Lahaul Spiti News: केलांग और उदयपुर में 13 व 14 अक्टूबर को 'सरकार गांव के द्वार' कार्यक्रम, सुनी जाएंगी जनसमस्याएं
Lahaul Spiti News: जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति में आम जनता की शिकायतों और मांगों के त्वरित समाधान के लिए "सरकार गांव के द्वार" कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। उपायुक्त लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना ने बताया कि इस कार्यक्रम के तहत 13 और 14 अक्टूबर को केलांग तथा उदयपुर में जनसमस्याएं सुनी जाएंगी।
प्रशासन ने शिकायतों एवं मांगों की प्राप्ति और उनके समयबद्ध निवारण के लिए पूरे क्षेत्र को दो प्रमुख क्लस्टरों में विभाजित किया है, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रख सकें।
13 अक्टूबर को केलांग में लगेगा पहला क्लस्टर शिविर
उपायुक्त किरण भड़ाना ने जानकारी दी कि पहले क्लस्टर के अंतर्गत 13 अक्टूबर 2026 को दोपहर 2:30 बजे पुराने परिधि गृह, केलांग में जनसमस्याएं सुनी जाएंगी। इस शिविर में कोकसर, सिस्सू, खंगसर, शूलिंग, गोंधला, मूलिंग, गोशाल, तांदी, वारपा, रानिका, शांशा, जोबरंग, गोहरमा, मालंग, कारदंग, बरबोग, दारचा, कोलंग, युरनाथ और केलांग पंचायतों के नागरिक अपनी शिकायतें दर्ज करवा सकते हैं।
14 अक्टूबर को उदयपुर के अम्बेडकर भवन में जुटेंगे अधिकारी
दूसरे क्लस्टर के तहत 14 अक्टूबर 2026 को प्रातः 11:00 बजे अम्बेडकर भवन, उदयपुर में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसमें तिंदी, सलग्रां, मडग्राम, उदयपुर, चिमरेट, तिंगरेट, शकोली, त्रिलोकनाथ, किशोरी, थिरोट, मूरिंग, नालड़ा, जूंडा और जाहलमा पंचायतों को शामिल किया गया है।
मौके पर ही होगा शिकायतों का निपटारा, अधिकारियों को कड़े निर्देश
उपायुक्त ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्धारित तिथियों और स्थलों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि जो जन शिकायतें मौके पर हल हो सकती हैं, उनका तुरंत समाधान किया जाएगा। जिन शिकायतों के समाधान में समय लगेगा, उन्हें विभाग द्वारा दर्ज कर लिया जाएगा और उसकी प्रगति रिपोर्ट का पूरा रिकॉर्ड रखा जाएगा। इस कार्य के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं, जो विभागवार रिपोर्ट तैयार कर उपायुक्त कार्यालय को सौंपेंगे।
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।
टिप्पणियाँ (0)