Himachal News: हिमाचल प्रदेश के राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने कांगड़ा जिले के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत हारचक्कियां में प्रस्तावित सब-तहसील भवन का विधिवत शिलान्यास किया। इस अवसर पर शाहपुर के विधायक एवं उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। नया भवन बनने से स्थानीय ग्रामीणों को राजस्व संबंधी विभिन्न प्रशासनिक सेवाओं के लिए दूर-दराज के चक्कर काटने से मुक्ति मिलेगी और उनके कार्य घर-द्वार के पास ही सुलभ होंगे।

राजस्व मंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए आश्वासन दिया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा लगभग 1 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस भवन के निर्माण में बजट की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आपदा प्रभावित परिवारों को 8 लाख रुपये की ऐतिहासिक सहायता राशि प्रदान कर रही है, जो देश के किसी भी अन्य राज्य की तुलना में सबसे अधिक है। इसके अतिरिक्त, वन अधिकार अधिनियम (FRA) के तहत पात्र लोगों के दावों का समयबद्ध निपटारा करने के भी निर्देश जारी किए गए हैं।

 

एचपी-शिवा योजना से निचले क्षेत्रों में बागवानी को मिल रहा बढ़ावा

जगत सिंह नेगी ने बताया कि प्रदेश के निचले क्षेत्रों में बागवानी को प्रोत्साहित करने के लिए 'एचपी-शिवा परियोजना' के तहत कांगड़ा सहित सात जिलों के 6,000 हेक्टेयर क्षेत्र को कवर किया जा रहा है। इसके तहत अमरूद, लीची, नींबू वर्गीय फल और माल्टा के पौधे लगाने के लिए किसानों को वित्तीय सहायता दी जा रही है। उन्होंने मनरेगा के तहत ग्रामीणों के रोजगार अधिकार और रोजगार न मिलने की स्थिति में बेरोजगारी भत्ते के प्रावधानों की भी जानकारी दी।

संबंधित समाचार

 

चंगर और बोह क्षेत्र में विकास कार्यों को मिली गति: केवल सिंह पठानिया

उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने सब-तहसील भवन के शिलान्यास पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि चंगर क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 19 नए और पुराने पानी के टैंकों का निर्माण व जीर्णोद्धार किया गया है। उन्होंने कहा कि सड़क, शिक्षा, बिजली और स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध करवाया जा रहा है। इस कार्यक्रम में एसडीएम कांगड़ा अंजलि गर्ग, एसडीएम शाहपुर गणेश ठाकुर, विभिन्न विभागों के अधिशासी अभियंता और स्थानीय कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को  फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe  करें।