Shimla News: फोरलेन टनल ब्लास्टिंग से संजौली-भटाकुफर में भवनों में दरारें, उपायुक्त अनुपम कश्यप ने बुलाई बैठक; 22 को निरीक्षण करेगी कमेटी
Shimla News: राजधानी शिमला में फोरलेन टनल निर्माण के दौरान हो रही ब्लास्टिंग से आवासीय क्षेत्रों में भवनों को पहुंचे नुकसान और आई दरारों के मामले में जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने फोरलेन प्रभावित समिति के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। इस बैठक में निर्माणाधीन भूमिगत टनल के कारण संजौली, भटाकुफर और ढली के आवासीय क्षेत्रों के मकानों में आई दरारों के मद्देनजर जिला प्रशासन द्वारा फोरलेन कंपनियों को जारी निर्देशों की अनुपालना न किए जाने पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में जानकारी दी गई कि टनल ब्लास्टिंग से भवनों में आई दरारों के चलते वर्तमान में फोरलेन टनल का निर्माण कार्य पूरी तरह से रोक दिया गया है। प्रभावित क्षेत्रों और क्षतिग्रस्त भवनों के वैज्ञानिक निरीक्षण के लिए आईआईटी (IIT) रुड़की की विशेषज्ञ टीम को नियुक्त किया गया है। टीम ने प्रभावित क्षेत्र और टनल का प्रारंभिक दौरा पूरा कर लिया है। आगामी एक सप्ताह के भीतर आईआईटी रुड़की अपनी विस्तृत रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंपेगी, जिसके आधार पर टनल निर्माण को लेकर आगे का निर्णय लिया जाएगा।
बैठक के दौरान फोरलेन प्रभावित समिति के प्रतिनिधियों ने गंभीर आरोप लगाते हुए मामला उठाया कि फोरलेन कंपनी द्वारा प्रशासन के रोक के बावजूद चोरी-छिपे टनल का निर्माण कार्य किया जा रहा है।
चोरी-छिपे निर्माण कार्य की शिकायतों पर एडीएम की अध्यक्षता में कमेटी गठित
इस पर कड़ा संज्ञान लेते हुए उपायुक्त अनुपम कश्यप ने एडीम शिमला की अध्यक्षता में एक विशेष कमेटी का गठन कर दिया है। इस कमेटी में एसडीएम शिमला ग्रामीण, लोक निर्माण विभाग (PWD) कसुम्पटी वृत्त के अधिशासी अभियंता और तहसीलदार शिमला ग्रामीण को बतौर सदस्य शामिल किया गया है। कमेटी को फोरलेन टनल के निर्माण कार्य की नवीनतम स्थिति का जायजा लेने और विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के लिए 22 अक्टूबर को मौके का निरीक्षण करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।
टिप्पणियाँ (0)