Himachal News: नूरपुर में नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे 'जीरो टॉलरेंस' अभियान के तहत सीआईए (CIA) टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। इंडोरा उपमंडल के तहत आने वाले डमटाल क्षेत्र में पुलिस ने एक शातिर और आदतन महिला नशा तस्कर को 34.5 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ रंगे हाथों दबोच लिया है। पकड़ी गई आरोपी महिला कोई साधारण तस्कर नहीं है, बल्कि पंजाब और हिमाचल के सीमावर्ती इलाकों में मादक पदार्थों का एक समानांतर और एक बड़ा अंतर्राज्यीय नेटवर्क चला रही थी।

हाईवे पर गश्त के दौरान यह हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी उस वक्त संभव हुई जब सीआईए नूरपुर की टीम नशा तस्करी पर नकेल कसने के लिए रणनीतिक नाकाबंदी पर थी। जालंधर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर डमटाल स्थित प्रसिद्ध हिल टॉप मंदिर के समीप पुलिस कर्मियों की पैनी नजर संदिग्ध परिस्थितियों में मंडरा रही इस महिला पर पड़ी। पुलिस टीम ने जब घेराबंदी कर शक के आधार पर उसे रोका और महिला कांस्टेबलों की मदद से तलाशी ली, तो उसके पास से 34.5 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ, जिसकी बाजार में कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।

 

आखिर कौन है ये शातिर महिला तस्कर

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धर्म चंद वर्मा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया है। पकड़ी गई महिला की पहचान सरबजीत कौर निवासी गली नंबर 3, मकान नंबर 112, कोट खालसा, अमृतसर (पंजाब) के रूप में हुई है।

 

10 साल की जेल काट चुकी है आरोपी, दर्ज हैं 8 गंभीर मुकदमे

पुलिस पड़ताल में सामने आया कि आरोपी सरबजीत कौर नशा तस्करी की काली दुनिया की पुरानी खिलाड़ी है और पहले भी एक बड़े मामले में दोषी करार देकर 10 साल के कठोर कारावास की सजा काट चुकी है। जेल से बाहर आने के बाद भी उसने नशीले पदार्थों का कारोबार बंद नहीं किया। उसके खिलाफ 2018 में गुरदासपुर में एक, 2019 में अमृतसर में दो और 2025 में पठानकोट में तीन मामलों सहित कुल 8 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

संबंधित समाचार

 

बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगालने में जुटी नूरपुर सीआईए टीम

हिस्ट्रीशीटर महिला तस्कर का सलाखों के पीछे पहुंचना नूरपुर पुलिस की बहुत बड़ी रणनीतिक कामयाबी माना जा रहा है। फिलहाल सीआईए की टीम आरोपी से कड़ी पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि चिट्टे की यह बड़ी खेप पंजाब में कहां से उठाई गई थी और हिमाचल के किन स्थानीय सप्लायरों तक पहुंचाई जानी थी। इस अंतर्राज्यीय नशा सिंडिकेट से जुड़े अन्य बड़े चेहरों का पर्दाफाश होने की पूरी संभावना है।


Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को  फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe  करें।