Himachal News: राज्य सरकार ने चम्बा जिले के स्वास्थ्य ढांचे को सुदृढ़ करने और युवाओं के लिए चिकित्सा क्षेत्र में अवसरों को विस्तार देने के उद्देश्य से एक बड़ा प्रशासनिक निर्णय लिया है। इसके तहत पंडित जवाहर लाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज चम्बा में एक नए सरकारी बीएससी नर्सिंग शिक्षण संस्थान की स्थापना को स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इस बाबत चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग द्वारा बाकायदा आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है।

इस दूरगामी फैसले से चम्बा और आसपास के इलाकों के उन युवाओं को सीधी राहत मिलेगी, जो नर्सिंग के क्षेत्र में अपना भविष्य बनाना चाहते हैं। नए संस्थान के निर्माण से स्थानीय स्तर पर ही उच्च स्तरीय चिकित्सा शिक्षण की राह आसान होगी।

 

शैक्षणिक सत्र 2026-27 से 60 सीटों पर मिलेगी प्रवेश की सुविधा

स्वास्थ्य सचिव आशीष सिंघमार के दिशा-निर्देशों पर जारी की गई अधिसूचना के अनुसार, इस नवनिर्मित बीएससी नर्सिंग कॉलेज के लिए कुल 60 सीटें आबंटित की गई हैं। राज्य सरकार की योजना के मुताबिक, मौजूदा शैक्षणिक सत्र 2026-27 से ही इन सीटों पर दाखिला प्रक्रिया शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। नया बैच शुरू होने से अभ्यर्थियों को राज्य के अन्य जिलों या निजी संस्थानों का रुख नहीं करना पड़ेगा, जिससे समय और आर्थिक संसाधनों दोनों की बचत होगी।

संबंधित समाचार

 

प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज, संबंधित संस्थानों को निर्देश जारी

दाखिला और काउंसलिंग प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से अमलीजामा पहनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के विशेष सचिव डॉ. मधु चौधरी की ओर से संबंधित विभागों को आवश्यक पत्राचार कर दिया गया है। इसी क्रम में नेरचौक मंडी स्थित अटल आयुर्विज्ञान एवं अनुसंधान विश्वविद्यालय के शीर्ष अधिकारियों, चिकित्सा शिक्षा निदेशालय शिमला, मेडिकल कॉलेज चम्बा के प्राचार्य और हिमाचल प्रदेश नर्सेस रजिस्ट्रेशन काउंसिल संजौली को समय रहते सभी औपचारिकताएं पूर्ण करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।


Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को  फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe  करें।