Himachal News: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में स्थित पार्वती जलविद्युत परियोजना की टनल से सैंज क्षेत्र की रैला पंचायत में अचानक पानी का रिसाव होने का मामला सामने आया है। टनल से रिसाव की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन तुरंत हरकत में आया और अधिकारियों की टीम को मौके पर भेजकर त्वरित कार्रवाई शुरू करवाई। प्रशासन और एनएचपीसी के अभियंताओं के संयुक्त प्रयासों से प्राथमिक स्तर पर टनल से हो रहे रिसाव को पूरी तरह से रोक लिया गया है, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

घटना का संज्ञान लेते हुए कार्यवाहक उपायुक्त एवं एडीएम सुरजीत सिंह राठौर ने तुरंत उपमंडलाधिकारी बंजार और एनएचपीसी पार्वती परियोजना के महाप्रबंधक सहित संबंधित अधिकारियों को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए। अधिकारियों की प्रशासनिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर वस्तुस्थिति का जायजा लिया। टनल के रिसाव के कारण सड़क व आसपास के इलाके में जमा हुए मलबे को हटाने के लिए तुरंत भारी मशीनरी तैनात कर दी गई है ताकि आवाजाही सुचारु रहे।

 

प्रभावित क्षेत्र में मुस्तैद प्रशासन, क्षति का आकलन जारी

एडीएम सुरजीत सिंह राठौर ने बताया कि जिला प्रशासन पूरी स्थिति पर पैनी नजर बनाए हुए है। प्रभावित क्षेत्र के निवासियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही टनल रिसाव के कारण आसपास की संपत्ति या भूमि को पहुंचे संभावित नुकसान का भी तथ्यात्मक आकलन किया जा रहा है।

 

एसडीएम बंजार सौंपेंगे विस्तृत रिपोर्ट, आगे की होगी कार्रवाई

प्रशासनिक टीम द्वारा प्रभावित स्थल का निरीक्षण पूरा करने के बाद उपमंडलाधिकारी बंजार पूरे मामले की तथ्यात्मक और विस्तृत रिपोर्ट उपायुक्त को प्रस्तुत करेंगे। एडीएम ने स्पष्ट किया कि एसडीएम की रिपोर्ट के आधार पर ही क्षति का अंतिम मूल्यांकन किया जाएगा और उसी के अनुसार एनएचपीसी व संबंधित एजेंसियों के खिलाफ आगामी कानूनी व प्रशासनिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

संबंधित समाचार


Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को  फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe  करें।