केलांग में खुलेगा देश का पहला ICMR हाई-एल्टीट्यूड रिसर्च सेंटर, सोमवार को जेपी नड्डा करेंगे शिलान्यास
Lahaul Spiti News: जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति के केलांग में भारत का पहला 'अधिक ऊंचाई चिकित्सा और सार्वजनिक स्वास्थ्य अनुसंधान केंद्र' (ICMR-CHAMP) स्थापित होने जा रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा 12 अक्टूबर 2026 को इस ऐतिहासिक अनुसंधान केंद्र का विधिवत शिलान्यास करेंगे।
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) और स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग द्वारा स्थापित किया जा रहा यह केंद्र हिमालयी क्षेत्र में उच्च ऊंचाई वाली स्वास्थ्य चुनौतियों, जलवायु अनुकूलन और जनजातीय आबादी के लिए अत्याधुनिक जैव चिकित्सा अनुसंधान का मुख्य केंद्र बनेगा।
दुर्गम और सीमावर्ती क्षेत्रों के लिए संजीवनी बनेगा नया केंद्र
हिमालयी पारिस्थितिकी तंत्र की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों, अत्यधिक ठंड, ऑक्सीजन की कमी और अलगाव के कारण स्थानीय निवासियों तथा वहां तैनात सुरक्षाबलों को विशिष्ट स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ता है। यह नया केंद्र पर्वतीय चिकित्सा, उच्च ऊंचाई पर मानव शरीर के अनुकूलन, जलवायु-संवेदनशील बीमारियों, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, पोषण, मानसिक स्वास्थ्य और आपदा चिकित्सा पर केंद्रित शोध करेगा।
इसके अलावा, दूरदराज के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए डिजिटल हेल्थ प्लेटफॉर्म, टेलीमेडिसिन, ड्रोन आधारित स्वास्थ्य लॉजिस्टिक्स और रियल-टाइम पब्लिक हेल्थ मॉनिटरिंग जैसी आधुनिक तकनीकों पर विशेष काम किया जाएगा।
सेना और राज्य सरकार के साथ संस्थागत सहयोग
केलांग में बनने वाला यह संस्थान सशस्त्र बल चिकित्सा सेवा (AFMS), देश के प्रमुख अनुसंधान संस्थानों और हिमाचल प्रदेश सरकार के साथ मिलकर कार्य करेगा। यह रणनीतिक साझेदारी ट्रांसलेशनल रिसर्च, वैज्ञानिक आदान-प्रदान और नीति निर्माण को बढ़ावा देकर दुर्गम सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए बेहतर स्वास्थ्य नीतियां बनाने में सहायक सिद्ध होगी। शिलान्यास समारोह के दौरान 'ग्रीन आईसीएमआर कैंपस पहल' के तहत पौधारोपण, वैज्ञानिक प्रदर्शनी, केंद्र के वीडियो व वेबसाइट का शुभारंभ और एक विशेष स्मारक डाक लिफाफे का विमोचन भी किया जाएगा।
शिलान्यास समारोह में जुटेंगे कई दिग्गज नेता व प्रशासनिक अधिकारी
इस गरिमामयी कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, मंडी की सांसद कंगना रनौत, लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा और पूर्व विधायक रवि ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। प्रशासनिक एवं सैन्य अधिकारियों में सशस्त्र बल चिकित्सा सेवा के महानिदेशक एयर मार्शल संदीप थरेजा, आईसीएमआर के महानिदेशक डॉ. राजीव बहल, स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग की संयुक्त सचिव मनीषा सक्सेना सहित केंद्र व राज्य सरकार के कई वरिष्ठ वैज्ञानिक और जनस्वास्थ्य विशेषज्ञ भी शामिल होंगे।
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।
टिप्पणियाँ (0)