Himachal News: चंबा के कैथारी भूई में दर्दनाक हादसा, जंगल में घास काटते समय ढांक से गिरी 60 वर्षीय महिला, अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम
Himachal News: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले की ग्राम पंचायत रजेरा के कैथारी भूई गांव में एक दुखद दुर्घटना सामने आई है। जंगल में पशुओं के लिए घास काटते समय अचानक पैर फिसलने से 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला गहरी ढांक से नीचे जा गिरी। इस हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसकी अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई। घटना के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक महिला की पहचान बीना देवी पत्नी ज्ञान चंद के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार बीना देवी अपनी बहू के साथ गांव के समीप केमलहाड नाग जंगल में घास काटने के लिए गई हुई थीं। इसी दौरान ढलानदार पहाड़ी पर अचानक संतुलन बिगड़ने से वह सीधे गहरी खाई में जा गिरीं।
बहू ने दी सूचना, अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में तोड़ा दम
हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद बहू ने चीख-पुकार मचाकर परिजनों और ग्रामीणों को घटना की सूचना दी। जानकारी मिलते ही ग्रामीण और परिजन तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद गंभीर रूप से घायल बीना देवी को खाई से बाहर निकाला। परिजन उन्हें तत्काल इलाज के लिए पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल चंबा ले जा रहे थे, लेकिन अत्यधिक चोटें आने के कारण उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजन महिला के पार्थिव शरीर को वापस अपने घर ले आए। मृतका अपने पीछे दो बेटे और दो बेटियां छोड़ गई हैं, जो सभी शादीशुदा हैं।
पंचायत प्रधान ने पीड़ित परिवार के लिए की राहत राशि की मांग
ग्राम पंचायत रजेरा के प्रधान बलबीर सिंह ने जिला प्रशासन से प्रभावित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता और मुआवजा प्रदान करने की मांग की है। अचानक हुए इस हादसे से कैथारी भूई गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।
टिप्पणियाँ (0)