Himachal Weather: फिर करवट बदलेगा मौसम, चार दिन बारिश और बर्फबारी का येलो अलर्ट
Himachal Weather: हिमाचल प्रदेश में अगले कुछ दिनों के भीतर मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने जा रहा है। राज्य में रविवार और सोमवार को मौसम आमतौर पर साफ और शुष्क बना रहेगा, लेकिन मंगलवार यानी 10 नवंबर से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के संकेत हैं। इसके प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार चार दिनों तक बारिश और बर्फबारी का दौर चल सकता है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 10 से 13 नवंबर तक राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों में मौसम बिगड़ा रहेगा, जिससे विशेषकर अधिक ऊंचाई और मध्य पर्वतीय इलाकों में कड़ाके की ठंड का प्रकोप बढ़ जाएगा।
Himachal Weather: 10 से 13 नवंबर तक बारिश-बर्फबारी के आसार
मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के मुताबिक 10 और 11 नवंबर को प्रदेश के कुछ पर्वतीय स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी देखने को मिल सकती है। इसके बाद सिस्टम की सक्रियता बढ़ेगी और 12 तथा 13 नवंबर को कई इलाकों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश के साथ चोटियों पर बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
अंधड़ और बिजली चमकने का अलर्ट
12 तथा 13 नवंबर को कुछ मैदानी और मध्य पर्वतीय जिलों में तेज अंधड़ चलने और आकाशीय बिजली चमकने की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। किसानों और बागवानों के साथ पर्यटकों को भी मौसम के बदलाव को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में होने वाली ताजा बारिश और हिमपात के बाद मैदानी इलाकों से लेकर घाटियों तक शीतलहर का असर और अधिक गहराएगा।
कुकुमसेरी में पारा शून्य से नीचे -2.5 डिग्री दर्ज
प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पहले ही सुबह और शाम के समय ठंड का असर काफी तेज हो गया है। विशेषकर जनजातीय और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रात का न्यूनतम तापमान शून्य या उससे नीचे दर्ज किया जा रहा है। लाहौल-स्पीति जिले के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान लुढ़ककर माइनस 2.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। वहीं केलांग और ताबो में रात का पारा 0.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे फेसबुक पेज Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।
टिप्पणियाँ (0)