Himachal News: मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने धर्मशाला में इंडोर आइस और रोलर स्केटिंग रिंक की रखी आधारशिला, सीवरेज संयंत्र का भी किया लोकार्पण
Himachal News: मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कांगड़ा जिले के धर्मशाला स्थित सकोह में 33.78 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले अत्याधुनिक इंडोर आइस स्केटिंग रिंक एवं रोलर स्केटिंग रिंक की आधारशिला रखी है। इस नए खेल परिसर के बेसमेंट में जिम, बिलियर्ड्स रूम और कैफे की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके अलावा भवन की धरातल मंजिल में वीआईपी लाउंज तथा ऊपरी बालकनी में 1,079 दर्शकों के बैठने की व्यवस्था की जाएगी, जबकि रोलर स्केटिंग रिंक की दर्शक दीर्घा में 250 लोगों के बैठने की क्षमता होगी। पूरे परिसर में पर्यटकों और खेल प्रेमियों के लिए 250 वाहनों की पार्किंग की सुविधा भी विकसित की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना के शिलान्यास के अवसर पर संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा पूरी परियोजना को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के कड़े निर्देश दिए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने धर्मशाला शहर के लिए 982 लाख रुपये की लागत से निर्मित अत्याधुनिक सीवरेज एवं सेप्टेज प्रबंधन सुविधा का भी लोकार्पण किया। 60 केएलडी प्रतिदिन क्षमता वाले इस नए संयंत्र से सीवरेज नेटवर्क से वंचित धर्मशाला के सात वार्डों को सीधी सुविधा मिलेगी, जिससे क्षेत्र के लगभग 7,500 परिवार सीधे तौर पर लाभान्वित होंगे।
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।
टिप्पणियाँ (0)