Una News: हरोली में 5 करोड़ रुपये से बनेगा ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने किया शिलान्यास
Una News: ऊना जिले के हरोली विधानसभा क्षेत्र के रोड़ा में परिवहन और इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में एक बड़ा कदम उठाया गया है। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने 5 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले आधुनिक ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन (ATS) का विधिवत शिलान्यास किया। इस स्टेशन का निर्माण कार्य अगले नौ महीनों के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके शुरू होने से अब वाहनों की फिटनेस जांच और पासिंग इंसानी हस्तक्षेप के बिना अत्याधुनिक मशीनों के माध्यम से की जाएगी।
शिलान्यास समारोह के दौरान मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि इस एटीएस में भारी वाहनों, हल्के वाहनों, तीनपहिया और दोपहिया वाहनों की वैज्ञानिक व तकनीकी फिटनेस जांच के लिए तीन अलग-अलग टेस्टिंग लेन बनाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि इस स्थान पर ट्रैफिक पार्क पहले ही स्थापित किया जा चुका है, जहां ड्राइविंग लाइसेंस के लिए ड्राइविंग टेस्ट की सुविधा उपलब्ध है। अब ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन के चालू हो जाने के बाद आम जनता को एक ही स्थान पर ड्राइविंग टेस्ट और वाहनों की पासिंग, दोनों की सुगम सुविधा मिल सकेगी।
रामपुर पुल से हरोली जल भवन तक आकार ले रहा 'न्यू हरोली'
उप मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास का खाका खींचते हुए कहा कि रामपुर पुल से हरोली जल भवन तक के पूरे इलाके को 'न्यू हरोली' के रूप में एक मॉडल टाउन की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है। इस क्षेत्र में 22 करोड़ रुपये की लागत से एक आधुनिक हेलीपोर्ट और 10 करोड़ रुपये की लागत से विश्वस्तरीय सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक का निर्माण किया जा रहा है। इसके साथ ही पूर्व सैनिकों व उनके परिवारों की सुविधा के लिए 3.50 करोड़ रुपये की लागत से सैनिक भवन का निर्माण भी जल्द शुरू किया जाएगा।
मुकेश अग्निहोत्री ने आगे बताया कि न्यू हरोली क्षेत्र में जल शक्ति विभाग के अधीक्षण अभियंता (SE) कार्यालय, जिला न्यायालय, उद्योग कार्यालय, इनडोर स्टेडियम और एक विशाल मेला ग्राउंड स्थापित करने की भी योजना है। इन सभी बड़ी परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से यह पूरा क्षेत्र विकास, रोजगार और आधुनिक नागरिक सुविधाओं का एक प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा।
लोक निर्माण विभाग और एचआरटीसी मिलकर करेंगे स्टेशन का निर्माण
ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन के ढांचागत और तकनीकी निर्माण की जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं। लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा एटीएस परिसर का मुख्य भवन, टेस्टिंग लेन, निरीक्षण क्षेत्र, प्रशासनिक कार्यालय, सर्वसुविधायुक्त प्रतीक्षालय, विशाल पार्किंग और अन्य प्राथमिक आधारभूत संरचनाएं विकसित की जाएंगी। दूसरी ओर, हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) द्वारा स्टेशन के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक अत्याधुनिक मशीनरी, तकनीकी उपकरण, स्वचालित नियंत्रण प्रणाली, विशेष सॉफ्टवेयर, सीसीटीवी कैमरे और अन्य संबंधित तकनीकी ढांचा उपलब्ध करवाया जाएगा।
शिलान्यास समारोह के अवसर पर ये भी रहे मौजूद
इस शिलान्यास समारोह के अवसर पर जिला परिषद सदस्य केवल सिंह औजला, एसटीए सदस्य अशोक ठाकुर, रोड़ा पंचायत की प्रधान सुभद्रा चौधरी, विनोद कुमार बिट्टू, पूर्व प्रधान शारदा, एचआरटीसी के मंडलीय प्रबंधक (तकनीकी) पवन शर्मा, डीएम हमीरपुर राज कुमार, आरएम ऊना राजेश जोशी, पीडब्ल्यूडी एक्सईएन नितिन कुमार और जल शक्ति विभाग के एक्सईएन पुनीत कुमार सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।
टिप्पणियाँ (0)