Kullu News: कुल्लू जिले के उपमंडल निरमंड में चोरों ने एक नए रिहायशी मकान में सेंधमारी करते हुए लगभग 15 लाख रुपये के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह वारदात निरमंड थाना के अंतर्गत उपतहसील नित्थर के गांव धागांव में पेश आई है। पीड़ित मकान मालिक चेत राम उर्फ मोहर सिंह ने घटना के तुरंत बाद पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि अज्ञात चोरों ने उनके नए बने मकान में बड़ी चालाकी से प्रवेश किया और वहां रखे सभी कीमती गहने समेटकर मौके से रफूचक्कर हो गए।

शिकायतकर्ता के अनुसार, चोरी हुए गहनों में एक सोने का मंगलसूत्र, दो सोने की चेन, तीन सोने की अंगूठियां और दो पारंपरिक सोने के चक (सिर में पहने जाने वाले पारंपरिक आभूषण) शामिल हैं।

निरमंड पुलिस टीम ने सूचना मिलते ही तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर मौका मुआयना किया और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305 के तहत आपराधिक मामला दर्ज कर जांच की गति तेज कर दी है।

संबंधित समाचार

पुलिस प्रशासन ने आसपास के क्षेत्रों और मुख्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। इसके साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों की धरपकड़ के लिए विशेष नाकाबंदी कर गहन तलाश अभियान चलाया जा रहा है।


Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को  फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe  करें।