Himachal News: मंडी जिले में सुंदरनगर उपमंडल के तहत डैहर क्षेत्र से एक 19 वर्षीय युवती के रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। युवती अपने घर से डैहर बाजार जाने के लिए निकली थी, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। परिजनों द्वारा हर संभावित स्थान पर तलाश करने के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं लगा, तो सुंदरनगर थाने में गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

लापता युवती के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी 19 वर्षीय बेटी बीते 24 सितंबर को सुबह करीब 11 बजे घर से डैहर बाजार जाने के लिए निकली थी। दोपहर तक जब वह वापस नहीं पहुंची, तो परिवारजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की।

 

रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में की खोजबीन

युवती के घर न लौटने पर परिजनों ने डैहर बाजार, अलसू और आसपास के क्षेत्रों के साथ-साथ अपने तमाम रिश्तेदारों के यहां भी पूछताछ और तलाश की। हर जगह खोजबीन करने के बावजूद युवती के बारे में कोई सुराग या जानकारी हासिल नहीं हो सकी।

 

पिता ने जताया बहला-फुसलाकर ले जाने का शक

लापता युवती के पिता ने आशंका जताई है कि कोई अज्ञात युवक उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर और शादी करने की नीयत से अपने साथ ले गया है। पिता ने बेटी की सुरक्षा को लेकर गहरा संताप व चिंता व्यक्त की है और पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द उसकी तलाश कर सुरक्षित वापस लाने की गुहार लगाई है।

संबंधित समाचार

 

पुलिस ने शुरू की गहन जांच

मामले की पुष्टि करते हुए एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि पीड़ित पिता की शिकायत के आधार पर सुंदरनगर थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने युवती की तलाश के लिए क्षेत्र में नाकेबंदी, संभावित ठिकानों पर दबिश और जांच प्रक्रिया तेजी से शुरू कर दी है।

Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को  फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe  करें।