Himachal News: चुवाड़ी-चंबा सुरंग और द्रमण-पांगी मार्ग को नेशनल हाईवे का दर्जा देने की मांग, नितिन गडकरी से मिले विस अध्यक्ष कुलदीप पठानिया
Himachal News: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के सर्वांगीण विकास और सीमावर्ती क्षेत्रों को बारहमासी सड़क नेटवर्क से जोड़ने के लिए चुवाड़ी से चंबा तक सुरंग निर्माण और द्रमण से पांगी तक के मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने का मामला केंद्र सरकार के समक्ष प्रमुखता से उठाया गया है। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से औपचारिक भेंट की। इस दौरान उन्होंने शाहपुर-द्रमण-सिंहूता-चुवाड़ी-चंबा वाया जोत-तीसा-साच-पांगी सड़क को राष्ट्रीय राजमार्ग के रूप में अधिसूचित करने और लंबित स्वीकृतियों को शीघ्र जारी करने का पुरजोर आग्रह किया।
विधानसभा अध्यक्ष ने केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया कि यह सड़क न केवल चंबा जिले की आर्थिकी और पर्यटन की रीढ़ है, बल्कि सामरिक व राष्ट्रीय सुरक्षा के दृष्टिकोण से भी बेहद संवेदनशील और महत्वपूर्ण कड़ी है।
नई गाइडलाइंस तय होते ही सड़क को राष्ट्रीय राजमार्ग की मंजूरी पर होगा विचार: गडकरी
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कुलदीप सिंह पठानिया की मांगों को ध्यानपूर्वक सुनते हुए स्पष्ट किया कि देश भर में नए राष्ट्रीय राजमार्गों की घोषणा के लिए केंद्र सरकार की नीति पर अंतिम स्तर का विचार-विमर्श चल रहा है। जैसे ही नए दिशानिर्देश और मानक तय हो जाएंगे, जनहित को ध्यान में रखते हुए इस सड़क के संबंधित हिस्से को स्वीकृति प्रदान करने पर प्राथमिकता के साथ विचार किया जाएगा। उन्होंने रेखांकित किया कि वह आकांक्षी जिला चंबा की भौगोलिक विषमताओं और देश की सुरक्षा के लिहाज से इस मार्ग के महत्व से भली-भांति परिचित हैं, तथा इसे एनएच का दर्जा मिलने से क्षेत्र में पर्यटन और बुनियादी ढांचे को नई मजबूती मिलेगी।
सेना के डिविजनल मुख्यालय से सीमा तक आवाजाही आसान करेगा यह मार्ग
कुलदीप सिंह पठानिया ने सामरिक पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सेना के डिविजनल मुख्यालय से लेकर सुदूर सीमावर्ती इलाकों तक सैन्य टुकड़ियों और युद्ध सामग्री की त्वरित आवाजाही के लिए यह मार्ग अत्यंत सुगम व उपयोगी विकल्प साबित हो सकता है। चंबा-तीसा-बैरागढ़-साच सड़क के एक हिस्से को पहले ही केंद्र सरकार के अधीन जनरल रिजर्व इंजीनियर फोर्स के माध्यम से विकसित करने पर मंथन चल रहा है, ऐसे में द्रमण-सिंहूता-चुवाड़ी-चंबा वाया जोत हिस्से को भी उसी परियोजना से जोड़कर संपूर्ण मार्ग को नेशनल हाईवे घोषित किया जाना चाहिए।
विश्व बैंक और सीआईएफ से अधिकांश हिस्सा हो चुका है डबल लेन
पठानिया ने केंद्रीय मंत्री को जानकारी दी कि शाहपुर-द्रमण-सिंहूता-चुवाड़ी-चंबा वाया जोत सड़क के एक बड़े हिस्से को विश्व बैंक और केंद्रीय सड़क निधि के तहत पहले ही उन्नत और चौड़ा किया जा चुका है। वर्तमान में यह मार्ग लगभग डबल लेन बनकर तैयार हो चुका है, जिससे शेष तकनीकी मंजूरियां मिलने पर इसे एनएच मानक में ढालना बेहद सुगम रहेगा। उन्होंने स्मरण कराया कि इस विषय पर वह पूर्व में भी केंद्रीय मंत्री से पत्राचार कर चुके हैं और क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही इस मांग पर केंद्र सरकार को जल्द अंतिम मुहर लगानी चाहिए।
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे फेसबुक पेज Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।
टिप्पणियाँ (0)