Himachal News: शिमला में नशीली दवाओं का जखीरा बरामद, एक गिरफ्तार
Himachal News: शिमला के शोघी में पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-05 पर नाकाबंदी के दौरान एक बस में सवार तस्कर के मंसूबों को नाकाम करते हुए टीम ने भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाइयों की खेप बरामद की है। पुलिस ने आरोपी के पिट्ठू बैग से 960 ट्रामाडोल कैप्सूल और 180 अल्प्राजोलम की गोलियां जब्त कर आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्पेशल सेल की टीम शोघी के पास नाकाबंदी कर आने-जाने वाले वाहनों की नियमित जांच कर रही थी। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजर रही एक यात्री बस को चेकिंग के लिए रोका गया। बस के भीतर तलाशी के समय पुलिसकर्मियों की नजर एक यात्री पर पड़ी, जिसकी गतिविधियां संदिग्ध दिखाई दे रही थीं। पुलिस टीम को देखते ही वह घबराने लगा और छिपने का प्रयास करने लगा। संदेह गहराने पर जब पुलिस ने उसके पास रखे पिट्ठू बैग की तलाशी ली, तो भीतर से प्रतिबंधित नशीली दवाइयों का बड़ा जखीरा बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके से 960 नशीले ट्रामाडोल कैप्सूल तथा 180 अल्प्राजोलम गोलियां जब्त कर लीं। पकड़े गए आरोपी की पहचान प्रवीण कुमार (41 वर्ष) निवासी शिमला के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ संबंधित थाने में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
मुख्य सरगना की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस की जांच अब इस बात पर टिकी है कि प्रतिबंधित दवाइयों की यह भारी खेप बाहरी राज्यों के किस स्रोत से खरीदी गई थी और शिमला शहर व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में इसे किन सप्लायरों या युवाओं तक पहुंचाया जाना था। पुलिस अधिकारी आरोपी के मोबाइल संपर्कों, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और वित्तीय लेन-देन को खंगाल रहे हैं, ताकि राजधानी में सक्रिय मेडिकल नशे के पूरे गिरोह और उसकी सप्लाई चेन को ध्वस्त किया जा सके।
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे फेसबुक पेज Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।
टिप्पणियाँ (0)