Kullu News: जल शक्ति सचिव डॉ. अभिषेक जैन ने कुल्लू दौरे पर की विकास कार्यों की समीक्षा, बाढ़ निगरानी के लिए आधुनिक तकनीक अपनाने के निर्देश
Kullu News: हिमाचल प्रदेश सरकार के प्रधान सचिव, जल शक्ति विभाग डॉ. अभिषेक जैन ने अपने दो दिवसीय कुल्लू दौरे के दौरान जिले में चल रही विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं की प्रगति की उच्चस्तरीय समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप और तय समयसीमा के भीतर पूरे किए जाने चाहिए, और इसमें किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
दौरे के पहले दिन 16 अक्टूबर को डॉ. जैन ने जल शक्ति विभाग के कुल्लू मंडल कार्यालय और विश्राम गृहों का प्रशासनिक निरीक्षण किया। इसके बाद आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने एसडीएमएफ एवं पीडीएनए के अंतर्गत चल रहे कार्यों, जलापूर्ति योजनाओं के पुनर्वास तथा अन्य परियोजनाओं का जायजा लिया। उन्होंने कार्यालयों में अभिलेखों के व्यवस्थित रखरखाव और निर्धारित मैनुअल के तहत पुराने रिकॉर्ड के सर्वेक्षण के निर्देश भी दिए।
कुल्लू घाटी में बाढ़ निगरानी के लिए आधुनिक तकनीक अपनाने पर जोर
वर्ष 2023 से कुल्लू घाटी में बार-बार आ रही बाढ़ की घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए डॉ. अभिषेक जैन ने अधिकारियों को आधुनिक सुविधाओं से लैस एक समर्पित 'बाढ़ निगरानी भवन' का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस प्रणाली में रिमोट सेंसिंग, भौगोलिक सूचना प्रणाली (GIS) डेटाबेस और अर्ली वार्निंग सिस्टम जैसी उन्नत तकनीकों को शामिल किया जाए, जिससे भविष्य की आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। उन्होंने अधिकारियों को जनहित को सर्वोपरि रखते हुए एसओपी का कड़ाई से पालन करने को कहा।
मनाली सीवरेज परियोजना की समीक्षा
दौरे के दूसरे दिन 17 अक्टूबर को डॉ. अभिषेक जैन ने वित्त सचिव की जिम्मेदारी के तहत यूको बैंक का निरीक्षण किया और बैंक अधिकारियों के साथ बैठक कर महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। इसके पश्चात, उन्होंने मनाली शहर में एएफडी पोषित सीवरेज परियोजना की प्रगति की समीक्षा की। परियोजना के कार्यों में हो रही देरी पर कड़ी नाराजगी जताते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों और हितधारकों को निर्माण कार्य में तेजी लाने और इसे जल्द से जल्द पूरा करने के कड़े निर्देश दिए। बैठक में योजना कार्यों और जमा कार्यों से जुड़े तमाम लंबित मामलों का आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध निपटारा करने पर भी जोर दिया गया।
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।
टिप्पणियाँ (0)