Himachal News: उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में की पूजा-अर्चना, एडीबी विकास कार्यों का लिया जायजा
Himachal News: हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बुधवार को उत्तरी भारत के प्रसिद्ध सिद्धपीठ बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में शीश नवाया और विधिवत पूजा-अर्चना की। उपमुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में आयोजित हवन में आहुतियां डालीं और बाबा बालक नाथ की पवित्र गुफा एवं पिंडी के दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख, शांति और समृद्धि की मंगल कामना की।
धार्मिक अनुष्ठान संपन्न करने के उपरांत उन्होंने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बढ़ाने के उद्देश्य से एशियन डेवलपमेंट बैंक (एडीबी) की सहायता से चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।
Himachal News: निर्माण कार्यों का निरीक्षण, अधिकारियों को दिए निर्देश
मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण और आधुनिक सुविधाओं के विस्तार के लिए क्रियान्वित की जा रही एडीबी परियोजना की प्रगति का जायजा लेते हुए उपमुख्यमंत्री ने निर्माण एजेंसियों और प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि दियोटसिद्ध में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं, ऐसे में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान दिया जाए। उपमुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में दर्शन प्रणाली, स्वच्छता, पेयजल और सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी विस्तृत ब्योरा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में पूजा-अर्चना करते उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री।
मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष ने विकास कार्यों से करवाया अवगत
इससे पूर्व मंदिर परिसर में पहुंचने पर बाबा बालक नाथ मंदिर ट्रस्ट की अध्यक्ष एवं एसडीएम बड़सर स्वाति डोगरा, मंदिर अधिकारी राजेश कुमार सहित अन्य प्रशासनिक व ट्रस्ट अधिकारियों ने उपमुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। एसडीएम स्वाति डोगरा ने उपमुख्यमंत्री को मंदिर क्षेत्र में वर्तमान में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों, प्रस्तावित योजनाओं तथा हालिया व्यवस्थाओं की ताजा स्थिति से अवगत करवाया। उपमुख्यमंत्री ने मंदिर प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में पूजा-अर्चना करते उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री।
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे फेसबुक पेज Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।
टिप्पणियाँ (0)