Kullu News: क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में फिर शुरू हुई BERA श्रवण जांच सुविधा, सप्ताह में तीन दिन बच्चों और वयस्कों को मिलेगा लाभ; आनी-निरमंड के मरीजों को बड़ी राहत
Kullu News: जिला प्रशासन कुल्लू की संवेदनशील पहल और स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न संस्थाओं के आपसी समन्वय से क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू स्थित जिला प्रारम्भिक हस्तक्षेप केंद्र (DEIC) में बंद पड़ी 'बेरा' (BERA - Brainstem Evoked Response Audiometry) जांच सेवाएं पुनः शुरू कर दी गई हैं। इस महत्वपूर्ण सुविधा के बहाल होने के बाद अब सप्ताह में तीन दिन मरीजों की श्रवण संबंधी जांच की जाएगी, जिसका सीधा लाभ नवजात व छोटे बच्चों के साथ-साथ वयस्क मरीजों को भी मिल सकेगा।
ऑडियोलॉजिस्ट की कमी से लंबित थे सैकड़ों मामले
पिछले कुछ समय से विशेषज्ञ ऑडियोलॉजिस्ट की नियमित उपलब्धता न हो पाने के कारण क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में BERA जांच सेवाएं पूरी तरह प्रभावित चल रही थीं। इसके चलते बड़ी संख्या में मरीजों के जांच मामले लंबित हो गए थे। इस व्यवस्था के ठप होने से विशेषकर आनी, निरमंड और जिले के अन्य दुर्गम व दूरदराज इलाकों से आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को भारी असुविधा और आर्थिक बोझ का सामना करना पड़ रहा था।
रेडक्रॉस और सांफिया फाउंडेशन के सहयोग से निकला समाधान
मरीजों की इस गंभीर समस्या के स्थायी समाधान के लिए उपायुक्त कुल्लू की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO), जिला रेडक्रॉस सोसायटी, सांफिया फाउंडेशन तथा संबंधित स्वास्थ्य विभागों के प्रतिनिधियों ने शिरकत की। उपायुक्त के मार्गदर्शन में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला रेडक्रॉस सोसायटी, जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र (DDRC) और क्षेत्रीय अस्पताल के ईएनटी (ENT) विभाग के संयुक्त प्रयासों से विशेषज्ञ ऑडियोलॉजिस्ट की सेवाएं सुनिश्चित कर जांच प्रक्रिया को दोबारा शुरू करने की व्यवस्था की गई है।
समय पर उपचार में मिलेगी मदद
गौरतलब है कि BERA जांच के लिए उपयोग में लाई जा रही अत्याधुनिक मशीन NHPC द्वारा सांफिया फाउंडेशन को उपलब्ध करवाई गई है, जिसके माध्यम से DEIC में मरीजों को निःशुल्क व सुलभ श्रवण जांच सेवाएं दी जा रही हैं। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के अंतर्गत सांफिया फाउंडेशन के सहयोग से संचालित इस केंद्र में 0 से 8 वर्ष तक के बच्चों में जन्मजात विकारों और विकासात्मक विलंब की शीघ्र पहचान, उपचार और पुनर्वास की सेवाएं प्रदान की जाती हैं। इस सेवा के पुनः शुरू होने से अब लंबित मामलों का त्वरित निपटारा होगा और दूरदराज से आने वाले मरीजों को अनावश्यक रूप से अस्पताल के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे फेसबुक पेज Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।
टिप्पणियाँ (0)