श्रमिकों के बच्चों की शिक्षा को पंख: कामगार कल्याण बोर्ड ने शिमला जोन में बांटी करोड़ों की मदद, उच्च व वोकेशनल पढ़ाई के खर्चे से मिली राहत
Himachal News: हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड की कल्याणकारी योजनाएं प्रदेश के पंजीकृत श्रमिक परिवारों के लिए बड़ा आर्थिक संबल साबित हो रही हैं। राज्य सरकार द्वारा श्रमिकों के बच्चों को उच्च व व्यावसायिक शिक्षा जारी रखने के लिए करोड़ों रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है। शिमला जोन के अंतर्गत आने वाले पांच विधानसभा क्षेत्रों में सैकड़ों लाभार्थी कामगार परिवारों के बैंक खातों में शिक्षा, विवाह, मातृत्व और मृत्यु सहायता राशि सीधे हस्तांतरित की गई है।
कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के मार्गदर्शन में बोर्ड का मुख्य उद्देश्य श्रमिक परिवारों की अगली पीढ़ी को शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है। वहीं, बोर्ड के सचिव एवं सीईओ अनुपम कुमार ने बताया कि बोर्ड द्वारा शिक्षा, विवाह, चिकित्सा, मातृत्व-पितृत्व और मृत्यु सहायता योजनाओं के तहत निरंतर वित्तीय मदद जारी की जा रही है। चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक पंजीकृत कामगारों को 85 लाख 21 हजार रुपये से अधिक की सहायता उपलब्ध करवाई जा चुकी है, जिसमें अकेले शिक्षा सहायता के रूप में 64 लाख 12 हजार रुपये शामिल हैं।
विधानसभा क्षेत्रवार लाभार्थियों को प्रदान की गई सहायता राशि
जिला श्रम एवं कल्याण अधिकारी श्रेय शर्मा द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार शिमला जोन में जनवरी 2026 से अब तक विभिन्न क्षेत्रों में बड़ी राशि का वितरण किया गया है। शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में 51 लाभार्थियों को 20 लाख 73 हजार रुपये की सहायता दी गई, जिसमें 17 लाख 67 हजार रुपये शिक्षा सहायता के रूप में वितरित किए गए। चौपाल क्षेत्र में 26 लाभार्थियों को 16.81 लाख रुपये मिले, जिनमें शिक्षा के लिए 6.86 लाख रुपये, मातृत्व सहायता में 5.75 लाख रुपये और मृत्यु सहायता के रूप में 4.20 लाख रुपये शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त ठियोग विधानसभा क्षेत्र में 41 लाभार्थियों को 13.68 लाख रुपये, कसुम्पटी में 14 लाभार्थियों को 6.16 लाख रुपये तथा शिमला शहरी विधानसभा क्षेत्र में 10 लाभार्थियों को 3.95 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई है। सुन्नी तहसील के बीजू गांव निवासी पवन, गीता राम और प्रेम प्रकाश सहित मशोबरा के जगदीश शर्मा ने वित्तीय सहायता मिलने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इस योजना से बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाने में बहुत बड़ी राहत मिली है।
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।
टिप्पणियाँ (0)