Kullu News: पैर फिसलने से खाई में गिरी आंगनबाड़ी अध्यापिका, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
Kullu News: जिला कुल्लू के उपमंडल भुंतर के तहत आने वाले पिपलागे क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा पेश आया है। अरसु नाला के समीप पैर फिसलने से गहरी खाई में गिरकर 36 वर्षीय आंगनबाड़ी अध्यापिका की मौत हो गई। इस दुखद हादसे के बाद से क्षेत्र और पीड़ित परिवार में मातम छा गया है।
गंभीर रूप से घायल अध्यापिका को परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों द्वारा तुरंत उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया गया, लेकिन अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार को पिपलागे निवासी आंगनबाड़ी अध्यापिका तारा देवी (36) पत्नी जितेंद्र अरसु नाला के पास से गुजर रही थीं। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह अनियंत्रित होकर नीचे गहरी खाई में जा गिरीं। सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आने के कारण वह मौके पर ही अचेत हो गईं।
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
हादसे के तुरंत बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत से तारा देवी को खाई से बाहर निकाला और उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया। अस्पताल में आपातकालीन ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों ने स्वास्थ्य जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस थाना भुंतर की टीम ने अस्पताल पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस ने घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे फेसबुक पेज Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।
टिप्पणियाँ (0)