Weather Report: हिमाचल में फिर करवट बदलेगा मौसम, दो दिन छह जिलों में बारिश-बर्फबारी के आसार; अंधड़ का येलो अलर्ट जारी
Weather Report: हिमाचल प्रदेश में मौसम एक बार फिर अपने तेवर बदलने की तैयारी में है। राज्य के छह जिलों में दो दिनों तक बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने के आसार बन रहे हैं। मौसम विभाग ने इस दौरान कुछ संवेदनशील इलाकों में तेज अंधड़ और आकाशीय बिजली चमकने का येलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि, वर्तमान में राजधानी शिमला सहित राज्य के अधिकांश हिस्सों में धूप खिली हुई है। इसके साथ ही अगले 3 से 4 दिनों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि दर्ज की जा सकती है।
Weather Report: 29 और 30 अक्तूबर को अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, 28 अक्तूबर तक राज्य भर में मौसम आमतौर पर साफ बना रहेगा। इसके बाद उत्तर-पश्चिम भारत में एक नए पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते 29 और 30 अक्तूबर को प्रदेश के चुनिंदा व अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और ऊंची चोटियों पर हिमपात होने की प्रबल संभावना है। 31 अक्तूबर और 1 नवंबर से मौसम पुनः शुष्क रहने का पूर्वानुमान जताया गया है।
चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में अंधड़ के साथ बारिश की चेतावनी
मौसम केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक 29 अक्तूबर को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और अंधड़ चलने की चेतावनी दी गई है। वहीं 30 अक्तूबर को कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों के कुछ हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहने के आसार हैं। इस मौसमी बदलाव के चलते पहाड़ी इलाकों में सुबह और शाम के समय ठंड का असर बढ़ सकता है।
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे फेसबुक पेज Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।
टिप्पणियाँ (0)