Himachal News: हिमाचल प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र नालागढ़ में पंजाब सीमा से सटे दयोली गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब एक मकान की दीवार के पास संदिग्ध ग्रेनेडनुमा वस्तु बरामद हुई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा का जिम्मा संभाला और एहतियात के तौर पर संदिग्ध वस्तु के आसपास 60 मीटर के दायरे को पूरी तरह सील कर दिया। आसपास के घरों में रह रहे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित कर दिया गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मंगलवार को शिमला से बम निरोधक दस्ता (Bomb Disposal Squad) मौके पर पहुंचा, लेकिन वस्तु की स्थिति को देखते हुए उसे सुरक्षित रूप से निष्क्रिय नहीं किया जा सका। अब पंजाब से सेना के बम निरोधक विशेषज्ञों की विशेष टीम को बुलाया गया है, जो बुधवार को इस संदिग्ध वस्तु को सुरक्षित तरीके से डिस्पोज करने की कार्रवाई करेगी। सुरक्षा के दृष्टिकोण से इलाके को छावनी में तब्दील कर पूरे क्षेत्र में आवाजाही पर रोक लगा दी गई है।

 

पुलिस ने 4 लोगों को लिया हिरासत में

प्रारंभिक जांच के अनुसार सोमवार रात दयोली गांव में दो पक्षों के बीच खूनी झड़प हुई थी, जिसमें मारपीट के बाद क्रॉस एफआईआर दर्ज की गई थी। इसके बाद मंगलवार सुबह एक पक्ष ने अपने मकान की दीवार के पास ग्रेनेड जैसी वस्तु पड़ी होने की शिकायत दी। एक पक्ष का आरोप है कि झगड़े के दौरान दूसरे पक्ष ने यह वस्तु उनकी ओर फेंकी थी। नालागढ़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में 4 लोगों को हिरासत में लिया है और गहन पूछताछ की जा रही है कि यह वस्तु कहां से आई।

संबंधित समाचार

 

SP बद्दी विनोद धीमान ने लिया जायजा

एसपी बद्दी विनोद धीमान ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक सेना के विशेषज्ञ जांच पूरी नहीं कर लेते, तब तक यह पुष्टि नहीं की जा सकती कि यह असल हैंड ग्रेनेड है या कोई अन्य विस्फोटक सामग्री। उन्होंने आम जनता से किसी भी प्रकार की अफवाह या अपुष्ट जानकारी सोशल मीडिया पर साझा न करने की अपील की है। फिलहाल संदिग्ध वस्तु में कोई विस्फोट नहीं हुआ है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।


Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को  फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe  करें।