Shimla News: रोहड़ू में चिट्टे के साथ नेपाली मूल का तस्कर गिरफ्तार, पहले भी दर्ज हैं NDPS के दो मामले; 4 दिन के रिमांड पर
Shimla News: हिमाचल प्रदेश में नशे के अवैध सौदागरों के खिलाफ शिमला पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में शिमला पुलिस के डिटेक्शन सेल उपमंडल रोहड़ू की टीम ने अंतरराज्यीय व सीमावर्ती क्षेत्रों में सतर्कता बरतते हुए हाटकोटी के समीप गलू क्षेत्र में एक शातिर नशा तस्कर को करीब 50 ग्राम चिट्टे (हेरोइन) की बड़ी खेप के साथ रंगे हाथों दबोचा है।
पकड़ा गया आरोपी आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मादक पदार्थों की तस्करी के गंभीर मामले दर्ज हो चुके हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत से चार दिन का पुलिस रिमांड हासिल कर लिया है।
ऐसे गिरफ्त में आया तस्कर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डिटेक्शन सेल उपमंडल रोहड़ू की विशेष पुलिस टीम हाटकोटी के पास गलू क्षेत्र में नियमित गश्त और निगरानी पर तैनात थी। इसी दौरान पुलिस ने संदिग्ध अवस्था में घूम रहे एक युवक को रोका और निष्पक्ष स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में नियमानुसार उसकी गहन तलाशी ली। तलाशी के दौरान युवक के पास से करीब 50 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। मादक पदार्थ को तुरंत जब्त करते हुए पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान 29 वर्षीय संजू राही उर्फ माधव, पुत्र प्रेम राय, निवासी नेपाल के रूप में हुई है।
वर्ष 2020 और 2025 में भी मादक पदार्थों के साथ पकड़ा जा चुका है आरोपी
पुलिस तफ्तीश में खुलासा हुआ है कि आरोपी संजू राही पेशेवर नशा तस्कर है और पहले भी पुलिस की गिरफ्त में आ चुका है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले से दो अलग-अलग मामले दर्ज हैं। वर्ष 2020 में पुलिस थाना जुब्बल में उसके कब्जे से 6.5 ग्राम चिट्टा बरामद होने पर मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद वर्ष 2025 में पुलिस थाना रोहड़ू में कोडीन फॉस्फेट और ट्रिप्रोलिडीन एचसीएल युक्त प्रतिबंधित कफ सिरप की 70 बोतलें बरामद होने पर उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 22 के तहत मामला दर्ज किया गया था। जमानत पर बाहर आने के बाद आरोपी ने दोबारा नशे का धंधा शुरू कर दिया।
अदालत ने भेजा चार दिन के पुलिस रिमांड पर
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी संजू राही को स्थानीय अदालत में पेश किया, जहां से उसे चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है कि वह 50 ग्राम जैसे भारी परिमाण में चिट्टे की खेप कहां से खरीदकर लाया था और रोहड़ू व जुब्बल क्षेत्र में किन स्थानीय तस्करों व युवाओं को इसकी आपूर्ति की जानी थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के आधार पर नशे के इस पूरे नेटवर्क से जुड़े सप्लायरों और खरीदारों की धरपकड़ की जाएगी।
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे फेसबुक पेज Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।
टिप्पणियाँ (0)