Himachal News: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में पुलिस ने पर्यटन नगरी मनाली और मणिकर्ण घाटी में दो अलग-अलग मामलों में पंजाब से जुड़े नशा तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए 6 तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में दो ट्रांसजेंडर भी शामिल हैं, जिनका इस्तेमाल पंजाब से हिमाचल में नशा सप्लाई के लिए किया जा रहा था। पुलिस ने दोनों मामलों में कुल 45.120 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है।

पहला मामला मनाली पुलिस थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस टीम ने गुप्त सूचना और गश्त के दौरान 11.120 ग्राम चिट्टे के साथ चार लोगों को रंगे हाथ दबोचा। पकड़े गए आरोपियों की पहचान युवराज सिंह (कपूरथला), हरमनप्रीत सिंह (कपूरथला) तथा दो ट्रांसजेंडर्स आकाशदीप उर्फ माहिनूर (जालंधर) और गुरप्रीत उर्फ हरमन (कपूरथला, पंजाब) के रूप में हुई है। नशा तस्करी के इस अवैध धंधे में ट्रांसजेंडर्स का इस्तेमाल किए जाने के खुलासे ने पुलिस प्रशासन को भी चौंका दिया है।

 

मणिकर्ण के सुमारोपा में नाकेबंदी के दौरान 34 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़े दो युवक

दूसरे मामले में मणिकर्ण थाना पुलिस ने सुमारोपा में कटागला बाइफर्केशन के पास नाकाबंदी के दौरान संदेह के आधार पर एक पंजाब नंबर की कार को जांच के लिए रोका और जब गाड़ी की गहनता से तलाशी ली गई तो उसमें सवार दो युवकों से 34 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और तस्करी में इस्तेमाल कार को सीज कर दिया। गिरफ्तार आरोपियों में मलेरकोटला और पटियाला (पंजाब) के दो 32 वर्षीय युवक शामिल हैं।

संबंधित समाचार

 

पंजाब के मुख्य सप्लायरों की तलाश जारी

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशा तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस अब रिमांड के दौरान आरोपियों से सख्ती से पूछताछ कर रही है ताकि पंजाब में बैठे मुख्य सप्लायरों और कुल्लू घाटी में इनके स्थानीय खरीदारों के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त किया जा सके।

Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को  फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe  करें।