Himachal News: आनी में जयराम का सुक्खू सरकार पर तीखा हमला, बोले- स्कूल, अस्पताल और पशु चिकित्सालय बंद कर जनता पर डाला बोझ
Himachal News: हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कुल्लू जिले के आनी में नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के सम्मान समारोह में प्रदेश की कांग्रेस सरकार के खिलाफ जोरदार जुबानी हमला बोला। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पर जनविरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान सरकार ने सत्ता में आते ही जनता की सुविधाओं के लिए खोले गए एक हजार से अधिक सरकारी संस्थानों को बंद कर दिया।
जयराम ठाकुर ने कहा कि इसी इलाके की मिट्टी में पले-बढ़े होने के कारण वे यहां की भौगोलिक कठिनाइयों और जनसमस्याओं को गहराई से समझते हैं, लेकिन मौजूदा सरकार लोगों का बोझ घटाने के बजाय उसे बढ़ाने में लगी है।
Himachal News: आनी में आधा दर्जन से ज्यादा पशु औषधालय बंद
जनसभा को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि आनी विधानसभा क्षेत्र ग्रामीण आर्थिकी, पशुपालन और दुग्ध उत्पादन में प्रदेश का प्रमुख केंद्र है। ऐसे क्षेत्र में पशुओं की चिकित्सा के लिए खुले आधा दर्जन से अधिक पशु चिकित्सालयों पर ताला जड़ दिया गया, जिससे पशुपालकों के सामने भारी संकट खड़ा हो गया है। इसके अलावा विद्यालयों, स्वास्थ्य केंद्रों और प्रशासनिक कार्यालयों को बंद किए जाने से ग्रामीण जनता मूलभूत सुविधाओं से वंचित हो गई है।
बीबीएमबी और वाइल्डफ्लावर हॉल पर श्रेय लेने का आरोप
जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुक्खू पर पूर्व सरकारों के फैसलों और कानूनी जीतों का अनुचित श्रेय लेने का गंभीर आरोप लगाया। अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए दूसरों के संघर्षों और कानूनी जीतों का सेहरा अपने सिर बांधना कांग्रेस सरकार की आदत बन चुकी है।
धूमल सरकार की जीत को बताया आधार
उन्होंने कहा कि बीबीएमबी (BBMB) के मामले में हिमाचल के हक की अंतिम और निर्णायक कानूनी जीत वर्ष 2011 में तत्कालीन मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल की सरकार के समय दर्ज हुई थी। इसी तरह वाइल्डफ्लावर हॉल से जुड़े कानूनी मामले में प्रदेश के पक्ष में ऐतिहासिक फैसला अक्टूबर 2022 में आया था, जबकि सुक्खू उसके दो महीने बाद दिसंबर में मुख्यमंत्री बने।
कांग्रेस की चुनावी गारंटियां फेल
नेता प्रतिपक्ष ने कांग्रेस की चुनावी गारंटियों की हकीकत पर सवाल उठाते हुए पूछा कि प्रदेश की कितनी महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये की सम्मान राशि मिली है और युवाओं को दिए जाने वाले रोजगार के वादों का क्या हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि कोविड काल में सेवा देने वाले युवाओं को नौकरियों से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया।
अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी गिनाईं
आनी क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अस्पतालों में डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ नहीं हैं, एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड मशीनें बंद पड़ी हैं, बसों के दर्जनों रूट ठप हैं और दूध उत्पादकों को समय पर भुगतान नहीं मिल रहा।
11 जिलों में कांग्रेस की हार का दावा
पंचायत चुनावों का हवाला देते हुए उन्होंने दावा किया कि जनता ने सरकार को पूरी तरह नकार दिया है और जिला परिषद चुनावों में कांग्रेस को 12 में से 11 जिलों में करारी हार का सामना करना पड़ा है।

विधायक लोकेंद्र कुमार के काम की सराहना
इस दौरान जयराम ठाकुर ने आनी के विधायक लोकेंद्र कुमार की सराहना करते हुए कहा कि विधायक क्षेत्र के लोगों के सुख-दुख में शामिल हो रहे हैं और विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए प्रयासरत हैं। उन्होंने आगामी चुनाव में लोकेंद्र कुमार को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। जनसभा में उमड़े उत्साह का उल्लेख करते हुए उन्होंने दावा किया कि आने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा को पिछले चुनावों से अधिक समर्थन मिलेगा।
सुंदर सिंह ठाकुर को लेकर भी की टिप्पणी
जयराम ठाकुर ने विधायक सुंदर सिंह ठाकुर को लेकर मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि मंत्री बनाने के नाम पर उन्हें लंबे समय से इंतजार करवाया जा रहा है। उन्होंने सलाह दी कि सुंदर सिंह ठाकुर को मंत्री पद के बजाय अपने स्वाभिमान को प्राथमिकता देनी चाहिए और मुख्यमंत्री से स्पष्ट कह देना चाहिए कि उन्हें मंत्री नहीं बनना है।
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे फेसबुक पेज Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।
टिप्पणियाँ (0)