद छोटे-छोटे अच्छे कामों के ज़रिए लोगों में दया और अपनापन बढ़ाना है।

बाहरी कड़ियां
विकिपीडिया
bharatdiscovery.org

Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे फेसबुक पेज Himachal News को फॉलोऔर YouTube चैनल Himachal News TV कोSubscribe करें।