ताज़ा खबरें, सटीक जानकारी
मंगलवार 24 नवंबर 2026 06:39 AM
साइन इन ई-पेपर वेब स्टोरीज वीडियो शॉर्ट्स
ब्रेकिंग न्यूज
Himachal Weather: हिमाचल प्रदेश में इस दिन तक मौसम रहेगा शुष्क, बिलासपुर, हमीरपुर और मंडी में तीन दिन घने कोहरे की चेतावनी; कुकुमसेरी में पारा माइनस 3 डिग्री पहुंचा विशेष न्यायाधीश बिलासपुर की अदालत का फैसला: चिट्टा मामले में दो दोषियों को 10-10 वर्ष का कठोर कारावास व 1-1 लाख रुपये जुर्माना Kangra News: विधानसभा सत्र समाप्त होते ही आपदा प्रभावित घड़गूं और स्पेडा पहुंचे उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, प्रभावित परिवारों से की मुलाकात व राहत कार्यों का लिया जायजा शिक्षा मंत्री ने जुब्बल के पर्वतारोही सचिन गांगटा को किया सम्मानित, 21 दिन में 6,000 मीटर से ऊंची 25 चोटियां फतह कर बढ़ाया हिमाचल का गौरव Himachal News: एचआरटीसी के बेड़े में शामिल होंगी 1,000 इलेक्ट्रिक बसें, बोले सीएम हिमाचल में हवाई सेवाओं के विस्तार की तैयारी तेज: शिमला से हमीरपुर, चंबा और पालमपुर के लिए शुरू होगी हेली टैक्सी; दिल्ली-शिमला व शिमला-धर्मशाला उड़ानों के विस्तार का भी केंद्र को भेजा प्रस्ताव ठियोग के बहानी गांव में तीन घरों पर एक साथ दबिश: करीब आठ किलोग्राम चरस और 1.05 लाख रुपये नकदी सहित तीन आरोपी गिरफ्तार शिक्षा मंत्री ने चीवा कैंची-देवरा सड़क का किया लोकार्पण, रियासती दौर से लंबित थी मांग; बोले- क्षेत्र में चल रहे 850 करोड़ के विकास कार्य Himachal News: मंत्री जगत सिंह नेगी की 'ऑपरेशन सिंदूर' व सेना पर कथित टिप्पणी के विरोध में उबला हिमाचल, चंबा, कुल्लू और हमीरपुर में फूंके पुतले Manali News: जगतसुख की युवती संदिग्ध परिस्थितियों में लापता, मां ने सहेली पर लगाए बड़े आरोप
Himachal News

आज का इतिहास

TODAY IN HISTORY
आज का इतिहास

11 नवंबर का इतिहास: 1.7 करोड़ लाशों के ढेर पर खत्म हुआ पहला विश्वयुद्ध, 9 साल के बालक के रूप में सिखों को मिला अपना अंतिम गुरु

11 नवंबर का इतिहास: 1.7 करोड़ लाशों के ढेर पर खत्म हुआ पहला विश्वयुद्ध, 9 साल के बालक के रूप में सिखों को मिला अपना अंतिम गुरु

11 November in History: ग्रेगोरियन कैलेंडर के अनुसार 11 नवंबर वर्ष का 315वां दिन है (लीप वर्ष में 316वां दिन)। वर्ष के समापन में अब केवल 50दिन शेष हैं। साल के 11वें महीने का यह 11वां दिन कई अच्छी बुरी घटनाओं के साथ इतिहास के पन्नों में दर्ज है। कई महान विभूतियों ने 11 नवंबर को जन्म लिया और इस दिन चार देशों को आजादी मिली। 1918 में आज ही के दिन प्रथम विश्व युद्ध की औपचारिक समाप्ति के लिए युद्धविराम समझौते पर हस्ताक्षर हुए थे, जिसने चार साल के विनाशकारी महायुद्ध को थाम दिया।

भारत में यह दिन ‘राष्ट्रीय शिक्षा दिवस’ के रूप में मनाया जाता है। देश के पहले शिक्षा मंत्री मौलाना अबुल कलाम आजाद की जयंती 11 नवंबर को होती है, जिसे देश में ‘राष्ट्रीय शिक्षा दिवस’ के रूप में मनाता है।

1918: 11वें महीने के 11वें दिन थमीं तोपों की गूंज, 1.7 करोड़ लाशों के ढेर पर खत्म हुआ पहला विश्वयुद्ध

साल 1918... 11वें महीने के 11वें दिन, समय सुबह 11:00 बजे पश्चिमी मोर्चे पर गरजती तोपें हमेशा के लिए खामोश हो गईं। लगभग 1.7 करोड़ सैनिकों व नागरिकों की मौत और 2 करोड़ से ज्यादा लोगों के अपंग होने के बाद पहला विश्व युद्ध तो समाप्त हो गया और चार विशाल साम्राज्य रूसी, जर्मन, ऑस्ट्रिया-हंगरी और ऑटोमन इतिहास के पन्नों में दफन हो गए।

दरअसल 28 जून 1914 को सारायेवो की सड़कों पर ऑस्ट्रिया-हंगरी के युवराज फ्रांत्स फर्डिनांड और उनकी पत्नी सोफी की हत्या की एक गोली ने पूरी दुनिया को जिस आग में झोंका था, वह चार साल, तीन महीने और दो सप्ताह तक लगातार धधकती रही। 28 जुलाई 1914 को ऑस्ट्रिया द्वारा सर्बिया पर हमले के साथ शुरू हुआ यह खूनी संघर्ष मानव इतिहास का पहला 'वैश्विक महाभारत' साबित हुआ। सेंट्रल पॉवर्स (जर्मनी, ऑस्ट्रिया-हंगरी, ऑटोमन साम्राज्य) और मित्र देशों (ब्रिटेन, फ्रांस, रूस, इटली, जापान और बाद में अमेरिका) के बीच लड़े गए इस महायुद्ध में यूरोप, मध्य-पूर्व और समुद्र की लहरों तक इंसानी खून बहा।

इस भीषण महासमर में लाखों भारतीय शूरवीरों ने भी ब्रिटिश हुकूमत की तरफ से विदेशी मोर्चों पर अपनी वीरता का लोहा मनवाया। मध्य-पूर्व भेजे गए भारतीय सैनिकों में से 60% ने मेसोपोटामिया (मौजूदा इराक) के रेगिस्तानों और 10% ने मिस्र व फिलिस्तीन के मोर्चों पर जंग लड़ी। गोलियों और बमों के साथ-साथ भयंकर बीमारियों और दुरूह मौसम की मार झेलते हुए हजारों भारतीय वीरों ने सर्वोच्च बलिदान दिया।

युद्ध में शामिल ब्रिटिश इंडियन आर्मी के सैनिक

युद्ध के अंतिम दौर में जर्मनी के भीतर भुखमरी और जन-विद्रोह का ऐसा तूफान उठा कि कैसर विल्हेम द्वितीय को अपना सिंहासन छोड़कर नीदरलैंड भागना पड़ा। आखिरकार 11 नवंबर 1918 की सुबह फ्रांस के कॉम्पीएन के घने जंगलों में खड़ी एक रेलवे कैरिज (सैलून कार) में मित्र देशों के सुप्रीम कमांडर मार्शल फर्डिनेंड फोश और जर्मन प्रतिनिधियों के बीच ऐतिहासिक युद्धविराम (वर्साय की संधि) पर दस्तखत हुए।

संधि के ‘वॉर गिल्ट क्लॉज’ के तहत प्रथम विश्व युद्ध की शुरुआत का पूरा दोष जर्मनी और उसके सहयोगियों पर मढ़ दिया गया। जर्मनी पर लगभग 6.6 अरब पाउंड का जुर्माना लगाया गया, जिससे उसकी अर्थव्यवस्था पूरी तरह तबाह हो गई। जर्मनी को अपने कुल भूभाग का लगभग 13% हिस्सा और 10% आबादी गंवानी पड़ी। अलसैस-लोरेन फ्रांस को वापस दे दिया गया और सार कोयला क्षेत्र पर फ्रांस का अधिकार हो गया। अफ्रीका और एशिया में जर्मनी के सभी उपनिवेश मित्र राष्ट्रों द्वारा आपस में बांट लिए गए।

जर्मनी की सेना को मात्र एक लाख सैनिकों तक सीमित कर दिया गया, वायुसेना और पनडुब्बियों पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया। अनिवार्य सैन्य सेवा समाप्त कर दी गई। जर्मनी को इस संधि की बैठकों में शामिल नहीं किया गया था। उसे केवल तैयार मसौदे पर हस्ताक्षर करने के लिए बुलाया गया था। इस प्रतिशोधात्मक और कठोर संधि ने जर्मनी में भारी असंतोष पैदा किया।

तय समझौते के मुताबिक, साल 1918 को 11वें महीने के 11वें दिन, ठीक सुबह 11:00 बजे पश्चिमी मोर्चे पर गरजती तोपें हमेशा के लिए खामोश हो गईं। मगर थोपी गई वर्साय की अपमानजनक संधि ने जर्मनी की राख में बदले की वो चिंगारी छोड़ दी, जिसने महज दो दशक बाद दूसरे विश्व युद्ध का खूनी तांडव रच दिया।

1675: 9 साल के बालक के रूप में सिखों को मिला अपना अंतिम गुरु

11 नवंबर 1675 का दिन भारतीय और सिख इतिहास के सबसे गौरवशाली, साहसी और युगांतरकारी पन्नों में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है। दिल्ली के चांदनी चौक में आततायी मुग़ल शासक औरंगज़ेब के धार्मिक अत्याचारों के खिलाफ कश्मीरी पंडितों के धर्म और आस्था की रक्षा करते हुए जब सिखों के नौवें गुरु, 'हिंद दी चादर' श्री गुरु तेग बहादुर सिंह जी ने अपना शीश न्योछावर कर दिया, तो उस सर्वोच्च शहादत के बाद मात्र 9 वर्ष की सुकुमार आयु में बालक गोबिंद राय (आगे चलकर श्री गुरु गोबिंद सिंह जी) सिखों के दसवें और अंतिम देहधारी गुरु के रूप में गुरुगद्दी पर आसीन हुए।

इतनी अल्पायु में इतना विशाल उत्तरदायित्व संभालना कोई साधारण घटना नहीं थी। गुरु श्री गोबिंद सिंह जी केवल एक आध्यात्मिक मार्गदर्शक नहीं थे, बल्कि वे एक अद्वितीय कवि, उच्च कोटि के दार्शनिक, बहुभाषाविद और रणभूमि के अजेय सेनापति थे। उन्होंने झुकने और जुल्म सहने की सदियों पुरानी मानसिकता को जड़ से उखाड़ फेंका और साधारण, शोषित जनता की भुजाओं में वो फौलादी ताकत भर दी जिसने अत्याचारी सल्तनत की नींव हिला दी।

वर्ष 1699 में बैसाखी के पावन पर्व पर आनंदपुर साहिब में उन्होंने 'खालसा पंथ' की स्थापना कर इतिहास का रुख ही मोड़ दिया। उन्होंने 'अमृत छकाकर' हर सिख को एक संत-सिपाही में बदल दिया और पहचान व अनुशासन के लिए 'पंच ककार' (केश, कंघा, कृपाण, कड़ा और कच्छा) को अनिवार्य किया। जात-पात के सारे भेद मिटाकर उन्होंने उद्घोष किया था: "सवा लाख से एक लड़ाऊं, चिड़ियों सों मैं बाज तड़ौऊं, तबै गोबिंद सिंह नाम कहाऊं।"

11 नवंबर 1675 की यह तारीख केवल एक नए गुरु के राज्यारोहण का दिन नहीं, बल्कि जुल्म और दमन के खिलाफ स्वाभिमान, शौर्य और अमर शहादत की नई परंपरा के जन्म का शंखनाद है।

2006: विदेशी छात्र ने JNU में लाल सलाम के साथ रचा इतिहास

अमेरिकी चुनावों में भारतीय मूल के नेताओं का परचम लहराना तो दुनिया अक्सर देखती है, लेकिन भारतीय राजनीति और छात्र आंदोलनों की सबसे गर्म नर्सरी माने जाने वाले जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) के अखाड़े में जब एक अमेरिकी नागरिक ने चुनाव जीतकर इतिहास रचा, तो दिल्ली से लेकर वाशिंगटन तक सब सन्न रह गए।

साल 2006 के नवंबर में हुए छात्रसंघ चुनावों में 28 वर्षीय अमेरिकी छात्र टायलर वॉकर विलियम्स ने वामपंथी छात्र संगठन 'ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन' (AISA) के टिकट पर उपाध्यक्ष पद का चुनाव 300 से अधिक मतों के भारी अंतर से जीतकर सबको चौंका दिया था।

अमेरिका के इलिनॉय के रहने वाले टायलर JNU में आधुनिक भारतीय भाषाओं के केंद्र से हिंदी साहित्य के शोधार्थी थे। उनकी सबसे बड़ी ताकत थी उनकी धाराप्रवाह, मुहावरेदार हिंदी और वामपंथी विचारधारा पर गहरी वैचारिक पकड़। वे ढपली की थाप पर जेएनयू के ढाबों और हॉस्टलों में छात्रों के साथ पूरी रात बहस करते और धाराप्रवाह हिंदी में पूंजीवाद व साम्राज्यवाद के खिलाफ ओजस्वी भाषण देते थे। एक गोरे अमेरिकी का अमेरिकी साम्राज्यवाद के खिलाफ लाल झंडा उठाकर प्रचार करना उस दौर में पूरे देश के मीडिया के लिए सबसे बड़ा कौतूहल बन गया था।

जीत के बाद बीबीसी (BBC) और राष्ट्रीय मीडिया को दिए गए उनके साक्षात्कारों ने देश के राजनीतिक गलियारों में भारी हलचल मचा दी थी। नक्सलबाड़ी आंदोलन और सशस्त्र संघर्ष पर खुलकर बोलते हुए टायलर ने बेबाकी से कहा था, "भारत के सुदूर छोटे-छोटे गांवों में गरीब और आदिवासी अपने बुनियादी जल, जंगल, जमीन के अधिकारों के लिए लड़ रहे हैं। अगर वे इन अधिकारों की रक्षा के लिए हथियार उठाते हैं, तो हम उनके इस संघर्ष का पूरा समर्थन करेंगे। वे कोई अमेरिका बनाने के लिए हथियार नहीं उठा रहे, बल्कि अपने अस्तित्व के लिए लड़ रहे हैं।"

उनके इस बयान पर भारी राजनीतिक विवाद भी छिड़ा, लेकिन टायलर ने अपने छात्र कार्यकाल में छात्रों के हक और विदेशी छात्रों की समस्याओं को लेकर कई महत्वपूर्ण कदम उठाए। छात्र राजनीति का यह अनोखा दौर पूरा करने के बाद वे बाद में कोलंबिया यूनिवर्सिटी में दक्षिण एशियाई साहित्य के प्राध्यापक बने।

11 नवंबर 2006 की यह चुनावी जीत भारतीय छात्र राजनीति के इतिहास में एक ऐसा अनूठा पन्ना है, जिसने साबित किया कि विचारधारा और जनसंपर्क के आगे सरहदों और राष्ट्रीयताओं की दीवारें बेअसर हो जाती हैं।

11 नवंबर के दिन को इतिहास में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय महत्व की इन घटनाओं की वजह से भी याद किया जाता है…

1208: फ्रैंकफर्ट की शाही सभा में ओटो चतुर्थ को जर्मन सम्राट चुना गया। उस समय जर्मनी और मध्य यूरोप की राजनीति में होहेन्स्टाउफेन और वेल्फे राजवंशों के बीच संघर्ष चल रहा था, जिसमें ओटो चतुर्थ की स्थिति महत्वपूर्ण रही। इसके बाद 4 अक्टूबर 1209 को उन्हें रोम में पोप इनोसेंट तृतीय द्वारा पवित्र रोमन सम्राट के रूप में ताज पहनाया गया।

1745: चार्ल्स एडवर्ड स्टुअर्ट उर्फ बोनी प्रिंस चार्ली की सेना 5,500 स्कॉटिश सैनिकों के साथ इंग्लैंड में घुसी कार्लिसेल शहर पर कब्जा किया। चार्ल्स अपने पिता जेम्स फ्रांसिस एडवर्ड स्टुअर्ट को ब्रिटिश सिंहासन पर फिर से आसीन करना चाहते थे और हनोवर वंश के राजा जॉर्ज द्वितीय को गद्दी से हटाना चाहते थे। दिसंबर 1745 की शुरुआत में यह सेना लंदन से सिर्फ करीब 120-150 मील दूर डर्बी तक पहुंच गई थी। इंग्लैंड और फ्रांस से अपेक्षित समर्थन न मिलने तथा ब्रिटिश सेनाओं के खतरे को देखते हुए डर्बी से उन्हें पीछे हटना पड़ा। 16 अप्रैल 1746 को 'कलोडन के युद्ध' में उनकी हार के साथ यह विद्रोह समाप्त हो गया।

1809: केरल में वेलुत्तम्पि ने ब्रिटिश आधिपत्य के विरुद्ध विद्रोह करने के लिए लोगों का आह्वान करते हुए एक घोषणा निकाली, जो 'कुण्डरा घोषणा' नाम से जानी जाती है।

1811: कार्टाहेना कोलंबिया ने स्पेन से खुद को स्वतंत्र घोषित किया।

1836: चिली ने बोलीविया और पेरु के खिलाफ युद्ध की घोषणा की।

1889: वाशिंगटन आधिकारिक रूप से संयुक्त राज्य अमेरिका के 42वें राज्य के रूप में संघ में शामिल हुआ। यह अमेरिका का एकमात्र ऐसा राज्य है जिसका नाम किसी अमेरिकी राष्ट्रपति (जॉर्ज वाशिंगटन) के नाम पर रखा गया है। आज के समय में वाशिंगटन माइक्रोसॉफ्ट, अमेज़न और बोइंग जैसी दुनिया की दिग्गज कंपनियों के जन्मस्थान या प्रमुख मुख्यालय के रूप में जाना जाता है।

1905: वेल्स के राजकुमार (जो बाद में किंग जॉर्ज पंचम बने) ने मुंबई में प्रिंस ऑफ वेल्स म्यूजियम की आधारशिला रखी। वर्ष 1998 में इसका नाम बदलकर छत्रपति शिवाजी महाराज वास्तु संग्रहालय कर दिया गया। यहां प्राचीन भारतीय मूर्तियों, लघु चित्रों, प्राकृतिक इतिहास और मुगलकालीन वस्तुओं का बेहतरीन संग्रह मौजूद है।

1918: पोलैंड स्वतंत्र देश घोषित।

1937: अमेरिकी भौतिक विज्ञानी क्लिंटन डेविसन और ब्रिटिश भौतिक विज्ञानी जॉर्ज पेजेट थॉमसन को भौतिकी का नोबेल पुरस्कार दिया गया था।

1962: कुवैत की नेशनल असेंबली ने संविधान को स्वीकार किया।

1965: रोडेशिया (वर्तमान जिम्बाब्वे) के प्रधानमंत्री इयान स्मिथ ने ब्रिटेन से अपनी स्वतंत्रता की एकतरफा घोषणा की। संयुक्त राष्ट्र और अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने इस घोषणा को अवैध माना।

1966: अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने अंतरिक्ष यान ‘जैमिनी-12’ लॉन्च किया।

1973: पहली अंतरराष्ट्रीय डाक टिकट प्रदर्शनी नयी दिल्ली में शुरू।

1973: मिस्र और इजरायल के बीच काहिरा-स्वेज मार्ग के 'किलोमीटर 101' पर हुआ युद्धविराम समझौता हुआ। इसने न केवल विनाशकारी योम किप्पुर युद्ध को समाप्त किया, बल्कि दोनों देशों के बीच भविष्य में होने वाली प्रत्यक्ष शांति वार्ताओं की आधारशिला भी रखी।

1975: दक्षिण अफ्रीकी राज्य अंगोला को पांच सदियों बाद पुर्तगाल से आजादी मिली।

1975: शिलॉन्ग समझौता हुआ, जिसमें नागालैंड की अंडरग्राउंड सरकार ने बिना किसी शर्त के भारत का संविधान स्वीकार किया।

1978: मॉमून अब्दुल गयूम मालदीव के तीसरे राष्ट्रपति बने।

1982: इजराइल के सैन्य मुख्यालय में गैस विस्फोट में 60 लोगों की मौत।

1982: लेबनान के टायर शहर में इजराइली सैन्य मुख्यालय पर हुए आत्मघाती बम धमाके में लगभग 102 लोग मारे गए।

1985: एड्स थीम पर आधारित पहली टीवी फ़िल्म ‘एन अर्ली फ्रोस्ट’ अमेरिका में प्रदर्शित की गयी। एनबीसी (NBC) नेटवर्क पर प्रसारित इस फिल्म ने उस दौर में एड्स से जुड़े सामाजिक डर और वर्जनाओं को तोड़ने में एक ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी।

2000: ऑस्ट्रिया में सुरंग से गुजरती हुई ट्रेन में आग लगने से 180 लोगों की मृत्यु। इस घटना में केवल 12 लोग ही जीवित बच पाए थे।

2002: माइक्रोसॉफ्ट के बिल गेट्स ने भारत में एड्स के खिलाफ लड़ाई में 100 मिलियन डॉलर  (लगभग 480 करोड़ रुपये) देने की घोषणा की।

2004: प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने पाकिस्तान के साथ शांति प्रक्रिया के तहत कश्मीर में सैनिकों की संख्या घटाने की घोषणा की।

2004: फिलीस्तीन लिबरेशन ऑर्गेनाइजेशन ने यासर अराफात की मौत की पुष्टि की, महमूद अब्बास को संगठन का अध्यक्ष चुना गया।

2013: सोमालिया के पुंटलैंड क्षेत्र में भीषण चक्रवाती तूफान की चपेट में आने से 100 लोग मारे गये।

2014: पाकिस्तान के सख्खर प्रांत में एक बस दुर्घटना में 58 लोगों की मौत और 19 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए।

2022: भारत के सर्वोच्च न्यायालय ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी हत्याकांड में आजीवन कारावास की सजा काट रहे सभी शेष छह दोषियों नलिनी श्रीहरन, आर. पी. रविचंद्रन, संथन, मुरुगन, रॉबर्ट पायस और जयकुमार की समय-पूर्व रिहाई का आदेश दिया। तमिलनाडु सरकार ने 2018 में राज्यपाल को इन दोषियों की समय-पूर्व रिहाई की सिफारिश भेजी थी।

2023: उत्तर प्रदेश के अयोध्या में को सातवें दीपोत्सव के दौरान सरयू नदी के 51 घाटों पर एक साथ 22 लाख 23 हजार से अधिक मिट्टी के दीये जलाकर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया।

2024: न्यायमूर्ति संजीव खन्ना ने देश के 51वें मुख्य न्यायाधीश (CJI) के रूप में शपथ ली।

11 नवंबर: इतिहास के पन्नों में आज जन्मी प्रमुख हस्तियां

देश के पहले शिक्षा मंत्री मौलाना आजाद का जन्मदिन आज, जिन्होंने रखी स्वतंत्र भारत की आधुनिक शिक्षा प्रणाली की नींव

11 नवंबर 1888 को मक्का में जन्मे मौलाना अबुल कलाम आजाद भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के शीर्ष नेताओं में शामिल रहे। 35 वर्ष की सबसे कम उम्र में 1923 में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष बनने वाले मौलाना आजाद ने हिंदू-मुस्लिम एकता की अडिग पैरवी की और धर्म के आधार पर देश के बंटवारे का पुरजोर विरोध किया।

आजादी के बाद वे देश के पहले शिक्षा मंत्री बने और लगातार 11 वर्षों तक पद पर रहे। उनका मानना था कि कोई भी लोकतंत्र तब तक सफल नहीं हो सकता जब तक उसके नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण और वैज्ञानिक शिक्षा न मिले। उन्होंने 14 वर्ष तक के सभी बच्चों के लिए मुफ्त और अनिवार्य प्राथमिक शिक्षा का खाका खींचा।


मौलाना आजाद के विजन के तहत ही देश का पहला भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी खड़कपुर), विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी), भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर), साहित्य अकादमी और संगीत नाटक अकादमी जैसी संस्थाएं स्थापित हुईं।

22 फरवरी 1958 उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कहा। मरणोपरांत (1992) उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'भारत रत्न' से अलंकृत किया गया। भारत में इनकी जयंती को प्रतिवर्ष 'राष्ट्रीय शिक्षा दिवस' के रूप में मनाया जाता है।  

11 नवंबर को जन्मी अन्य प्रमुख हस्तियां

1837: मौलाना अल्ताफ़ हुसैन हाली (11 नवंबर 1837 – 31 दिसंबर 1914) – आधुनिक उर्दू साहित्य के युगप्रवर्तक कवि और समाज सुधारक। मिर्ज़ा ग़ालिब के शागिर्द। उनके ऐतिहासिक महाकाव्य 'मुसद्दस-ए-हाली' ने समाज में आधुनिक शिक्षा और सुधारों की अलख जगाई, वहीं 'मुक़द्दमा-ए-शेरो-शायरी'के जरिए उन्होंने उर्दू में पहली व्यावहारिक साहित्यिक समालोचना की नींव रखी तथा 'यादगार-ए-ग़ालिब' व 'हयात-ए-जावेद' जैसी कालजयी जीवनियां लिखकर उर्दू गद्य को नई ऊंचाई दी (1904 में ब्रिटिश हुकूमत ने उन्हें 'शम्स-उल-उलेमा' की उपाधि से सम्मानित किया था)।

1872: उस्ताद अब्दुल करीम खान (11 नवंबर 1872 – 27 अक्टूबर 1937) – भारतीय शास्त्रीय संगीत के किराना घराने के सह-संस्थापक और गायक। उन्होंने हिंदुस्तानी शास्त्रीय गायन में स्वर की शुद्धता, भावुकता और सूक्ष्म तानों को केंद्रीय स्थान दिया तथा दक्षिण भारतीय कर्नाटक संगीत के कई रागों को उत्तर भारतीय शैली में सफलतापूर्वक समाहित किया।  

1885: अनसूया साराभाई (11 नवंबर 1885 – 1972) – भारत में महिला एवं श्रमिक अधिकार आंदोलन की अग्रणी समाजसुधारक। उन्होंने 1914 के अहमदाबाद बुनकर संघर्ष में श्रमिकों का नेतृत्व किया और 1920 में महात्मा गांधी के सहयोग से भारत के सबसे पुराने कपड़ा मजदूर संगठन 'मजदूर महाजन संघ' की स्थापना की।  

1888: आचार्य जे. बी. कृपलानी (11 नवंबर 1888 – 19 मार्च 1982) –स्वतंत्रता सेनानी और राजनेता। 1947 में भारत की स्वतंत्रता के समय वे भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष थे। संविधान सभा के प्रमुख सदस्य रहे कृपलानी ने बाद में किसान मजदूर प्रजा पार्टी (KMPP) और प्रजा सोशलिस्ट पार्टी (PSP) की स्थापना की तथा 1963 में लोकसभा में नेहरू सरकार के खिलाफ पहला अविश्वास प्रस्ताव पेश किया। 

1924: डॉ. आई. जी. पटेल (11 नवंबर 1924 – 17 जुलाई 2005) –भारतीय रिज़र्व बैंक 14वें गवर्नर (1977–1982)। वे लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स के निदेशक बनने वाले पहले गैर-ब्रिटिश और भारतीय मूल के व्यक्ति थे (1984–1990)। उन्होंने भारत के आर्थिक सलाहकार, वित्त सचिव तथा अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष में भारत के कार्यकारी निदेशक के रूप में काम किया। उन्हें 1991 में पद्म विभूषण से सम्मानित किया।

1924: सुंदरलाल पटवा (11 नवंबर 1924 – 28 दिसंबर 2016) –मध्य प्रदेश के 11वें मुख्यमंत्री। वे दो बार मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे (1980 में अल्पकाल और 1990 से 1992 तक) तथा 1999 में अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री बने। उन्होंने मध्य प्रदेश में अंत्योदय और ग्रामीण सड़क अधोसंरचना की शुरुआती योजनाओं को लागू करने में महत्वपूर्ण प्रशासनिक भूमिका निभाई थी।

1926: जॉनी वॉकर (11 नवंबर 1926 – 29 जुलाई 2003) – भारतीय हिंदी सिनेमा के हास्य अभिनेता। बस कंडक्टर से सिनेमाई पर्दे तक का सफर तय करने वाले जॉनी वॉकर को गुरु दत्त ने खोजा था। उन्होंने 'सी.आई.डी.', 'प्यासा', 'चौधवीं का चांद' और 'नया दौर' जैसी कालजयी फिल्मों में अपनी अनूठी संवाद अदायगी और हास्य अभिनय से चरित्र अभिनेता के रूप में अमिट छाप छोड़ी।  

1927: अमिताभ चौधरी (11 नवंबर 1927 – 18 मई 2015) – प्रतिष्ठित भारतीय पत्रकार, लेखक और 'रेमन मैग्सेसे पुरस्कार' (1961) से सम्मानित अंतरराष्ट्रीय मीडिया हस्ती। प्रमुख बंगाली दैनिक 'युगांतर' के प्रमुख संवाददाता के रूप में उन्होंने ग्रामीण जीवन की दुश्वारियों, विस्थापित शरणार्थियों की पीड़ा और प्रशासनिक भ्रष्टाचार पर साहसिक व निष्पक्ष ग्राउंड रिपोर्टिंग कर खोजी पत्रकारिता को नई दिशा दी। उन्होंने एशिया भर में स्वतंत्र प्रेस के संवर्धन के लिए 'प्रेस फाउंडेशन ऑफ एशिया' (PFA) के गठन व नेतृत्व में अहम भूमिका निभाई तथा रवींद्रनाथ टैगोर और सत्यजीत रे के रचनात्मक जीवन पर प्रामाणिक साहित्यिक कृतियां रचीं।

1936: कैलाश वाजपेयी (11 नवंबर 1936 – 1 अप्रैल 2015) – समकालीन हिंदी कविता के दार्शनिक कवि, निबंधकार और विचारक। 'अकविता' और आधुनिक भाव-बोध के दौर में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने वाले वाजपेयी ने भारतीय दर्शन, वेदांत, बौद्ध चिंतन और सूफी रहस्यवाद को आधुनिक जीवन के संत्रास और अकेलेपन के साथ गहरे काव्यात्मक शिल्प में पिरोया। 'संक्रांत', 'देहांत से हटकर', 'तीसरा अंधेरा' और 'हवा में हस्ताक्षर' जैसी कालजयी कृतियों के रचयिता वाजपेयी को वर्ष 2009 में उनके काव्य-संग्रह 'हवा में हस्ताक्षर' के लिए प्रतिष्ठित साहित्य अकादमी पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।

1936: माला सिन्हा –हिंदी, बंगाली और नेपाली सिनेमा अभिनेत्री। गुरु दत्त की 'प्यासा', बी. आर. चोपड़ा की 'धूल का फूल' और 'गुमराह' जैसी फिल्मों में सशक्त और लीक से हटकर महिला किरदारों को जीवंत करने वाली माला सिन्हा को हिंदी सिनेमा में उनके योगदान के लिए फिल्मफेयर लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से नवाजा गया।  

1943: डॉ. अनिल काकोडकर – भारत के शीर्ष परमाणु वैज्ञानिक, पूर्व परमाणु ऊर्जा आयोग (AEC) के अध्यक्ष और भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (BARC) के पूर्व निदेशक। भारत के 1974 और 1998 के दोनों पोखरण परमाणु परीक्षणों की कोर टीम के प्रमुख सदस्य रहे डॉ. काकोडकर ने देश के त्रि-स्तरीय थोरियम आधारित परमाणु ऊर्जा कार्यक्रम और ऐतिहासिक भारत-अमेरिका असैन्य परमाणु समझौते में निर्णायक भूमिका निभाई। उन्हें पद्म विभूषण (2009) से अलंकृत किया गया।  

1950: नेफियू रियो– नागालैण्ड के मुख्यमंत्री हैं। वह २००३-०८, २००८-१३, २०१३-१४ तक लगातार तीन बार मुख्यमंत्री के पद पर रहे। उनका वर्तमान कार्यकाल ८ मार्च २०१८ को प्रारंभ हुआ। वह २०१४-१८ के मध्य नागालैण्ड लोक सभा क्षेत्र से सांसद भी रहे। वे नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी (NDPP) के प्रमुख नेता हैं। नगा शांति समझौते की वार्ताओं, पूर्वोत्तर में क्षेत्रीय स्थिरता तथा राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने वाले प्रसिद्ध 'हॉर्नबिल महोत्सव' की शुरुआत की।

1974: लियोनार्डो डिकैप्रियो – हॉलीवुड के ऑस्कर विजेता अभिनेता और वैश्विक पर्यावरण कार्यकर्ता। 'टाइटेनिक', 'इन्सेप्शन', 'द डिपार्टेड', 'द वुल्फ ऑफ वॉल स्ट्रीट' और 'द रेवेनेंट' जैसी कालजयी फिल्मों में अपने गहन अभिनय के लिए पहचाने जान