Himachal News: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में प्रशासनिक नेतृत्व में परिवर्तन हुआ है। वर्ष 2016 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी डॉ. अमित कुमार शर्मा ने शनिवार को उपायुक्त (डीसी) कुल्लू के रूप में विधिवत पदभार संभाल लिया है। इससे पूर्व वह किन्नौर जिले में उपायुक्त के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे।

पदभार ग्रहण करने के उपरांत पत्रकारों से बातचीत करते हुए डॉ. अमित कुमार शर्मा ने अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही सभी जनकल्याणकारी योजनाओं, प्राथमिकताओं और नीतियों का जिले में प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि विकास की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।

 

राष्ट्रपति दौरे और अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा पर रहेगा मुख्य फोकस

नवनियुक्त उपायुक्त ने कहा कि वर्तमान में जिला प्रशासन के समक्ष दो बेहद महत्वपूर्ण और बड़े कार्यक्रम हैं। इनमें राष्ट्रपति का प्रस्तावित कुल्लू-मनाली दौरा और विश्व प्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव का सफल आयोजन शामिल है। उन्होंने आश्वस्त किया कि इन दोनों बड़े आयोजनों की सफलता के लिए सभी संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी की जाएंगी।

संबंधित समाचार

 

प्रशासनिक अधिकारियों ने किया भव्य स्वागत

उपायुक्त कार्यालय पहुंचने पर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (एडीएम) सुरजीत सिंह राठौर सहित जिला प्रशासन के तमाम वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों ने नवागत उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। उन्होंने अधिकारियों के साथ प्रारंभिक बैठक कर जिले की वर्तमान प्रशासनिक व्यवस्था और आगामी कार्यक्रमों का फीडबैक भी लिया।

Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को  फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe  करें।