लाहौल-स्पीति में दीपावली पर केवल 8 से 10 बजे तक ही फूटेंगे पटाखे, DC ने जारी किए कड़े दिशा-निर्देश
Himachal News: जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में दीपावली पर्व के अवसर पर पटाखों के उपयोग और उनकी बिक्री को लेकर जिला प्रशासन ने कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं। सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों की अनुपालना सुनिश्चित करते हुए उपायुक्त निवेदिता नेगी ने आदेश जारी कर स्पष्ट किया है कि जिले में 8 नवंबर 2026 को दीपावली के पावन पर्व पर पटाखों के लिए रात्रि 8:00 बजे से 10:00 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। निर्धारित 2 घंटे की समयावधि के अतिरिक्त जिले में किसी भी समय पटाखे जलाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
125 डेसिबल से अधिक ध्वनि वाले पटाखों पर रोक
उपायुक्त द्वारा जारी आदेशों के अनुसार, 125 डीबी (एआई) अथवा 145 डीबी (सी) पीके से अधिक ध्वनि उत्पन्न करने वाले अत्यधिक आवाज वाले पटाखों की बिक्री एवं उपयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। इसके अतिरिक्त, अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों, अदालतों और धार्मिक स्थलों के 100 मीटर के दायरे में आने वाले 'शांत क्षेत्र' में पटाखे फोड़ने की सख्त मनाही रहेगी। अत्यधिक भीड़भाड़ वाले संवेदनशील बाजारों और आग लगने की आशंका वाले चिन्हित क्षेत्रों में भी किसी भी प्रकार की आतिशबाजी पर रोक लगाई गई है।
केलांग, उदयपुर और काजा में ही होगी पटाखों की बिक्री
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि संबंधित उपमंडलाधिकारी (SDM) से वैध अनुमति एवं अनापत्ति लाइसेंस प्राप्त किए बिना कोई भी व्यक्ति पटाखों का भंडारण, परिवहन या बिक्री नहीं कर सकेगा। आम जनता की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने पटाखों की अस्थायी बिक्री एवं भंडारण के लिए जिले में केवल तीन स्थान चिन्हित किए हैं:
केलांग: पुलिस ग्राउंड
उदयपुर: आईटीआई ग्राउंड
काजा: पुलिस थाना के समीप स्थित स्पोर्ट्स ग्राउंड
प्रशासन ने की ग्रीन दिवाली की अपील
आदेशों में निर्देश दिए गए हैं कि चिन्हित स्थलों पर पटाखों की बिक्री करने वाले सभी दुकानदारों और स्टॉल संचालकों को अग्निशमन सुरक्षा से संबंधित पुख्ता प्रबंध करने होंगे। इसके लिए हिमाचल प्रदेश सरकार के गृह विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं विस्फोटक नियम, 2008 के सभी सुरक्षा मानकों का पालन करना अनिवार्य रहेगा। जिला प्रशासन ने घाटी के समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित, शांतिपूर्ण और ग्रीन दिवाली तरीके से प्रकाश पर्व मनाएं।
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे फेसबुक पेज Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।
टिप्पणियाँ (0)