Kullu News: मणिकर्ण घाटी में दो किलो चरस समेत एक महिला गिरफ्तार
Kullu News: जिला कुल्लू में नशे के काले कारोबार के खिलाफ पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है। जिला डिटेक्शन सेल कुल्लू की टीम ने मणिकर्ण घाटी के बरशैणी-तोष सड़क पर नाकाबंदी के दौरान एक महिला को 2.022 किलोग्राम चरस की भारी खेप के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला मूल रूप से नेपाल की रहने वाली है और वर्तमान में तोष में रह रही थी। पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Kullu News: ऐसे गिरफ्त में आई महिला
एसपी कुल्लू डॉ. अभिषेक एस ने बताया कि 22 अक्टूबर को जिला डिटेक्शन सेल की टीम ने हिम ट्रैक/जै-जै धार क्षेत्र में बरशैणी-तोष सड़क पर स्थित पार्किंग के पास नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान पैदल आ रही 39 वर्षीय महिला की संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके कब्जे से 2.022 किलोग्राम चरस बरामद हुई।
मणिकर्ण थाने में मामला दर्ज
पुलिस ने बरामद चरस को कब्जे में लेकर आरोपी महिला को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी महिला की पहचान 39 वर्षीय नेपाली मूल की महिला के रूप में हुई है, जो वर्तमान में तोष गांव में ठिकाना बनाए हुए थी। इस संदर्भ में पुलिस थाना मणिकर्ण में मादक पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) की धारा 20 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
सप्लाई चेन खंगालने में जुटी पुलिस
पुलिस अब इस बात की गहनता से तफ्तीश कर रही है कि चरस की इतनी बड़ी खेप महिला तक कहां से पहुंची और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था। जांच का मुख्य केंद्र नशे के इस अवैध नेटवर्क, बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज तथा इससे जुड़े अन्य तस्करों की पहचान करना है, ताकि पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जा सके।
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे फेसबुक पेज Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।
टिप्पणियाँ (0)