ताज़ा खबरें, सटीक जानकारी
मंगलवार 24 नवंबर 2026 06:39 AM
साइन इन ई-पेपर वेब स्टोरीज वीडियो शॉर्ट्स
ब्रेकिंग न्यूज
Himachal Weather: हिमाचल प्रदेश में इस दिन तक मौसम रहेगा शुष्क, बिलासपुर, हमीरपुर और मंडी में तीन दिन घने कोहरे की चेतावनी; कुकुमसेरी में पारा माइनस 3 डिग्री पहुंचा विशेष न्यायाधीश बिलासपुर की अदालत का फैसला: चिट्टा मामले में दो दोषियों को 10-10 वर्ष का कठोर कारावास व 1-1 लाख रुपये जुर्माना Kangra News: विधानसभा सत्र समाप्त होते ही आपदा प्रभावित घड़गूं और स्पेडा पहुंचे उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, प्रभावित परिवारों से की मुलाकात व राहत कार्यों का लिया जायजा शिक्षा मंत्री ने जुब्बल के पर्वतारोही सचिन गांगटा को किया सम्मानित, 21 दिन में 6,000 मीटर से ऊंची 25 चोटियां फतह कर बढ़ाया हिमाचल का गौरव Himachal News: एचआरटीसी के बेड़े में शामिल होंगी 1,000 इलेक्ट्रिक बसें, बोले सीएम हिमाचल में हवाई सेवाओं के विस्तार की तैयारी तेज: शिमला से हमीरपुर, चंबा और पालमपुर के लिए शुरू होगी हेली टैक्सी; दिल्ली-शिमला व शिमला-धर्मशाला उड़ानों के विस्तार का भी केंद्र को भेजा प्रस्ताव ठियोग के बहानी गांव में तीन घरों पर एक साथ दबिश: करीब आठ किलोग्राम चरस और 1.05 लाख रुपये नकदी सहित तीन आरोपी गिरफ्तार शिक्षा मंत्री ने चीवा कैंची-देवरा सड़क का किया लोकार्पण, रियासती दौर से लंबित थी मांग; बोले- क्षेत्र में चल रहे 850 करोड़ के विकास कार्य Himachal News: मंत्री जगत सिंह नेगी की 'ऑपरेशन सिंदूर' व सेना पर कथित टिप्पणी के विरोध में उबला हिमाचल, चंबा, कुल्लू और हमीरपुर में फूंके पुतले Manali News: जगतसुख की युवती संदिग्ध परिस्थितियों में लापता, मां ने सहेली पर लगाए बड़े आरोप
Himachal News

आज का इतिहास

TODAY IN HISTORY
आज का इतिहास

12 नवंबर का इतिहास: कांग्रेस से निकाली गई इंदिरा गांधी; चक्रव्यूह को तोड़ 'गूंगी गुड़िया' ने कर दिए पार्टी के दो टुकड़े, पहले गोलमेज सम्मेलन की शुरुआत, महात्मा गांधी का वो इकलौता संदेश जो बना 'लोक सेवा प्रसारण दिवस' की अमर पहचान

12 नवंबर का इतिहास: कांग्रेस से निकाली गई इंदिरा गांधी; चक्रव्यूह को तोड़ 'गूंगी गुड़िया' ने कर दिए पार्टी के दो टुकड़े, पहले गोलमेज सम्मेलन की शुरुआत, महात्मा गांधी का वो इकलौता संदेश जो बना 'लोक सेवा प्रसारण दिवस' की अमर पहचान

12 November in History: ग्रेगोरियन कैलेंडर के अनुसार 12 नवंबर वर्ष का 316वां दिन है (लीप वर्ष में 317वां दिन)। वर्ष के समापन में अब केवल 49दिन शेष हैं।

भारतीय स्वतंत्रता के इतिहास की हलचल, राजनीति की उथल पुथल, विज्ञान के आविष्कार, नवीन विश्व के निर्माण की प्रक्रिया और शिक्षा को नये मकाम पर ले जाने वाले ‘महामना’ से लेकर ‘पक्षी मानव’ से जुडी है 12 नवंबर की तारीख। इस दिन काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के संस्थापक और भारत रत्न पंडित मदन मोहन मालवीय का वाराणसी में निधन हुआ था। वहीं इस तारीख को देश के सुप्रसिद्ध पक्षी विज्ञानी सालिम अली का जन्म हुआ और उनके जन्म दिवस को ‘राष्ट्रीय पक्षी दिवस’ के रूप में मनाया जाता है।

आज ही के दिन 1847 में ब्रिटेन के चिकित्सक सर जेम्स यंग सिंपसन ने बेहोशी की दवा के रूप में पहली बार क्लोरोफार्म का प्रयोग किया। वहीं 1930 में लंदन में भारत में संवैधानिक सुधारों पर चर्चा के लिए पहले गोलमेज सम्मेलन की शुरुआत हुई।

कांग्रेस से निकाली गई इंदिरा गांधी, चक्रव्यूह को तोड़ 'गूंगी गुड़िया' ने कर दिए पार्टी के दो टुकड़े

12 नवंबर 1969 का दिन भारतीय संसदीय राजनीति के इतिहास में सबसे बड़े सियासी भूकंप और सत्ता के आर-पार के संघर्ष की गवाही देता है। यह वो दौर था जब देश की प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को पार्टी के भीतर के कद्दावर और बुजुर्ग नेताओं का समूह जिसे 'सिंडिकेट' (के. कामराज, एस. निजलिंगप्पा, मोरारजी देसाई, अतुल्य घोष, एस.के. पाटिल) कहा जाता था कठपुतली की तरह चलाना चाहता था। यहां तक कि समाजवादी नेता डॉ. राम मनोहर लोहिया ने उस दौर में उन्हें 'गूंगी गुड़िया' तक कह दिया था। लेकिन 1969 के घटनाक्रम ने साबित कर दिया कि इंदिरा गांधी केवल सत्ता की उत्तराधिकारी नहीं, बल्कि राजनीतिक बिसात की सबसे बड़ी खिलाड़ी थीं।

इस महा-संग्राम की चिंगारी राष्ट्रपति चुनाव से भड़की। सिंडिकेट ने इंदिरा की इच्छा के विरुद्ध नीलम संजीव रेड्डी को कांग्रेस का आधिकारिक उम्मीदवार घोषित कर दिया। जवाबी हमला करते हुए इंदिरा गांधी ने मोरारजी देसाई से वित्त मंत्रालय छीन लिया, 14 बड़े बैंकों का राष्ट्रीयकरण किया और स्वतंत्र उम्मीदवार वी.वी. गिरि के पक्ष में सांसदों व विधायकों से "अंतरात्मा की आवाज" पर वोट देने की अपील कर डाली। नतीजा चौंकाने वाला रहा। रेड्डी चुनाव हार गए और सिंडिकेट के अहंकार को पहली सबसे बड़ी चोट लगी।


इसके बाद पार्टी के भीतर खुला गृहयुद्ध छिड़ गया। कांग्रेस अध्यक्ष एस. निजलिंगप्पा के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान चला और 1 नवंबर 1969 को दिल्ली में दो समानांतर कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) की बैठकें हुईं। एक निजलिंगप्पा के नेतृत्व में जंतर-मंतर रोड स्थित मुख्यालय में और दूसरी प्रधानमंत्री आवास पर इंदिरा के समर्थकों की। टकराव चरम पर पहुंचा और 12 नवंबर 1969 को निजलिंगप्पा की अध्यक्षता वाली कार्यसमिति ने अनुशासनहीनता का आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को ही कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया और संसदीय दल को नया नेता चुनने का फरमान सुना दिया।

लेकिन इंदिरा झुकने वाली नहीं थीं। उन्होंने अगले ही दिन कांग्रेस संसदीय दल की बैठक बुलाई, जिसमें अधिकांश सांसदों ने उनके नेतृत्व में आस्था जताई। यहीं से भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस दो धड़ों में बंट गई। सिंडिकेट के नेतृत्व वाली कांग्रेस (O - ऑर्गनाइजेशन) और इंदिरा की अगुवाई वाली कांग्रेस (R - रिक्विजिशनिस्ट)। संसद में अल्पमत में आने के बावजूद, इंदिरा गांधी ने वामपंथी दल (CPI) और डीएमके (DMK) के बाहरी समर्थन के दम पर लोकसभा में कांग्रेस (O) द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव को धूल चटा दी।

12 नवंबर 1969 की यह तारीख भारतीय राजनीति में उस मोड़ के रूप में दर्ज है, जब 'गूंगी गुड़िया' कही जाने वाली नेता ने पुराने दिग्गजों का वर्चस्व खत्म कर खुद को 'आयरन लेडी' के रूप में स्थापित किया।

1930: पहले गोलमेज सम्मेलन की शुरुआत

12 नवंबर 1930 का दिन भारतीय स्वतंत्रता संग्राम और ब्रिटिश औपनिवेशिक इतिहास में एक ऐसे कूटनीतिक मोड़ का साक्षी बना, जिसने दुनिया को दिखा दिया कि भारत अब याचक नहीं, बल्कि अपने भाग्य का स्वयं विधाता बनने की राह पर निकल पड़ा है। 1929 के लाहौर अधिवेशन में 'पूर्ण स्वराज्य' का शंखनाद करने के बाद, जब महात्मा गांधी ने 1930 में ऐतिहासिक दांडी मार्च निकालकर मुट्ठी भर नमक से ब्रिटिश साम्राज्य की नींव हिला दी, तो लंदन में बैठी हुकूमत के हाथ-पांव फूल गए। सविनय अवज्ञा आंदोलन की प्रचंड आग को शांत करने और भारत में भावी संवैधानिक सुधारों का खाका खींचने के लिए ब्रिटिश सरकार ने लंदन के सेंट जेम्स पैलेस में पहले 'गोलमेज सम्मेलन' का आयोजन किया।


12 नवंबर 1930 से 19 जनवरी 1931 तक चले इस सम्मेलन की अध्यक्षता तत्कालीन ब्रिटिश प्रधानमंत्री रैम्जे मैकडोनाल्ड ने की और सम्राट जॉर्ज पंचम ने इसका औपचारिक उद्घाटन किया। इतिहास में यह पहली बार था जब ब्रिटिश शासकों ने भारतीय प्रतिनिधियों को एक ही गोल मेज पर अपने बराबर बैठाकर संवाद करने की पहल की थी। इसमें देशी रियासतों के राजाओं, मुस्लिम लीग, हिंदू महासभा, सिख, ईसाई और दलित वर्ग के प्रतिनिधि डॉ. भीमराव अंबेडकर समेत कुल 89 प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

लेकिन इस भव्य कूटनीतिक आयोजन की सबसे बड़ी कमजोरी यह थी कि भारत की असली जन-आवाज भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस इस मेज से नदारद थी। उस वक्त महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू समेत कांग्रेस के तमाम शीर्ष नेता ब्रिटिश जेलों में बंद थे और कांग्रेस ने 'पूर्ण स्वराज्य' से कम किसी भी प्रस्ताव पर चर्चा करने से इनकार करते हुए इस सम्मेलन का पूर्ण बहिष्कार किया था।

बिना कांग्रेस के यह सम्मेलन ठीक वैसा ही साबित हुआ जैसा इतिहासकारों ने कहा "बिना दूल्हे के बारात"। हालांकि इस सम्मेलन में अखिल भारतीय संघ के निर्माण और अल्पसंख्यकों के अधिकारों पर गंभीर बहस हुई, लेकिन देश की सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति की गैरमौजूदगी में कोई भी ठोस निर्णय अमल में नहीं आ सका। आखिरकार ब्रिटिश सरकार को झुकना पड़ा, जिसके बाद गांधीजी को जेल से रिहा किया गया और ऐतिहासिक 'गांधी-इरविन समझौते' की नींव पड़ी। 12 नवंबर 1930 की यह तारीख इस बात का अमर प्रमाण है कि जब किसी देश की जनता अपने स्वाभिमान के लिए उठ खड़ी होती है, तो दुनिया की सबसे ताकतवर हुकूमत को भी बराबरी की मेज सजाने पर मजबूर होना पड़ता है।

1947: विभाजन की आग में झुलसते शरणार्थियों के लिए आकाशवाणी पर महात्मा गांधी का वो इकलौता संदेश जो बना 'लोक सेवा प्रसारण दिवस' की अमर पहचान

12 नवंबर 1947 का दिन भारतीय प्रसारण के इतिहास में हमेशा के लिए दर्ज हो गया। देश विभाजन के भयानक दर्द और दंगों से जूझ रहा था। हरियाणा के कुरुक्षेत्र में बने विशाल शरणार्थी शिविर में 3 लाख से ज्यादा विस्थापित लोग बेहद कठिन परिस्थितियों में रह रहे थे। वे ठंड, भूख और अपने उजड़े घरों के गम से बेहाल थे। महात्मा गांधी खुद वहां जाकर उनसे मिलना चाहते थे, लेकिन दिल्ली के तनावपूर्ण माहौल के चलते उनका वहां जाना संभव नहीं हो पा रहा था।

ऐसे में तय हुआ कि गांधी जी आकाशवाणी (All India Radio) के दिल्ली स्टूडियो से सीधे इन शरणार्थियों से बात करेंगे। दोपहर के 3 बजकर 40 मिनट पर बापू पहली और आखिरी बार रेडियो के माइक्रोफोन के सामने पहुंचे। उन्होंने स्टूडियो में प्रवेश करते ही कहा कि वे रेडियो को एक जादुई शक्ति मानते हैं, जो बिना किसी दीवार के लाखों दिलों तक पहुंचती है।


अपने करीब 20 मिनट के संबोधन में गांधी जी ने शरणार्थियों से धीरज रखने, हिम्मत न हारने और किसी से भी नफरत न करने की अपील की। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरा देश उनके साथ खड़ा है। आकाशवाणी से प्रसारित बापू की इस आवाज ने कुरुक्षेत्र के तंबुओं में बैठे लाखों बेघर लोगों में नया हौसला भर दिया। इस ऐतिहासिक दिन की याद में भारत सरकार हर साल 12 नवंबर को देश भर में 'लोक सेवा प्रसारण दिवस' रूप में मनाती है।

12 नवंबर के दिन को इतिहास में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय महत्व की इन घटनाओं की वजह से भी याद किया जाता है…

1781: द्वितीय आंग्ल-मैसूर युद्ध के दौरान अंग्रेजों ने हैदर अली की सेना को पराजित कर नागपट्टिनम (तमिलनाडु) के डच और मैसूर बंदरगाह पर कब्जा कर लिया।

1793: फ्रांसीसी क्रांति के दौर में पेरिस के पहले निर्वाचित मेयर ज्यां सिल्वेन बेली को मौत की सजा दी गई।

1847: ब्रिटेन के डॉक्टर सर जेम्स यंग सिम्पसन ने बेहोशी की दवा के रूप में पहली बार क्लोरोफॉर्म का इस्तेमाल किया।

1918: प्रथम विश्व युद्ध की समाप्ति के ठीक एक दिन बाद ऑस्ट्रिया ने औपचारिक रूप से राजशाही खत्म कर खुद को गणतंत्र घोषित किया।

1923: जर्मनी के म्यूनिख में बवेरियन सरकार को गिराने के लिए एडॉल्फ हिटलर द्वारा किए गए तख्तापलट के असफल प्रयास (बीयर हॉल पुट्स) के बाद उसे राजद्रोह के आरोप में गिरफ्तार किया गया।

1925: अमेरिका और इटली ने शांति समझौते पर हस्ताक्षर किए।

1936: केरल के त्रावणकोर रियासत के तत्कालीन महाराजा चिथिरा थिरुनल बलराम वर्मा ने ऐतिहासिक 'मंदिर प्रवेश उद्घोषणा' जारी कर सभी जातियों के हिंदुओं के लिए सरकारी मंदिरों के दरवाजे खोल दिए।

1956: मोरक्को, सूडान और ट्यूनीशिया संयुक्त राष्ट्र में शामिल हुए।

1974: दक्षिण अफ्रीका नस्लीय नीतियों के कारण संयुक्त राष्ट्र महासभा से निलंबित।

1996: हरियाणा के चरखी दादरी के आसमान में सऊदी अरब एयरलाइंस के बोइंग 747 और कजाकिस्तान एयरलाइंस के इल्युशिन 76 विमानों के बीच भीषण टक्कर हुई, जिसमें सवार सभी 349 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। यह विश्व इतिहास की सबसे घातक मिड-एयर टक्कर मानी जाती है।

2001: न्यूयॉर्क में अमेरिकी एयरलाइंस का विमान दुर्घटनाग्रस्त होने से उसमें सवार सभी 260 यात्री मारे गए। इसके अलावा इस दुर्घटना से धरती पर मौजूद 5 लोगों की मौत भी हुई।

2002: संयुक्त राष्ट्र ने स्विट्जरलैंड के संघीय ढांचे के आधार पर साइप्रस के लिए एक नई शांति योजना तैयार की।

2005: बांग्लादेश की राजधानी ढाका में 13वां दक्षेस (SAARC) शिखर सम्मेलन शुरू हुआ, जिसमें भारतीय प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने सीमा पार आतंकवाद के प्रति 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाने और इसे समाप्त करने का कड़ा आह्वान किया

2007: सऊदी के राजकुमार अलवलीद सुपरजंबो एयर बस ए-380 के पहले ख़रीददार बने।

2008: देश का पहला मानव रहित अंतरिक्ष यान-1 चन्द्रमा की अन्तिम कक्षा में स्थापित हुआ।

2008: भारत ने ओडिशा के बालासोर एकीकृत परीक्षण रेंज (ITR) से परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम के-15 (सागरिका) बैलिस्टिक मिसाइल का सफल परीक्षण किया।

2009: भारत में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार के 'अतुल्य भारत' अभियान को ‘‘वर्ल्ड ट्रेवल अवार्ड-2009’’ से नवाजा गया।

2014: यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी के रोसेटा मिशन के लैंडर 'फिली' ने इतिहास रचते हुए पहली बार किसी धूमकेतु (Comet 67P) की सतह पर सफल सॉफ्ट-लैंडिंग की।

2015: लेबनान की राजधानी बेरूत के दक्षिणी उपनगर बुर्ज अल-बराजनेह में दो आत्मघाती बम धमाके हुए, जिसमें 43 लोगों की मौत हो गई और 200 से अधिक लोग घायल हुए। आतंकी संगठन आईएसआईएस ने इस हमले की जिम्मेदारी ली।

2017: ईरान-इराक सीमा क्षेत्र (करमानशाह प्रांत) में 7.3 तीव्रता का भीषण भूकंप आया, जिसमें 600 से अधिक लोगों की मौत हुई, 8100 से अधिक लोग घायल हुए और हजारों घर क्षतिग्रस्त हो गए।

2019: महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव परिणामों के बाद किसी भी दल द्वारा सरकार न बना पाने की स्थिति में राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी की सिफारिश पर केंद्र सरकार ने राष्ट्रपति शासन लागू किया।

2020: इथियोपिया के तिग्रे क्षेत्र (माई-काद्रा शहर) में जारी सैन्य संघर्ष के दौरान बड़े पैमाने पर हुए नरसंहार में 600 से अधिक नागरिकों की हत्या की गई। मृतकों में अधिकांश वे दिहाड़ी मजदूर थे जो संघर्ष में किसी भी तरह से शामिल नहीं थे।

2022: नताशा पिरक मुसार ने स्लोवेनिया की पहली महिला राष्ट्रपति चुनी गई।

2023: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर बन रही निर्माणाधीन 'सिल्क्यारा-बड़कोट सुरंग' का एक हिस्सा धंसने से 41 निर्माण श्रमिक अंदर फंस गए, जिसके बाद 17 दिनों तक चलने वाला देश का सबसे बड़ा सुरंग बचाव अभियान शुरू हुआ।

2023: एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप 2023 के 45वें और अंतिम लीग मैच में भारत ने नीदरलैंड को 160 रनों से हराकर लीग चरण में लगातार 9वीं जीत दर्ज की। इस जीत के साथ भारत एक ही विश्व कप संस्करण में लगातार सर्वाधिक मैच जीतने का अपना पिछला (8 जीत, 2003) रिकॉर्ड तोड़ दिया।

बर्डमैन ऑफ इंडिया सलीम अली का जन्मदिन आज

12 नवंबर 1896 को बॉम्बे (अब मुंबई) में जन्मे सलीम मोइज़ुद्दीन अब्दुल अली, जिन्हें दुनिया 'सलीम अली' के नाम से जानती है, का बचपन एक साधारण घटना से हमेशा के लिए बदल गया। करीब 10 साल की उम्र में उन्होंने अपनी खिलौना एयरगन से एक चिड़िया का शिकार किया। जब उन्होंने गौरैया जैसी दिखने वाली उस चिड़िया के गले पर पीले रंग का अनोखा धब्बा देखा, तो वे हैरान रह गए। वे उसे बॉम्बे नेचुरल हिस्ट्री सोसाइटी (BNHS) लेकर पहुंचे, जहां सचिव डब्ल्यू. एस. मिलार्ड ने उन्हें पक्षियों के संसार से रूबरू कराया।


वहीं से सलीम अली के मन में पक्षियों के लिए जो जुनून जागा, उसने उन्हें जंगलों, पहाड़ों और दलदलों की खाक छानने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने पूरे भारत का पैदल और साइकिल पर दौरा कर पक्षियों का पहला वैज्ञानिक सर्वे तैयार किया। उनकी किताबें 'द बुक ऑफ इंडियन बर्ड्स' और 10 खंडों की 'हैंडबुक ऑफ द बर्ड्स ऑफ इंडिया एंड पाकिस्तान' आज भी पक्षी विज्ञान की बाइबिल मानी जाती हैं। भारत सरकार ने उन्हें पद्म विभूषण से नवाजा और उनकी जयंती को देश भर में 'राष्ट्रीय पक्षी दिवस' के रूप में मनाया जाता है।

सालिम अली लंबे वक्त से प्रोस्टेट कैंसर से जूझ रहे थे और जब 1987 में उनका निधन हुआ, उस समय वह 91 वर्ष के थे। सालिम अली के नाम से कई पक्षी विहारों और रिसर्च सेंटर के नाम रखे गए हैं। उनकी लिखी सबसे प्रचलित किताब द बुक ऑफ इंडियन बर्ड्स है।

12 नवंबर को इतिहास के पन्नों में जन्मी अन्य प्रमुख हस्तियां

1840: ऑगस्ट रोडिन (12 नवंबर 1840 – 17 नवंबर 1917) – फ्रांस के विश्वविख्यात मूर्तिकार, जिन्हें आधुनिक मूर्तिकला का जनक माना जाता है; उन्होंने पारंपरिक शास्त्रीय मानकों से हटकर मानवीय भावनाओं और शारीरिक बनावट की जीवंत अभिव्यक्ति करते हुए 'द थिंकर' और 'द किस' जैसी कालजयी कृतियां गढ़ीं।

1866: डॉ. सुन यात-सेन (12 नवंबर 1866 – 12 मार्च 1925) – आधुनिक चीन के राष्ट्रपिता, चिकित्सक और क्रांतिकारी राजनेता। उन्होंने 1911 की शिन्हाई क्रांति का नेतृत्व कर चीन में हजारों साल पुराने राजतंत्र (किंग राजवंश) का अंत किया तथा 1912 में चीन गणराज्य (Republic of China) के पहले अस्थायी राष्ट्रपति बने।

1940: अमजद खान (12 नवंबर 1940 – 27 जुलाई 1992) – हिंदी सिनेमा के दिग्गज चरित्र और खलनायक अभिनेता। 1975 की कालजयी फिल्म'शोले' में 'गब्बर सिंह' के ऐतिहासिक किरदार से भारतीय सिनेमा में खलनायकी को नया आयाम देने वाले अमजद खान ने अपने करियर में 130 से अधिक फिल्मों में यादगार अभिनय किया।

1911: अमलप्रवा दास (12 नवंबर 1911 – 1994) –स्वतंत्रता सेनानी, समाज सुधारक। महात्मा गांधी की करीबी सहयोगी रहीं अमलप्रवा दास ने अछूतोद्धार, महिला शिक्षा, खादी प्रचार और ग्रामीण स्वावलंबन के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। भारत सरकार ने उनके निस्वार्थ सामाजिक योगदान के लिए 1954 में (पद्म पुरस्कारों के प्रथम वर्ष में ही) उन्हें 'पद्म श्री' से सम्मानित किया था (उन्होंने बाद में विनम्रतापूर्वक पद्म विभूषण स्वीकार करने से यह कहते हुए मना कर दिया था कि वे बिना किसी पद या अलंकरण के सेवा करना चाहती हैं)।

1915: अख़्तरुल ईमान (12 नवंबर 1915 – 9 मार्च 1996) – आधुनिक उर्दू नज़्म के युगप्रवर्तक शायर, साहित्य अकादमी पुरस्कार विजेता और हिंदी सिनेमा के प्रख्यात पटकथा व संवाद लेखक। उनकी प्रमुख काव्य कृतियों में 'गिरदाब', 'तारीक सैयारा', 'आब-जू' और 'यादें' शामिल हैं (जिसके लिए उन्हें 1962 में साहित्य अकादमी पुरस्कार मिला)। उन्होंने 'वक़्त' (1965 – सर्वश्रेष्ठ संवाद का फिल्मफेयर पुरस्कार), 'धर्मपुत्र' (1961 – सर्वश्रेष्ठ संवाद का फिल्मफेयर पुरस्कार), 'क़ानून', 'हमराज़' और 'गुमराह' के यादगार संवाद व पटकथाएं लिखकर भारतीय सिनेमा पर अमिट छाप छोड़ी।

1934: डॉ. दिलीप महलानबीस (12 नवंबर 1934 – 16 अक्टूबर 2022) – विश्वविख्यात भारतीय बाल रोग विशेषज्ञ और चिकित्सा वैज्ञानिक, जिन्हें जीवनरक्षक 'ओरल रिहाइड्रेशन थेरेपी' (ORS – ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्यूशन) को व्यावहारिक रूप से लागू करने और दुनिया भर में लोकप्रिय बनाने का श्रेय दिया जाता है। चिकित्सा पत्रिका 'द लैंसेट' ने इसे "20वीं सदी की सबसे महत्वपूर्ण चिकित्सा खोज" बताया और भारत सरकार ने 2023 में उन्हें मरणोपरांत 'पद्म विभूषण' से अलंकृत किया।

1943: डॉ. बी. एन. सुरेश – भारत के प्रतिष्ठित अंतरिक्ष वैज्ञानिक। उन्होंने इसरो के सबसे बड़े केंद्र विक्रम साराभाई अंतरिक्ष केंद्र के निदेशक (2003–2007) और भारतीय अंतरिक्ष विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (IIST) के संस्थापक निदेशक के रूप में कार्य किया। 2007 के ऐतिहासिक 'स्पेस कैप्सूल रिकवरी एक्सपेरिमेंट' (अंतरिक्ष से यान की सुरक्षित धरती पर वापसी) की सफलता में उनकी निर्णायक भूमिका रही। अंतरिक्ष विज्ञान में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए भारत सरकार ने उन्हें 2002 में 'पद्म श्री' और 2013 में 'पद्म भूषण' से सम्मानित किया।

1961: नादिया कोमानेची – रोमानिया की महान जिम्नास्ट। 1976 के मॉन्ट्रियल ओलंपिक खेलों में महज 14 वर्ष की उम्र में उन्होंने जिम्नास्टिक के इतिहास का पहला 'परफेक्ट 10' (10.0) स्कोर हासिल कर विश्व कीर्तिमान बनाया। उन्होंने पांच बार ओलंपिक स्वर्ण पदक जीते हैं।

1966: राजीव संधू (12 नवंबर 1966 – 19 जुलाई 1988) –भारतीय सैन्य अधिकारी। उन्हें श्रीलंका में 'ऑपरेशन पवन' के दौरान अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान के लिए मरणोपरांत देश के दूसरे सर्वोच्च सैन्य सम्मान 'महावीर चक्र' से अलंकृत किया गया।

1980: रयान गोसलिंग – कनाडा के अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त अभिनेता और संगीतकार। 'द नोटबुक', 'ड्राइव', 'ला ला लैंड', 'ब्लेड रनर 2049' और 'बार्बी' जैसी चर्चित फिल्मों में अपने संवेदनशील और बहुआयामी अभिनय के लिए वे कई बार ऑस्कर (अकादमी पुरस्कार) के लिए नामांकित हो चुके हैं।

12 नवंबर: इतिहास के वे चेहरे जो आज के दिन अलविदा कह गए

1916: पर्सिवल लोवेल (13 मार्च 1855 – 12 नवंबर 1916) – अमेरिका के प्रख्यात खगोलशास्त्री, गणितज्ञ और लेखक। उन्होंने एरिजोना के फ्लैगस्टाफ में 'लोवेल वेधशाला' की स्थापना की और सौरमंडल के नौवें ग्रह के रूप में प्लूटो (यम) की खोज के लिए गणितीय आधार व शुरुआती शोध तैयार किया, जिसके आधार पर 1930 में उनकी ही वेधशाला में क्लाइड टॉमबौग ने प्लूटो की खोज की।  

1939: डॉ. नॉर्मन बेथ्यून (3 मार्च 1890 – 12 नवंबर 1939) – कनाडा के प्रख्यात शल्य चिकित्सक (सर्जन)। उन्होंने युद्ध के मोर्चे पर इस्तेमाल होने वाली पहली मोबाइल ब्लड-ट्रांसफ्यूजन यूनिट (चलित रक्त आधान इकाई) विकसित की।  

1946: पंडित मदन मोहन मालवीय (25 दिसंबर 1861 – 12 नवंबर 1946) – महान स्वतंत्रता सेनानी, प्रख्यात शिक्षाविद्, पत्रकार और समाज सुधारक। वे चार बार भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष रहे, उन्होंने 1916 में एशिया के सबसे बड़े आवासीय विश्वविद्यालय 'काशी हिंदू विश्वविद्यालय' (BHU) की स्थापना की तथा 'सत्यमेव जयते' के राष्ट्रीय नारे को लोकप्रिय बनाया (भारत सरकार ने 2014 में उन्हें मरणोपरांत देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'भारत रत्न' से अलंकृत किया)।  

1899: न्यायमूर्ति भुवनेश्वर प्रसाद सिन्हा (1 फरवरी 1899 – 12 नवंबर 1986) – भारत के छठे मुख्य न्यायाधीश (CJI)।  

1989: डोलोरेस इबारुरी जिन्हें पासियोनारिया के नाम से भी जाना जाता है (9 दिसंबर 1895 – 12 नवंबर 1989) – स्पेन की प्रसिद्ध महिला राजनीतिक नेता और स्पेनिश गृहयुद्ध (1936–1939) की प्रमुख क्रांतिकारी चेहरा। फासीवाद के खिलाफ मैड्रिड की लड़ाई में उनके ऐतिहासिक नारे '¡No Pasarán!' ("वे आगे नहीं बढ़ पाएंगे") ने उन्हें दुनिया भर में लोकतांत्रिक प्रतिरोध का प्रतीक बना दिया।  

2005: प्रोफेसर मधु दंडवते (21 जनवरी 1924 – 12 नवंबर 2005) – भारत के वरिष्ठ समाजवादी राजनेता, स्वतंत्रता सेनानी और भौतिक विज्ञानी। उन्होंने मोरारजी देसाई सरकार में रेल मंत्री (1977–1979) और वी. पी. सिंह सरकार में वित्त मंत्री (1989–1990) के रूप में काम किया तथा भारतीय रेल में द्वितीय श्रेणी (Second Class) के डिब्बों में लकड़ी की सख्त सीटों की जगह गद्देदार (कुशन वाली) बर्थ लगवाने और कोंकण रेलवे की नींव रखने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई।  

1934: लल्लन प्रसाद व्यास (24 मार्च 1934 – 12 नवंबर 2012) – भारत के प्रख्यात पत्रकार, साहित्यकार, सांस्कृतिक राजदूत और रामायण अध्येता। उन्होंने 1984 में विश्व भर के रामायण विद्वानों और शोधकर्ताओं को एक मंच पर लाने के लिए 'अंतरराष्ट्रीय रामायण सम्मेलन' की शुरुआत की। भारत सरकार ने उन्हें 2005 में 'पद्म श्री' से सम्मानित किया।

2018: स्टेन ली उर्फ स्टेनली मार्टिन लीबर (28 दिसंबर 1922 – 12 नवंबर 2018) – अमेरिकी कॉमिक बुक लेखक, संपादक, प्रकाशक और 'मार्वल कॉमिक्स' के रचनात्मक सूत्रधार। उन्होंने जैक किर्बी और स्टीव डिटको के साथ मिलकर 'स्पाइडर-मैन', 'आयरन मैन', 'द हल्क', 'थॉर', 'एक्स-मेन' और 'ब्लैक पैंथर' जैसे विश्वप्रसिद्ध सुपरहीरो पात्रों का सृजन कर आधुनिक पॉप संस्कृति और सिनेमा की दिशा बदल दी।  

2018: अनंत कुमार (22 जुलाई 1959 – 12 नवंबर 2018) – वरिष्ठ भारतीय राजनेता, बेंगलुरु दक्षिण से लगातार छह बार लोकसभा सांसद (1996–2018) और केंद्र सरकार में संसदीय कार्य तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री रहे। उन्होंने किसानों के लिए यूरिया की कालाबाजारी रोकने हेतु '100 प्रतिशत नीम-कोटेड यूरिया' नीति लागू