नग्गर खंड की 9 पंचायतों के BPL परिवारों संग विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने किया संवाद, दिए निर्देश
Himachal News: प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी 'मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना' के प्रभावी क्रियान्वयन और बीपीएल परिवारों तक इसका लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से कुल्लू जिले के विकास खंड नग्गर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में ग्राम पंचायत कटराईं स्थित अंबेडकर भवन पतलीकुहल में नग्गर खंड की नौ ग्राम पंचायतों के बीपीएल परिवारों के लिए एक विशेष संवाद सभा एवं प्रचार-प्रसार शिविर का आयोजन किया गया।
इस संवाद शिविर की अध्यक्षता मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने की। आयोजित शिविर में क्षेत्र की नौ पंचायतों से आए कुल 193 पात्र बीपीएल लाभार्थियों ने हिस्सा लिया। विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने उपस्थित लाभार्थियों को मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना की विस्तृत जानकारी दी और योजना के तहत मिलने वाली विभिन्न वित्तीय व सामाजिक सुविधाओं से अवगत कराया। उन्होंने सभी पात्र परिवारों से आह्वान किया कि वे समयबद्ध तरीके से निर्धारित प्रक्रिया पूरी कर योजना से जुड़ें।
कटराईं में आयोजित इस शिविर में दुआड़ा, कटराईं, ब्रान, हलाण-2, शीला हलाण, पनगा, रियाड़ा, बड़ाग्रां और जाणा ग्राम पंचायतों के बीपीएल परिवार शामिल हुए। कार्यक्रम में उपस्थित खंड विकास अधिकारी (BDO) मुकेश कुमार ने बीपीएल सूची के नियमों और योजना से जुड़ी पात्रता शर्तों के बारे में जानकारी दी। इस दौरान जल शक्ति विभाग के एसडीओ सहित विभिन्न प्रशासनिक विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।
अभियान की निरंतरता को बनाए रखते हुए आगामी शिविरों की तिथियां भी तय की गई हैं। अधिकारियों ने बताया कि इस विशेष अभियान के तहत 16 सितंबर को ग्राम पंचायत शलीण में 90 लाभार्थियों के लिए तथा 18 सितंबर को रायसन में 178 लाभार्थियों के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।
प्रशासन एवं स्थानीय विधायक ने क्षेत्र के सभी पात्र बीपीएल परिवारों से इन शिविरों में उपस्थित होकर योजना से संबंधित कागजी औपचारिकताओं को पूरा करने की अपील की है ताकि कोई भी जरूरतमंद परिवार इस लाभ से वंचित न रहे।
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।
टिप्पणियाँ (0)